दाऊद के भाई पर मुंबई में हमला

दाऊद इब्राहीम के छोटे भाई इक़बाल कास्कर पर दक्षिणी मुंबई में उनके निवास स्थान के निकट हमला हुआ है जिसमें वह बाल बाल बच गए हैं.
लेकिन इस हमले में उनके ड्राइवर और अंगरक्षक आरिफ़ बाएल की मौत हो गई है.
हमला रात करीब 9 बज कर 15 मिनट पर हुआ जब कास्कर खाना खाने के बाद अपने पकमोडिया स्ट्रीट स्थित मकान के बाहर टहल रहे थे.
मोटरसाइकिल पर सवार दो लोगों ने कास्कर पर गोली चलाई.कास्कर ने तेज़ी से झुक कर सड़क पर खड़ी एक कार की आड़ लेते हुए अपनेआप को बचाया.
लेकिन उनका अंगरक्षक अपने आप को बचा नहीं पाया और उसको बहुत क़रीब से तीन गोलियाँ सीने,पेट और माथे में लगीं.
उसको तुरंत जेजे अस्पताल पहुँचाया गया,लेकिन वहाँ पर उनको मृत घोषित किया गया.
मौक़े पर मौजूद लोगों ने हमलावरों का पीछा किया.जब मोटरसाइकिल सवार ने तेज़ी से भीड़ भरे इलाके से भागने की कोशिश की तो पिछली सीट पर बैठा उसका साथी नीचे गिर गया.
उसको पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया गया है.
कास्कर पिछले एक साल से मुंबई पुलिस से सुरक्षा की माँग कर रहे थे.
उन्हें 2003 में संयुक्त अरब अमीरात से प्रत्यर्पित किया गया था.मकोका की अदालत ने 2007 में उन्हें विवादास्पद सारा सहारा शॉपिंग कॉम्पलेक्स मामले में सबूतों के अभाव में बरी कर दिया था.
































