चरमपंथी हमलों में 20 की मौत

इमेज स्रोत, BBC World Service
दक्षिणी अफ़ग़ानिस्तान में हुए चरमपंथी हमलों में कम से कम 20 लोगों की मौत हो गई है. उरुज़गान प्रांत की राजधानी तारिन कोट में चरमपंथियों ने तीन आत्मघाती हमले किए.
एक धमाका तो प्रांतीय गवर्नर के कार्यालय के बाहर हुआ. एक अन्य धमाका सिक्यूरिटी कंपनी के परिसर में हुआ. ये सिक्यूरिटी कंपनी एक शक्तिशाली स्थानीय कमांडर चलाते हैं.
इन धमाकों के बाद शहर के मुख्य बाज़ार में सुरक्षाबलों और चरमपंथियों के बीच भारी गोलीबारी भी हुई.
गोलीबारी में बीबीसी के एक रिपोर्टर अहमद ओमिद ख़पेलवाक की भी मौत हो गई.
पुष्टि
तालिबान ने इस हमलों की ज़िम्मेदारी ली है. लेकिन अभी तक इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है.
प्रांतीय स्वास्थ्य निदेशक ख़ान आग़ा मियाँख़ैल ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया कि अभी तक 17 लोगों के शव बरामद हो चुके हैं.
37 घायलों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है.
अफ़ग़ानिस्तान के ख़ुफ़िया अधिकारियों ने बीबीसी को बताया है कि गवर्नर के कार्यालय के बाहर धमाकों से हमले शुरू हुए.
बीबीसी रिपोर्टर की मौत

इमेज स्रोत, BBC World Service
उरुज़गान प्रांत में हुई गोलीबारी में बीबीसी के रिपोर्टर अहमद ओमिद ख़पेलवाक की भी मौत हो गई. वे 25 वर्ष के थे. वे पिछले तीन वर्षों से बीबीसी पश्तो सेवा के लिए रिपोर्टें भेजते थे.
इसके अलावा वे पझवोक समाचार एजेंसी और एक स्थानीय टीवी और रेडियो के लिए भी काम करते थे.
बीबीसी ने कहा है कि ख़पेलवाक की कमी महसूस की जाएगी.
बीबीसी ग्लोबल न्यूज़ के निदेशक पीटर होरोक्स ने कहा है कि बीबीसी और पूरी दुनिया अहमद ओमिद जैसे रिपोर्टरों की आभारी है, जो ऐसे ख़तरनाक जगहों से रिपोर्ट भेजते हुए अपनी ज़िंदगी जोख़िम में डालते हैं.
































