राजग जेपीसी की मांग पर दृढ़

राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) ने एक बार फिर 2-जी स्पैक्ट्रम मामले की जाँच के लिए संयुक्त संसदीय समिति (जेपीसी) की मांग को लेकर अपनी प्रतिबद्धता जताई है.
नए साल में अपनी रणनीति को लेकर बुलाई गई बैठक में राजग नेताओं ने कहा कि वे अपनी मांग पर अड़े हुए हैं.
पिछले दिनों इस मांग को लेकर संसद की कार्यवाही नहीं चल पाई थी.
शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के घर हुई राजग की बैठक के बाद संयोजक शरद यादव ने पत्रकारों से बातचीत की.
मुद्दा
उन्होंने बैठक के बारे में कहा, "लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार ने पिछले दिनों विपक्षी नेताओं से अलग-अलग मुलाक़ात की थी. इसी मामले पर हमने बैठक बुलाई थी."
उन्होंने कहा कि संसद का बजट सत्र होना चाहिए क्योंकि राजग भ्रष्टाचार और महंगाई जैसे अहम मुद्दों को उठाना चाहती है.
शरद यादव ने बताया कि मीरा कुमार के साथ लालकृष्ण आडवाणी और लोकसभा में विपक्ष की नेता सुषमा स्वराज के साथ हुई बैठक में ये बात कह दी गई थी कि अगर सरकार संसद को ठीक तरह से चलाना चाहती है, तो उसे जेपीसी की मांग स्वीकार करनी पड़ेगी.
उन्होंने कहा कि मीरा कुमार के साथ अलग-अलग नेताओं की बैठक में जेपीसी की मांग दोहराई गई.
































