अंतिम चरण में 83 प्रतिशत वोट

इमेज स्रोत, BBC World Service
पश्चिम बंगाल के माओवादी हिंसा से प्रभावित इलाक़ों में छठवें और अंतिम चरण का मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया.
कड़ी सुरक्षा के बीच इस चरण में तीन ज़िलों की 14 सीटों पर 83.48 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मत का प्रयोग किया.
चुनाव आयोग का कहना है कि हालांकि कुल मतदान का प्रतिशत 83.48 प्रतिशत रहा लेकिन पश्चिम मिदनापुर ज़िले में 85.31 प्रतिशत, पुरुलिया में 76.80 और बांकुरा में 84.50 प्रतिशत मतदाताओं ने मतदान किया.
माओवादी इलाक़ों में मतदान होने की वजह से आज मतदान दोपहर बाद तीन बजे ही समाप्त हो गया.
कड़ी सुरक्षा
इस चरण के लिए कड़ी सुरक्षा का इंतज़ाम किया गया था.
हेलीकॉप्टर निगरानी रखे हुए थे वहीं केंद्रीय सुरक्षा बलों की 614 कंपनियाँ तैनात की गईं थीं. इन्हीं तीन ज़िलों में सुरक्षा बलों की 41 कंपनियाँ पहले से ही स्थाई रूप से तैनात हैं.
इन ज़िलों में चुनाव के दौरान सुरक्षा बलों को विशेष पहचान पत्र दिए गए थे और हथियारबंद सुरक्षाकर्मियों के लिए एक विशेष होलोग्राम बनवाया गया था जिससे कि माओवादी सुरक्षा बलों के भेष में यहाँ न आ जाएँ.
सुरक्षाकर्मी सभी 14 विधानसभा क्षेत्रों में पैदल, मोटरसाइकिलों पर और जीपों पर गश्त भी लगाते रहे.
समाचार एजेंसी पीटीआई के अनुसार उड़ीसा की सीमा से लगे केरिया में एक विस्फोट की आवाज़ सुनाई पड़ी थी लेकिन पुलिस का कहना है कि वह नहर बनाने के लिए डायनामाइट से किया गया विस्फोट था.
इससे पहले पाँच चरणों में भी भारी मतदान हुआ था.
































