कश्मीर में पुलिस थाने पर हमला, 14 घायल

कश्मीर
इमेज कैप्शन, श्रीनगर में भी एक थाने के बाहर ग्रेनेड हमला हुआ है
    • Author, रियाज़ मसरूर
    • पदनाम, बीबीसी संवाददाता, श्रीनगर

भारत प्रशासित कश्मीर में सोपोर के एक पुलिस स्टेशन पर हुए ग्रेनेड हमले में कम से कम 14 लोग घायल हो गए हैं. इनमें चार पुलिसकर्मी भी शामिल हैं.

किसी भी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है, लेकिन पुलिस ने इस हमले के लिए चरमपंथियों को जिम्मेदार बताया है.

सोपोर में हुए इस हमले के बाद श्रीनगर में भी एक पुलिस स्टेशन के बाहर ग्रेनेड हमला हुआ, लेकिन इस हमले में कोई भी हताहत नहीं हुआ है.

ये हमले ऐसे समय में हुए हैं, जब मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्लाह जम्मू-कश्मीर में सैनिकों को छूट देने के कानून को वापस लेने की कोशिश कर रहे हैं.

आवश्यकता

उमर अब्दुल्लाह ने कहा, "हमारे यहाँ ऐसे कानून थे, जब हमारे यहाँ चरमपंथ था. लेकिन अब चरमपंथ का स्तर काफी कम हो गया है. मैं नहीं समझता कि हमें अब ऐसे कानून की आवश्यकता है."

शनिवार को हुआ हमला श्रीनगर से 55 किलोमीटर उत्तर में स्थित सोपोर में हुआ. इससे पहले पुलिस ने श्रीनगर में एक स्थानीय रेलवे स्टेशन के पास लगाए गए बारूदी सुरंग को भी निष्क्रिय किया.

पुलिस महानिरीक्षक एसएम सहाय ने कहा, "जब तक चरमपंथ पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता, ऐसे हमले होते रहेंगे. हम तो यही कहेंगे कि चरमपंथियों की संख्या कम हुई है, लेकिन वे पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं.

चरमपंथी हिंसा के कारण कश्मीर में पर्यटन को काफी झटका लगता रहा है. वर्ष 2008 और 2010 में प्रदर्शनों के कारण पर्यटन काफी प्रभावित हुआ था.