लोकपाल लाओ नहीं तो जाओ-अन्ना

सामाजिक कार्यकर्ता अन्ना हजारे ने कहा है कि सरकार साल 2014 तक लोकपाल बिल पारित करे. उन्होंने कहा कि उनका नारा है, लोकपाल लाओ नही तो जाओ.
दिल्ली के जंतर मंतर पर एक दिन के अनशन के दौरान उन्होंने कहा कि वे रामदेव के साथ मिल कर आंदोलन करेंगे.
टीम अन्ना के साथ उन लोगों के परिवार वाले भी मौजूद थे जो भ्रष्टाचार उजागर करने की कोशिश में अपनी जान गंवा बैठे थे.
मंच पर अन्ना के सहयोगी किरण बेदी, अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसौदिया और जस्टिस संतोष हेगड़े समेत कई लोग मौजूद थे.
जंतर-मंतर पर बड़ी संख्या में अन्ना समर्थक जुटे. इससे पहले पिछले साल अगस्त माह में भी यहीं पर अन्ना ने 12 दिन का अनशन किया था.
पान सिंह तोमर
अपने भाषण में अरविंद केजरीवाल ने नेताओं पर तीखे हमले किए. मंच पर लगी स्क्रीन पर संसद में शरद यादव के भाषण के वह अंश दिखाए गए जिसमें दिखाया गया कि कैसे यादव ने प्रस्तावित लोकपाल बिल का विरोध किया था.
केजरीवाल ने हाल की फिल्म 'पान सिंह तोमर' के उस डायलोग को दोहराया कि बीहड़ में बागी रहते हैं, डाकू तो संसद में रहते हैं.
उन्होंने कहा, ''यह फिल्म मैंने तीन बार देखी है. हर बार इस डायलोग पर हॉल में तालियां बज रही थी.''
उन्होंने कहा कि कर्नाटक विधानसभा में विधायक बैठकर ब्लू फिल्म देखते हैं. ''क्या मंदिरों में ऐसा होता है?''
अन्ना हजारे व्हिसलब्लोअर बिल के मुद्दे को लेकर दिल्ली में एक दिन का अनशन कर रहे थे. अन्ना पहले राजघाट गए और उसके बाद करीब 11 बजे जंतर-मंतर पहुँचे.
अन्ना ने पिछले साल अप्रैल में पहली बार जंतर-मंतर से लोकपाल बिल के मु्द्दे पर अनशन किया था.
































