सैनिक ने चार साथियों को मारा

इमेज स्रोत, BBC World Service

एक सैन्य प्रवक्ता के अनुसार भारत प्रशासित कश्मीर में तैनात एक भारतीय सैनिक ने अपने चार साथियों की गोली मारकर हत्या कर दी है.

प्रवक्ता ने कहा कि 42वें राष्ट्रीय राइफ़ल के बिजबेहारा कैंप में गोली चलाने वाले जवान को तुरंत गिरफ़्तार कर लिया गया है. सेना के प्रवक्ता ने इस जवान का नाम बताने से इंकार कर दिया है.

अब इस बात की जांच शुरू हो गई है कि क्या ये सैनिक किसी तरह के तनाव में था.

गुरुवार सुबह हुई घटना में मारे गए चार सैनिकों में से एक जूनियर कमिशंड अधिकारी अधिकारी भी था.

एक रिपोर्ट के अनुसार गोली चलाने से पहले सैनिक की अपने साथियों के साथ किसी बात को लकेर बहस हुई थी.

कश्मीर में तैनात कई भारतीय सैनिक और पुलिसकर्मी इस तरह की घटनाओं में मारे जा चुके हैं.

भारत के सशस्त्र बलों में वर्ष 2001 के बाद से क़रीब 70 सैनिक अपने ही साथियों के हाथों मारे जा चुके हैं.

कश्मीर जैसे मुश्किल हालात में तैनात सुरक्षाबलों के कई सदस्यों को लंबे समय तक छुट्टी नहीं दी जाती है.

हालांकि भारत ने कभी भी कश्मीर में अपने सुरक्षा बलों की संख्या का आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है लेकिन अनुमान है कि वहां तीन से पांच लाख तक भारतीय सैनिक और पुलिसकर्मी मौजूद हैं