हिसार उपचुनाव में कुलदीप बिश्नोई की विजय

इमेज स्रोत, BBC World Service
हरियाणा के हिसार लोकसभा उपचुनाव में पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के पुत्र कुलदीप बिश्नोई जीत गए हैं.
कुलदीप बिश्नोई ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भारतीय राष्ट्रीय लोकदल के अजय सिंह चौटाला को 6323 मतों से मात दी.
कांग्रेस के उम्मीदवार जयप्रकाश तीसरे नंबर पर रहे.
आधिकारिक आँकड़ों के मुताबिक़ कुलदीप बिश्नोई को 3,55,941 वोट मिले, तो अजय सिंह चौटाला को 3,49, 618 मत मिले. कांग्रेस के जयप्रकाश को 1,49,785 मत ही मिल पाए.
सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हज़ारे के दल की सक्रियता की वजह से प्रतिष्ठित हो गए इस चुनाव पर देश भर की निगाहें लगी हैं.
अन्ना हज़ारे का समर्थन
जनलोकपाल विधेयक के समर्थन में अन्ना हज़ारे के 'भ्रष्टाचार विरोधी आंदोलन' के बाद ये पहला चुनाव है.
कांग्रेस के जय प्रकाश, भारतीय जनता पार्टी के समर्थन से हरियाणा जनहित कांग्रेस के उम्मीदवार कुलदीप बिश्नोई और भारतीय राष्ट्रीय लोकदल के अजय चौटाला सहित कुल 40 प्रत्याशी मैदान में थे.
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भजन लाल के निधन से यह सीट ख़ाली हुई थी.
अन्ना हज़ारे ने कहा था कि जब तक कांग्रेस संसद के शीतकालीन सत्र में प्रभावी लोकपाल विधेयक बनाने के लिए राज़ी नहीं होती तब तक हर चुनाव में कांग्रेस प्रत्याशियों का विरोध किया जाएगा.
इसी वजह से हिसार में अन्ना हज़ारे के दल ने कांग्रेस प्रत्याशी के विरुद्ध प्रचार किया था. इस तरह से ये अन्ना और कांग्रेस के लिए ख़ासतौर पर प्रतिष्ठा का चुनाव हो गया था.
लेकिन कांग्रेस पिछले चुनाव में भी इस सीट पर तीसरे स्थान पर थी.
अन्य नतीजे
बिहार के दरौंदा विधानसभा उपचुनाव में जनता दल (यू) को जीत हासिल हुई है. ये सीट जगमातो देवी के निधन के कारण ख़ाली हुई थी.
इस सीट से उम्मीदवार कविता सिंह ने अपने निकटदम प्रतिद्वंद्वी राष्ट्रीय जनता दल के परमेश्वर सिंह को 20 हज़ार से भी ज़्यादा मतों से हराया.
दूसरी ओर बाँसवाड़ा विधानसभा उप चुनाव में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) के श्रीनिवास रेड्डी ने जीत हासिल की.
महाराष्ट्र के खड़कवासला विधानसभा उप चुनाव में सत्ताधारी कांग्रेस-एनसीपी को तगड़ा झटका लगा है.
इस सीट पर शिवसेना-भाजपा ने जीत हासिल की है. यहाँ भाजपा के भीमराव टापकिर विजयी हुए हैं.
































