पहले दौर में 70 फ़ीसदी मतदान

इमेज स्रोत, BBC World Service
पश्चिम बंगाल में पहले दौर के चुनाव में लगभग 70 प्रतिशत मतदान हुआ है. पहले दौर में सोमवार को विधानसभा की कुल 294 सीटों में से 54 सीटों के लिए मतदान हुआ.
ख़बरों के अनुसार जलपाईगुड़ी ज़िले में सबसे अधिक मतदान हुआ है.
अतिरिक्त मुख्य चुनाव आयुक्त एनके सहाना ने समाचार एजेंसी पीटीआई को बताया कि हरिरामपुर विधानसभा के एक बूथ से बाहर निकलते हुए प्रेसाइडिंग अधिकारी ने फोन पर मंत्री नारायण विश्वास से बात की और इस बारे में शिकायत आते ही अधिकारी को हटा दिया गया है.
माओवादी हिंसा से प्रभावित राज्य में सत्तारूढ़ दल और प्रमुख विपक्षी दल के बीच हिंसक झड़पें होती रही हैं और इसकी वजह से चुनाव आयोग ने मतदान छह चरणों में करवाने का निर्णय लिया है.
मुक़ाबला
चुनाव में मुख्य मुक़ाबला मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (सीपीएम) के नेतृत्व वाले वाममोर्चे और तृणमूल कांग्रेस और कांग्रेस गठबंधन के बीच है.

इमेज स्रोत, BBC World Service
वहाँ वाममोर्चा पिछले तीन दशक से भी ज़्यादा समय से सत्तारूढ़ है. लेकिन इस बार कहा जा रहा है कि चुनावी बयार वाममोर्चे के ख़िलाफ़ और ममता बैनर्जी के पक्ष में बहती दिख रही है.
वैसे पहले चरण की इन 54 सीटों पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने 49 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं.
इस चरण में कुल 364 उम्मीदवारों का फ़ैसला होना है जिसमें दस मंत्री भी हैं.
छह ज़िलों में 12,133 मतदान केंद्रों की स्थापना की गई है.
जिन छह ज़िलों में चुनाव होना है उनमें कूच बिहार, जलपाईगुड़ी, दार्जिलिंग, नॉर्थ दीनापुर, साउथ दीनापुर और मालदा.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने सुनील कुमार गुप्ता के हवाले से कहा है कि सुरक्षा के कड़े इंतज़ाम किए गए हैं.
उन्होंने बताया कि केंद्रीय और दूसरे सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है.
राज्य की सीमा और अंतरराष्ट्रीय सीमा को सील कर दिया गया है.
दूसरे चरण का चुनाव 23 अप्रैल को होना है.
































