माइकल जैक्सन की बेटी का सनसनीखेज़ इल्ज़ाम

पॉप म्यूज़िक की जानी-पहचानी शख़्सियत माइकल जैक्सन भले इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनसे जुड़ी ख़बरें आना जारी है.

वो जब थे, तो भी ख़बरों में छाए रहते थे और गुज़रने के बाद भी दुनिया के सबसे ज़्यादा कमाई करने वाले मृतक सेलेब्रिटी में शुमार हुए.

लेकिन अब उनकी मौत से जुड़ी ऐसी ख़बर आई है, जो लोगों को हैरान कर सकती है.

माइकल जैक्सन की इकलौती बेटी पेरिस के मुताबिक उन्हें लगता है कि उनके पिता की हत्या की गई थी.

पेरिस ने रॉलिंग स्टोन को दिए इंटरव्यू में कहा कि उन्हें इस बात का पूरा यक़ीन है कि साल 2009 में माइकल जैक्सन की मौत 'साज़िश' के तहत हुई.

पेनकिलर दवाओं के ओवरडोज़ की वजह से पॉप के सुपरस्टार जैक्सन को दिल का दौरा पड़ा था और उनकी मौत हो गई.

लेकिन पेरिस को लगता है कि ये मामला इतना सीधा नहीं है. उन्होंने कहा, ''वो ऐसे संकेत दिया करते थे कि कुछ लोग उनके पीछे हैं.''

उन्होंने कहा, ''और कई बार वे ऐसा कहते थे कि वो लोग मुझे एक दिन मार डालेंगे.''

ये पूछने पर कि क्या आपको लगता है कि आपके पिता की हत्या की गई थी, पेरिस ने कहा, ''बिलकुल. क्योंकि ये साफ़ ज़ाहिर है. सारी चीज़ें इसकी तरफ़ ही इशारा करती है. ये एक तरह से साज़िश की कहानी लगती है...लेकिन सभी असल प्रशंसक और परिवार के लोग जानते हैं.''

उन्होंने ये भी कहा कि कई लोग चाहते थे कि उनके पिता की मौत हो जाए और वो उन्हें कठघरे तक लाने के लिए पूरी कोशिश कर रही थीं.

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)