You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.
उत्तर प्रदेश: बीजेपी विधायक पर रेप का आरोप, पीड़िता के पिता की 'संदिग्ध मौत'
- Author, समीरात्मज मिश्र
- पदनाम, लखनऊ से, बीबीसी हिंदी डॉटकॉम के लिए
एक दिन पहले उन्नाव के बीजेपी विधायक के ख़िलाफ़ रेप का आरोप लगाने और मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्महत्या की कोशिश करने वाली लड़की के पिता की सोमवार सुबह उन्नाव के ज़िला जेल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई.
पुलिस का कहना है कि मौत के कारणों का पता नहीं चला है लेकिन फ़िलहाल मामले में लापरवाही के चलते संबंधित माखी थानाध्यक्ष समेत पांच अन्य पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है.
मामले में चार लोगों को गिरफ़्तार भी किया गया है. वहीं राज्य के डीजीपी और गृह विभाग ने जेल प्रशासन और ज़िला प्रशासन के पूरी रिपोर्ट तलब की है.
आत्मदाह की कोशिश
रविवार को उन्नाव के बीजेपी विधायक कुलदीप सेंगर पर एक युवती ने ये आरोप लगाया था कि उसके साथ विधायक और उनके साथियों ने रेप किया था और मामले की रिपोर्ट लिखाने के बाद विधायक और उनके साथी मुक़दमा वापस लेने का दबाव बना रहे थे.
मुख्यमंत्री को लिखे पत्र में पीड़िता ने आरोप लगाया था कि ऐसा न करने पर विधायक के साथियों ने गत तीन अप्रैल को उनके पिता और घर वालों के साथ मार-पीट की और बाद में पुलिस ने उन्हीं लोगों के ख़िलाफ़ कार्रवाई करते हुए गिरफ़्तार कर लिया था.
युवती ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास के बाहर आत्मदाह की कोशिश की थी, लेकिन उसे बचा लिया गया और लखनऊ ज़ोन के एडीजी राजीव कृष्ण ने पीड़िता से बातचीत के बाद संबंधित अधिकारियों को तलब किया.
पुलिस और प्रशासन
पीड़िता ने पिता समेत परिवार के लोगों की हत्या की आशंका भी जताई थी. सोमवार तड़के ही पीड़त युवती के पिता की जेल में मौत होने की ख़बर आ गई जिससे पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया.
हालांकि इस घटना के तुरंत बाद उन्नाव के विधायक कुलदीप सेंगर ने ख़ुद मीडिया के सामने आकर इन आरोपों से इनकार किया.
उनका कहना था, "मेरे परिवार में ग्राम प्रधानी लंबे समय से चली आ रही है, जिसकी रंजिश के तहत कुछ विरोधियों ने इस आरोप की पूरी कहानी रची है ताकि इस वजह से मेरी राजनीतिक छवि ख़राब हो जाए. इस परिवार को राजनीति का हिस्सा बनाकर मेरे ख़िलाफ़ षड्यंत्र रचा रचा जा रहा है."
विधायक का ये भी कहना है कि मृत व्यक्ति और उनके भाई पहले से भी आपराधिक मामलों में लिप्त रहे हैं. फ़िलहाल पुलिस पोस्ट मॉर्टम रिपोर्ट का इंतज़ार कर रही है.
ज़िले के डीएम और एसपी इस मामले में कुछ भी जानकारी देने को तब तक तैयार नहीं हैं जब तक कि पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट न आ जाए.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक और ट्विटर पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)