अपनी शिकायत उचित दफ़्तर के समक्ष रखें: मनमोहन

मनमोहन सिंह - अन्ना हजा़रे (फ़ाइल फ़ोटो)

इमेज स्रोत, BBC World Service

भारत के प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह ने सामाजिक कार्यकर्ता के पत्र और 16 अगस्त से उनके प्रस्तावित अनशन के बारे में दिल्ली पुलिस की शर्तों पर उन्हें लिखा है कि इन फ़ैसलों का उनका दफ़्तर से संबंध नहीं है और वे उचित अधिकारियों के पास शिकायत दर्ज कराएँ.

अन्ना हज़ारे और उनके सहयोगी भ्रष्टाचार और लोकपाल विधेयक के मुद्दे पर दिल्ली के जयप्रकाश नारायण पार्क में 16 अगस्त से अनशन का कार्यक्रम आयोजित कर रहे हैं.

लेकिन इससे पहले अन्ना हज़ारे ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर कहा था कि उन्हें दिल्ली पुलिस की शर्तें मंज़ूर नहीं हैं.

<link type="page"><caption> पुलिस की शर्तें अन्ना को मंज़ूर नहीं</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/india/2011/08/110813_anna_police_conditions_vv.shtml" platform="highweb"/></link>

उनका कहना था कि अनशन को तीन दिनों और पाँच हज़ार लोगों तक सीमित रख पाना संभव नहीं है.

अन्ना हज़ारे ने अनशन के लिए शर्तें रखे जाने के संबंध में सरकार पर धोखेबाज़ी का आरोप लगाया है और उन्होंने प्रधानमंत्री को लिखा कि उन्हें 'हिम्मत' दिखानी चाहिए.

'संविधान का पालन करने के बारे में प्रतिबद्ध'

शनिवार देर रात दिए गए प्रधानमत्री के जवाब में कहा गया - "मेरा दफ़्तर ये फ़ैसले लेने की प्रक्रिया में दख़ल नहीं देता. संबंधित अधिकारी उन शर्तों और परिस्थितियों पर फ़ैसला करते हैं जिनके तहत आप विरोध प्रदर्शन कर सकते हैं. ये फ़ैसला लेते समय वे वर्तमान परिस्थितियों और अन्य पहलुओं को ध्यान में रखते हैं."

<link type="page"><caption> अन्ना की चिट्ठी: लोकतंत्र की हत्या का आरोप</caption><url href="http://www.bbc.co.uk/hindi/india/2011/08/110813_anna_letter_vk.shtml" platform="highweb"/></link>

मनमोहन सिंह ने अन्ना हज़ारे को दिए गए जवाब में आगे लिखा है - "मेरा आपसे अनुरोध है कि आप अपनी शिकायत उचित अधिकारियों के पास दर्ज कराएँ. हम सभी भारत के संविधान का पालन करने के बारे में प्रतिबद्ध हैं."

अन्ना हज़ारे और उनके सहयोगियों की मांग है कि लोकपाल विधेयक में प्रधानमंत्री और न्यायपालिका को शामिल किया जाए और इसे और सख़्त बनाया जाए.

जब सरकार के मसौदे असंतुष्ट अन्ना हज़ारे और उनके सहयोगियों ने अनशन की बात कही थी तो पहले तो दिल्ली पुलिस ने अन्ना हज़ारे की टीम को दिल्ली में ऐसा करने की अनुमति नहीं दी थी लेकिन फिर जब जयप्रकाश पार्क में ऐसा करने देने की इजाज़त दी गई थी.

इसी के साथ दिल्ली पुलिस ने अन्ना की टीम के सामने 22 शर्तें भी रख दी थीं जिन पर अन्ना हज़ारे को आपत्ति है.