बुरे फँसे अरविंद केजरीवाल

इमेज स्रोत, BBC World Service
टीम अन्ना के प्रमुख सदस्य अरविंद केजरीवाल एक बार फिर विवादों में घिरे और इस बार अपने मताधिकार को लेकर.
सुबह-सुबह जब अरविंद केजरीवाल बिना मतदान किए दिल्ली हवाई अड्डे की ओर रवाना हो गए, तो उनकी काफ़ी आलोचना हुई.
केजरीवाल को गोवा जाना था, जहाँ टीम अन्ना के पहले से तय कार्यक्रम में उन्हें हिस्सा लेना था.
अरविंद केजरीवाल को ग़ाज़ियाबाद ज़िले के इंदिरापुरम इलाक़े के एक मतदान केंद्र पर मतदान करना था.
नारेबाज़ी
विरोध के बाद केजरीवाल हवाई अड्डे से लौट आए.
अरविंद केजरीवाल लौटे और मतदान केंद्र भी गए. लेकिन जब वे वहाँ पहुँचे, तो उन्हें पता चला कि वोटर लिस्ट में उनका नाम ही नहीं है.
वहाँ मौजूद पत्रकारों के साथ बातचीत में अरविंद केजरीवाल ने कहा, "मेरे पास फोटो पहचान पत्र है और पहले मेरा नाम वोटर लिस्ट में भी था. मैं इसलिए गोवा के लिए रवाना हो गया था, क्योंकि वहाँ टीम अन्ना का कार्यक्रम बहुत पहले से ही तय था और हमें अंदाज़ा नहीं था कि मतदान की तिथि और हमारा कार्यक्रम एक ही दिन पड़ेगा."
मीडिया के लोगों की भारी मौजूदगी के कारण मतदाताओं ने असुविधा की शिकायत की और नारे भी लगाए.
































