श्रीनगर में झंडा न फहराने की अपील

श्रीनगर में विरोध की आशंका
इमेज कैप्शन, भाजपा के श्रीनगर में झंडा फहराने के कार्यक्रम पर जडयु की चिंता

भारतीय जनता पार्टी के एक प्रमुख गठबंधन साथी जनता दल (यू) ने श्रीनगर के लाल चौक पर गणतंत्र दिवस पर झंडा फहराने के उसके कार्यक्रम की आलोचना की है.

पार्टी अध्यक्ष शरद यादव ने भाजपा से अपील की कि वो अपना कार्यक्रम स्थगित कर दे ताकि वहाँ शांति क़ायम रहे.

उन्होंने कहा, "मैं अपील करता हूँ कि भाजपा लाल चौक पर ध्वजारोहण का अपना कार्यक्रम स्थगित कर दे. ये दोनों देश और कश्मीर के हित में होगा. अभी घाटी में शांति है जो लोगों की कोशिशों से स्थापित हुई हैं. अब ऐसे क़दम उठाए जाने चाहिए जो शांति को मज़बूत करे न कि ख़तरे में डाले."

शरद यादव का ये बयान जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की उस तीखी प्रतिक्रिया के बाद आया है जिसमें उन्होंने कहा था कि भाजपा घाटी में फिर आग भड़काना चाहती है.

चेतावनी

उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर झंडा फहराने से वहाँ हिंसा भड़कती है तो इसके लिए भाजपा ज़िम्मेदार होगी.

भाजपा ने घोषणा की थी कि उसका युवा मोर्चा कोलकाता से श्रीनगर तक राष्ट्रीय एकता यात्रा निकालेगा और गणतंत्र दिवस को श्रीनगर के लाल चौक में झंडा फहरा कर राष्ट्रीय एकता और संप्रभुता स्थापित करेगा.

भाजपा ने उमर अब्दुल्ला के बयान की कड़ी आलोचना की थी और कहा था कि उन्हें किसी के प्रमाणपत्र की ज़रूरत नहीं.

इस बीच भाजपा के पूर्व अध्यक्ष राजनाथ सिंह ने राष्ट्रपति को एक पत्र लिख कर कहा है कि देश के हर नागरिक का अधिकार है कि वो कहीं भी तिरंगा फहरा सके.

उन्होंने कहा कि कुछ लोग और राजनीतिक दल, यहाँ तक कि वहाँ की सरकार नागरिकों के अधिकारों की रक्षा करने के बदले इस काम में अड़चन पैदा कर रहीं है.