यूपीए भ्रष्टाचार का साम्राज्य:गडकरी

भाजापा
इमेज कैप्शन, भाजपा की दो दिन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक असम में हो रही है
    • Author, शालू यादव
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, दिल्ली

भारतीय जनता पार्टी ने अपनी दो दिन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक के पहले दिन भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए कांग्रेस नेतृत्व वाली यूपीए सरकार पर हमला बोला. भाजापा ने भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए इसके ख़िलाफ़ मुहिम तेज़ करने की ऐलान किया है.

भाजपा 2 जी स्प्रेक्ट्रम, आदर्श सोसाइटी, राष्ट्रमंडल खेल और बोफ़ोर्स मामलें में हुए घोटालों पर एक विशेष प्रस्ताव पारित करने की योजना भी बना रही है.

भाजपा के अध्यक्ष नितिन गडकरी ने यूपीए सरकार को 'भ्रष्टाचार का साम्राज्य' बताते हुए कहा कि कहा कि सोनिया गांधी को नैतिक उपदेश देने के बजाय भ्रष्ट नेताओं को जेल भिजवाना चाहिए.

नितिन गडकरी का कहना था, ''कांग्रेस के शासन में लूट मची है. प्रधानमंत्री संयुक्त संसदीय समिति की जांच से आख़िर क्यों घबरा रहे हैं. 2जी पर सीएजी की रिपोर्ट या बोफोर्स पर आयकर अदालत का फ़ैसला झूठा नहीं है.''

कांग्रेस के राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ पर लगाए जा रहे आरोपों की कड़ी निंदा करते हुए भाजपा अध्यक्ष गडकरी ने कहा कि कांग्रेस वोट बैंक की राजनीति कर रही है.

हौंसले बुलंद

भाजपा के प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद का कहना था कि पिछले साल बिहार चुनाव में भाजपा के अच्छे प्रदर्शन के बाद पार्टी का हौसले बुलंद हैं.

रविशंकर प्रसाद ने कहा, ''बिहार में मिली जीत से देश में एक उत्साह का वातावरण बना है. आज जो देश में परिस्थिति है, उससे ये आश्वासन मिला है कि 2014 में एनडीए की सरकार भाजपा के नेतृत्व में सत्ता में आएगी.''

बिहार में विकास के मुद्दे पर भाजपा को बहुमत मिला, लेकिन आने वाले विधानसभा और लोकसभा चुनावों में भाजपा ने तय किया है कि वो भ्रष्टाचार के मुद्दे को लोगों के ज़हन में बनाए रखने की पुरज़ोर कोशिश करेगी.

भाजापा
इमेज कैप्शन, भाजापा ने कार्यकारिणी की बैठक में मंदिर का राग अलापा

इस साल पाँच राज्यों में विधानसभा चुनाव होने है. भाजपा ने पूर्वोत्तर राज्यों में हो रहे भ्रष्टाचार को रेखांकित करते हुए कहा कि वे अगामी विधानसभा चुनाव में इसे बड़ा मुद्दा बनाएगी और सरकार को घेरेगी.

सीबीआई का दुरूपयोग

उन्होंने कहा, '' सीबीआई का दुरुपयोग किया जा रहा है. सीबीआई को कांग्रेस ब्यूरो ऑफ इन्वेस्टिगेशन का नाम देना चाहिए. हिंदू आतंकवाद को रेखांकित कर कांग्रेस देश के वर्तमान एजेंडें को बदलने की कोशिश कर रही है. लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि हम भ्रष्टाचार के मुद्दे से अपना ध्यान हटाकर हिंदू चरमपंथ पर फोकस करेंगें.''

इसके अलावा भाजपा अध्यक्ष नितिन गडकरी ने अपने वक्तव्य में अयोध्या में राम मंदिर बनाए जाने की मांग की है.

उनका कहना था कि वे मुसलमान समुदाय से अपील करेंगें कि वे राम जन्म भूमि पर मंदिर बनाए जाने पर उनका समर्थन करें.

असम में इस साल मार्च महीने में विधानसभा चुनाव होने हैं.

पार्टी ने अपनी रणनीति तैयार करते हुए एक प्रस्ताव जारी किया.

इस प्रस्ताव में भाजापा ने बांग्लादेश की ओर से हो रहे घुसपैठ और उत्तर पूर्व में हो रहे घोटालों से लड़ने की बात कही है.

रणनीति

भाजपा प्रवक्ता राजीव प्रताप रुडी का कहना था कि भाजपा असम का विकास चाहती है और उन्हें असम में हो रहे चुनाव से ख़ासी उम्मीदें हैं.

भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी ने असम और मणिपुर सरकार पर घोटालों के आरोप लगाते हुए एक पत्र जारी किया है जिसका शीर्षक है 'लूट'

असम में कांग्रेस नेतृत्व वाली सरकार पर भी घोटालों के आरोप लगते आ रहे हैं.

भाजपा ने अपनी रणनीति के तहत भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ अपनी मुहिम तेज़ की हुई है और इसे जनता के सामने एक बड़े मुद्दे की तरह पेश करना चाहती है.

लेकिन अब देखना होगा कि अगामी चुनावों में उसे इसका कितना फ़ायदा मिल पाता है.