नक्सली विस्फोट में सात जवानों की मौत

- Author, सलमान रावी
- पदनाम, बीबीसी संवाददाता, रायपुर
छत्तीसगढ़ के बस्तर इलाक़े में संवेदनशील दंतेवाड़ा ज़िले के सुकमा के पास मंगलवार की देर रात माओवादियों ने बारूदी सुरंग का ज़ोरदार विस्फोट किया है जिसमे केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल के कम से कम सात जवानों के मारे जाने की खबरें हैं.
बस्तर संभाग के आईजी टीजे लोंगकुमेर ने घटना की पुष्टि की है.
दंतेवाड़ा से अब तक मिली ख़बरों में कहा गया है कि केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (सीआरपीएफ़) के एक काफ़िले पर ये हमला हुआ.
सीआरपीएफ़ के दूसरी बटालियन के जवानों का एक काफ़िला केरलापाल से सुकमा की तरफ जा रहा था तभी बोरगुडा के पास बीच सड़क पर बिछाई गई एक बारूदी सुरंग में ज़ोरदार विस्फोट हुआ.
इससे पहले दिन में बस्तर संभाग के कांकेर इलाक़े में माओवादी छापामारों नें सड़क के निर्माण में लगे तीन वाहनों को आग के हवाले कर दिया था.
विस्फोट
घटना रात नौ बजे के आसपास की है. कहा जा रहा है कि काफ़िले में कई गाड़ियाँ थीं मगर आख़िरी गाड़ी विस्फोट की चपेट में आ गई.
सूचना के अनुसार इस वाहन में सवार पांच जवान मारे गए हैं. दो जवानों के शव को सुकमा लाया था.
इन घायल जवानों को सुकमा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया था.
पुलिस सूत्रों का कहना है कि दो घायल जवानों को जगदलपुर ले जाया जा रहा है.
अमूमन सुरक्षा बल रात में इस इलाके में गश्त नहीं करते मगर यह पता नहीं चल पा रहा है कि रात को ये काफ़िला कहाँ और क्यों जा रहा था.
यह भी पता चल रहा है कि काफ़िले में केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल के कई वरिष्ठ अधिकारी भी थे.
































