आठ दिन की पुलिस हिरासत में कलमाडी

सुरेश कलमाडी

इमेज स्रोत, Reuters

इमेज कैप्शन, कलमाडी पर अदालत परिसर में चप्पल फेंकी गई

सीबीआई की विशेष अदालत ने भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष और दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों की आयोजन समिति के पूर्व चेयरमैन सुरेश कलमाडी को आठ दिनों की सीबीआई हिरासत में भेज दिया है.

एक दिन पहले सीबीआई ने कलमाडी को दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में वित्तीय अनियमितता के आरोप में गिरफ़्तार किया था.

अदालत परिसर में जाते समय कलमाडी पर चप्पल फेंकी गई है.

ये घटना उस समय हुई जब उन्हें सीबीआई की विशेष अदालत ले जाया जा रहा था.

पुलिस के सुरक्षा घेरे में मौजूद सुरेश कलमाडी पर दिल्ली की पटियाला हाउस अदालत परिसर में चप्पल फेंकी गई.

लेकिन चप्पल उन्हें लगी नहीं. पुलिस ने कलमाडी पर चप्पल फेंकने वाले को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ जारी है.

आरोप

सोमवार को सीबीआई ने कलमाडी को गिरफ़्तार किया था. उन पर दिल्ली राष्ट्रमंडल खेलों में वित्तीय अनियमितता का आरोप है.

कलमाडी पर कथित तौर पर चप्पल फेंकने वाला

इमेज स्रोत, AFP

इमेज कैप्शन, कलमाडी पर कथित तौर पर चप्पल फेंकने वाले को पुलिस ने हिरासत में लिया

कई बार सीबीआई ने उनसे पूछताछ की और फिर सोमवार को उन्हें गिरफ़्तार किया. आयोजन समिति के कई पूर्व अधिकारी इस समय जेल में हैं. इनमें ललित भनोट भी शामिल हैं.

कलमाडी को गिरफ़्तार किए जाने के बाद कांग्रेस ने भी उन्हें पार्टी से निलंबित कर दिया है.

साथ ही खेल मंत्री ललित माकन ने कहा है कि उन्हें भारतीय ओलंपिक एसोसिएशन के अध्यक्ष पद से हटाने के मामले में भी वे क़ानूनी सलाह-मशविरा कर रहे हैं.