You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
दक्षिण कोरिया में विंटर गेम्स खेलेगा उत्तर कोरिया
ये तय हो गया है कि साल 2018 के विंटर ओलिंपिक के लिए उत्तर कोरियाई टीम दक्षिण कोरिया जाएगी.
पिछले दो साल में ये पहली बार है जब दोनों देश बातचीत की मेज पर बैठे और उत्तर कोरिया ने अपनी टीम दक्षिण कोरिया भेजने का फैसला किया है.
उत्तर कोरिया ने कहा है कि फरवरी के विंटर ओलिंपिक में हिस्सा लेने के लिए उसके प्रतिनिधिमंडल में खिलाड़ियों के अलावा समर्थक भी होंगे.
उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया की अंतरराष्ट्रीय सीमा पर पड़ने वाले पनमुनजोम गांव के 'पीस हाउस' में ये मीटिंग हुई.
दोनों देशों का तनाव
इस साल के शीतकालीन ओलिंपिक गेम्स अगले महीने यानी फरवरी में दक्षिण कोरिया में होने जा रहे हैं.
दक्षिण कोरिया ने कहा है कि वह इस बैठक में दोनों देशों के बीच संबंध सुधारने के रास्तों पर भी चर्चा करेगा.
दोनों देशों ने पिछली बार साल 2015 में बातचीत की थी. इसके बाद से इनके बीच तनाव लगातर बढ़ता ही आया है.
दोनों देशों के रिश्ते तब ज्यादा खराब हो गए जब उत्तर कोरिया ने रॉकेट लॉन्च किया और इसके बाद दक्षिण कोरिया ने काएसॉन्ग इंडस्ट्रियल कॉम्प्लेक्स में एक संयुक्त आर्थिक प्रोजेक्ट को रद्द कर दिया.
पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल
इसके बाद उत्तर कोरिया ने दक्षिण कोरिया से सारे संपर्क तोड़ दिए. इतना ही नहीं, उत्तर कोरिया ने टेलीफ़ोन लाइनें तक कटवा दीं.
पिछले कुछ सालों से उत्तर कोरिया लगातार प्रतिबंधित हथियारों का परीक्षण करता आया है और इस वजह से दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ता ही रहा.
अब इस बार दोनों देशों ने बातचीत के लिए अपने पांच सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल भेजा है.
इन्होंने बैठक से पहले मीडिया से बात की और वार्ता के सफल होने की उम्मीद जताई.
'युद्ध विराम वाला गांव'
1953 में कोरियाई युद्ध की समाप्ति के बाद पनमुनजोम को उस जगह के तौर पर निर्धारित किया गया जहां दोनों देशों के अधिकारी मिलकर बातचीत कर सकें.
पनमुनजोम को 'युद्ध विराम वाला गांव' भी कहा जाता है.
इस गांव को सेना ने दो हिस्सों में बांट रखा है, जिसका एक हिस्सा उत्तर कोरिया में है और दूसरा दक्षिण कोरिया में है.
पिछले हफ़्ते उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन ने कहा था कि वो अपनी टीम को शीतकालीन ओलंपिक में हिस्सा लेने के लिए भेजने पर विचार कर सकते हैं.
इसके बाद दक्षिण कोरिया ने उच्चस्तरीय बातचीत का प्रस्ताव रखा था.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए यहां क्लिक करें. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर भी फ़ॉलो कर सकते हैं.)