प्रणब ने उठाए चिदंबरम पर सवाल

इमेज स्रोत, AFP
वित्त मंत्री प्रणब मुखर्जी ने इस साल मार्च में 2-जी स्पैक्ट्रम आबंटन के मामले में गृह मंत्री पी चिदंबरम की भूमिका पर सवाल उठाए थे.
वित्त मंत्रालय की ओर से प्रधानमंत्री कार्यालय को भेजा गया एक दस्तावेज़ जनता पार्टी अध्यक्ष सुब्रह्मण्यम स्वामी ने सुप्रीम कोर्ट में पेश किया है. ये दस्तावेज़ इस साल मार्च का है.
इस दस्तावेज़ में वित्त मंत्रालय ने कहा है कि अगर पी चिदंबरम ने ज़ोर दिया होता, तो 2-जी स्पैक्ट्रम को सस्ते दामों पर पहले आओ और पहले पाओ के आधार पर बेचा नहीं गया होता, बल्कि उसकी बोली लगाई गई होती.
याचिका

इमेज स्रोत, AP
पी चिदंबरम वर्ष 2008 में वित्त मंत्री थे, जो 2-जी स्पैक्ट्रम का आबंटन किया गया था.
वित्त मंत्रालय के पत्र में ये भी कहा गया है कि पी चिदंबरम उस समय दूरसंचार मंत्री रहे ए राजा को किनारे करते हुए प्रक्रिया में पारदर्शिता ला सकते थे.
ये दस्तावेज़ सुब्रह्मण्यम स्वामी ने सुप्रीम कोर्ट में पेश किया है. उन्होंने पी चिदंबरम के ख़िलाफ़ जाँच करने की मांग करते हुए एक याचिका सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की है, जिस पर सुनवाई चल रही है.
इस दस्तावेज़ के सामने आने के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने गृह मंत्री पी चिदंबरम के त्यागपत्र की मांग की है और कहा है कि सीबीआई को चिदंबरम के ख़िलाफ़ भी जाँच करनी चाहिए.
भाजपा प्रवक्ता रविशंकर प्रसाद ने इस मामले में चिदंबरम की ओर से स्पष्टीकरण की मांग की है.
































