You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
'कश्मीरियों को ग़ैर-कानूनी तरीके से मारा'
न्यूयॉर्क में संयुक्त राष्ट्र महासभा के सालाना सम्मेलन में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ ने बुरहान वानी को एक युवा नेता बताया है जिसकी 'भारतीय सुरक्षाबलों ने हत्या' की थी.
कश्मीर मुद्दे का ज़िक्र करते हुए नवाज़ शरीफ़ ने कहा कि भारत कश्मीर के लोगों पर अत्याचार कर रहा है और उन्हें ग़ैर-क़ानूनी तरीके से मार रहा है.
नवाज़ शरीफ़ ने ये भी कहा कि पाकिस्तान जल्द ही वो दस्तावेज़ पेश करेगा जिससे साबित होगा कि भारत कश्मीर के लोगों पर अत्याचार कर रहा है.
उन्होंने कहा कि श्रीनगर से सोपोर तक लोग कर्फ्यू के विरोध में सड़कों पर उतरे हैं जो इसका सबूत है.
नवाज़ शरीफ़ ने कहा कि पाकिस्तान भारत के साथ बातचीत चाहता है लेकिन भारत बातचीत से पहले शर्त रखता है जो पाकिस्तान को मंज़ूर नहीं है.
नवाज़ शरीफ़ ने कहा कि कश्मीर मुद्दे के समाधान के बिना दोनों देशों के बीच शांति स्थापित नहीं हो सकती है.
संयुक्त राष्ट्र महासभा में पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ के इस बयान की भारत ने निंदा की है.
भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने एक ट्वीट में कहा है, ''पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शरीफ़ ने संयु्क्त राष्ट्र महासभा में हिज्बुल चरमपंथी बुरहान वानी का महिमामंडन किया, इससे पाकिस्तान का चरमपंथ से संबंध ज़ाहिर होता है.''
उन्होंने कहा, ''भारत की बस एक शर्त है कि चरमपंथ को खत्म किया जाए, क्या ये पाकिस्तान को मंज़ूर नहीं है.''
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)