श्रीलंका: नाराज़ लोगों ने राष्ट्रपति भवन पर धावा बोला, पीएम का घर जलाया, जानें और क्या-क्या हुआ?

श्रीलंका

इमेज स्रोत, Pradas S Agnya/REUTERS

श्रीलंका में राजनीतिक संकट अपने चरम पर पहुंच गया है.

आर्थिक बदहाली और पिछले कुछ महीनों के राजनीतिक गतिरोध से परेशान लोग शनिवार की सुबह हजारों लोग पहले राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे के घर में घुस गए.

और फिर देर शाम प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे के घर में आग लगा दी.

शनिवार की सुबह हजारों प्रदर्शनकारी कोलंबो में जमा हो गए.

प्रदर्शनकारी मार्च करते हुए राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे के घर में घुसे और उसे कब्जे में लिया.

श्रीलंका

इमेज स्रोत, Getty Images

सुरक्षाकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प

इस बीच पुलिस और सेना के जवानों से उनकी झड़प भी हुई.

पुलिस ने उन्हें बैरिकेड, पानी की बौछारों और आंसू गैस से रोकना चाहा.

लेकिन प्रदर्शनकारी राष्ट्रपति के आवास में घुसने में सफल रहे.

इस बीच राष्ट्रपति अपना आवास छोड़ कर निकल चुके थे.

श्रीलंका

इमेज स्रोत, AMILA UDAGEDARA

फेसबुक पर लाइव स्ट्रीमिंग

राष्ट्रपति भवन में घुसने के बाद प्रदर्शनकारियों ने फेसबुक पर लाइव स्ट्रीमिंग शुरू कर दी थी.

हजारों लोग राष्ट्रपति भवनों के कमरों में घुस गए और वहां रखी कुर्सियों और मेजों पर उछलने लगे.

कुछ लोग वहां मौजूद राष्ट्रपति के बिस्तर पर भी कूद रहे थे.

कुछ लोग स्वीमिंग पूल में कूद पड़े और नहाने लगे. वे नारे लगा रहे थे- गो गोटा, गो...

राष्ट्रपति के घर के अंदर प्रदर्शनकारी

इमेज स्रोत, SAJID NAZMI

इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति के घर के अंदर प्रदर्शनकारी

रनिल विक्रमसिंघे के घर हल्लाबोल

बीबीसी के सहयोगी रंजन अरुण प्रसाद ने श्रीलंका में प्रधानमंत्री रनिल विक्रमसिंघे के घर से ग्राउंड रिपोर्ट भेजी है जिसके मुताबिक़, प्रधानमंत्री रनिल विक्रमसिंघे के निजी आवास को प्रदर्शनकारियों ने आग लगा दी.

पीएम का यह निजी आवास कोलंबो 7 इलाक़े में है. ये शहर के सबसे हाई प्रोफ़ाइल रिहायशी इलाक़ों में से एक है.

बताया जा रहा है रनिल विक्रमसिंघे, उनकी पत्नी और बच्चे शुक्रवार शाम तक इसी घर में मौजूद थे.

श्रीलंका

लेकिन शाम के बाद उनके परिवार और स्टाफ़ के सदस्यों को एक सुरक्षित जगह लेते जाया गया. घर के अंदर कोई भी नहीं था.

घर पूरी तरह से जलकर ख़ाक हो चुका है और अंदर का सामान भी राख हो गया है.

श्रीलंका

रानिल विक्रमसिंघे के कोलंबो स्थित आवास को सैकड़ों की संख्या में प्रदर्शनकारियों ने घेर रखा था.

क़रीब जाकर देखने पर घर के अंदर एक बीएमडब्ल्यू कार और कुछ अन्य वाहन दिखाई दे रहे हैं.

इन वाहनों को भी प्रदर्शनकारियों ने आग के हवाले कर दिया.

श्रीलंका

इमेज स्रोत, BBC

रानिल विक्रमसिंघे का घर जिसे इलाके में है वहां पुलिस बल और सैनिकों की तैनाती उतनी नहीं थी.

हालांकि पीएम के घर को आग लगाए जाने के दौरान और उसके बाद वे वहां थे, लेकिन उन्होंने भीड़ को क़ाबू करने की कोशिश नहीं की.

लोगों ने बैरिकेड तोड़ दिए और घर में आग लगा दी. लोग पुलिस और सैनिकों की परवाह किए बगैर आगे बढ़ रहे थे.

श्रीलंका

इमेज स्रोत, AMILA UDAGEDRA

'संगठित भीड़ नहीं थी'

दोपहर में जब भीड़ राष्ट्रपति भवन में दाखिल हुई तो यह कोई संगठित भीड़ नहीं थी. वे बिना किसी नियंत्रण के भवन के अंदर दाख़िल हो गए.

इस दौरान कुछ लोगों ने राष्ट्रपति भवन के अंदर चीज़ों को नुक़सान भी पहुँचाया और तोड़फोड़ भी की.

हालांकि प्रदर्शन कर रहे कुछ समूह बक़ायदा अपने नेतृत्वकर्ता के साथ प्रदर्शन करने पहुँचे थे.

जिनमें बौद्ध भिक्षु, ईसाई मिशनरियों के नेता, यूनिवर्सिटी के छात्र भी शामिल थे.

इन लोगों ने अनुचित तरीक़े से भवन में घुसने वालों और वहाँ की चीज़ों को नुक़सान पहुँचाने वालों को समझाने की भी कोशिश की.

श्रीलंका

इमेज स्रोत, SAJID NAZMI

कई महीनों से भारी आर्थिक संकट

श्रीलंका में पिछले कई महीनों से भारी आर्थिक संकट चल रहा है.

देश में जरूरी सामान के आयात के लिए विदेशी मुद्रा लगभग खत्म हो चुकी है.

पेट्रोल की जबरदस्त राशनिंग हो रही है. गैस और खाने-पीने की चीजों के साथ दवाओं की भी भारी किल्लत है.

लोग पिछले कई महीनों से प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन राष्ट्रपति गोटाबाया राजपक्षे पद छोड़ने के लिए तैयार नहीं हो रहे थे.

आखिर नाराज होकर लोगों शनिवार को राष्ट्रपति भवन पर ही धावा बोल दिया.

श्रीलंका

इमेज स्रोत, Getty Images

(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)