हमने किया पठानकोट हमला: यूनाइटेड जिहाद काउंसिल

इमेज स्रोत, EPA
पाकिस्तान स्थित चरमपंथी समूह यूनाइटेड जिहाद काउंसिल (यूजेसी) ने सोमवार को दावा किया है कि उसके नेशनल हाईवे स्कैवड ने पठानकोट एयरबेस पर हुए हमले को अंजाम दिया है.
पंजाब के पठानकोट स्थित एयरबेस पर शनिवार तड़के तीन बजे से शुरू हुआ सैन्य अभियान अभी जारी है.
यूनाइटेड जेहाद काउंसिल (यूजेसी) के प्रवक्ता सैयद सदाकत हुसेन ने प्रेस को जारी ईमेल में कहा है, “पठानकोट के हमले से हम ये संदेश देना चाहते थे कि भारत का कोई भी सैन्य ठिकाना हमारी पहुंच से बाहर नहीं है.”
हुसेन ने ये भी दावा किया कि भारत, पाकिस्तान फोबिया से ग्रसित है. हुसेन ने मेल में लिखा है, “ऐसे हमलों के लिए पाकिस्तान को दोष देने से कश्मीर की आजादी के आंदोलन पर असर नहीं पड़ेगा.”

इमेज स्रोत, EPA
हुसेन के मेल में भारत सरकार को इस हमले के संदेश समझने के लिए भी कहा गया है.
मेल में लिखा गया है, “यही समय है जब भारत को कश्मीर की जनता को अपनी सोच के मुताबिक अपना राजनीतिक भविष्य चुनने की अनुमति दे देनी चाहिए.”
यूनाइडेट जिहाद काउंसिल पाकिस्तान प्रशासित कश्मीर में दर्जन भर से ज़्यादा चरमपंथी संगठनों का समूह है.
संगठन के प्रमुख 60 साल के मोहम्मद यूसुफ़ शाह उर्फ सैयद सलाहुद्दीन हैं, जो इलाके के सबसे बड़े चरमपंथी संगठन हिज़्बुल मुजाहिदीन के भी मुखिया हैं.

इमेज स्रोत, PTI
शुरुआती रिपोर्टों में अनुमान लगाया जा रहा था कि ये हमला चरमपंथी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के चरमपंथियों की ओर से किया गया.
इस हमले में अब तक साल सैन्यकर्मियों की भी मौत हुई है और 20 जवान घायल हुए हैं.
भारतीय राष्ट्रीय सुरक्षा बल के मुताबिक अब तक सैन्य कार्रवाई में पांच चरमपंथी मारे गए हैं.
इस हमले के बाद पठानकोट-जम्मू हाईवे को बंद कर दिया गया है.
<bold>(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप <link type="page"><caption> यहां क्लिक</caption><url href="https://play.google.com/store/apps/details?id=uk.co.bbc.hindi" platform="highweb"/></link> कर सकते हैं. आप हमें <link type="page"><caption> फ़ेसबुक</caption><url href="https://www.facebook.com/bbchindi" platform="highweb"/></link> और <link type="page"><caption> ट्विटर</caption><url href="https://twitter.com/BBCHindi" platform="highweb"/></link> पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)</bold>
































