You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ईरान के राष्ट्रपति ने आयतुल्लाह ख़ामेनेई की मौत के बाद वीडियो जारी कर क्या कहा?

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने स्टेट टीवी पर एक रिकॉर्ड किया हुआ वीडियो संदेश जारी किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, रौनक भैड़ा

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.

    आप बीबीसी हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  2. ईरान के राष्ट्रपति ने आयतुल्लाह ख़ामेनेई की मौत के बाद वीडियो जारी कर क्या कहा?

    ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने स्टेट टीवी पर एक रिकॉर्ड किया हुआ वीडियो संदेश जारी किया है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान नेईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत पर दुख जताया. साथ ही कहा कि अंतरिम लीडरशिप काउंसिल ने अपना काम शुरू कर दिया है.

    ईरानी राज्य मीडिया के अनुसार, पेज़ेश्कियान ख़ुद भी तीन सदस्यीय अंतरिम समिति का हिस्सा हैं. बताया गया है कि वे न्यायपालिका के प्रमुख मोहसनी एज़ाही और आयतुल्लाह अली रज़ा अराफ़ी के साथ काम कर रहे हैं.

    राष्ट्रपति पेज़ेश्कियान ने यह भी कहा, "देश की सेना दुश्मनों को निराश करेगी और इस समय दुश्मन के ठिकानों पर हमला कर रही है."

    राष्ट्र को संबोधित करने से आधा घंटा पहले राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान ने एक्स पर एक पोस्ट किया, जिसमें लिखा, "हाल का हमला इस्लामी गणराज्य की सरकार के अपने काम और ज़िम्मेदारियों को पूरा करने के इरादे को नहीं तोड़ पाएगा."

    उन्होंने यह भी कहा, "ईरान के सर्वोच्च नेता की मौत का ग़म लंबे समय तक लोगों के मन में रहेगा."

  3. अमेरिका ने ईरान के दावे को ख़ारिज किया, कहा- हमारे एयरक्राफ्ट कैरियर पर हमला नहीं हुआ

    अमेरिका ने ईरान के दावे को ख़ारिज करते हुए कहा है कि उसके एयरक्राफ्ट कैरियर अब्राहम लिंकन पर हमला नहीं हुआ है.

    यूएस सेंट्रल कमांड ने एक संदेश में कहा, "एयरक्राफ्ट कैरियर अब्राहम लिंकन निशाना नहीं बनाया गया. दाग़ी गई मिसाइलें जहाज़ के पास भी नहीं पहुंचीं."

    सेंट्रल कमांड ने कहा, "यह कैरियर अब भी विमान उड़ा रहा है ताकि यूएस सेंट्रल कमांड के चल रहे ऑपरेशन को ताक़त मिले, अमेरिकी लोगों की रक्षा हो और ईरानी शासन से आने वाले ख़तरों को ख़त्म किया जा सके."

    दरअसल, इससे पहले इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने दावा किया था कि उसने अमेरिकी नौसेना के एयरक्राफ्ट कैरियर अब्राहम लिंकन पर चार बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया.

    अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने जानकारी देते हुए यह ज़रूर बताया कि तीन अमेरिकी सैनिकों की मौत हुई है, जबकि पांच गंभीर रूप से घायल हुए हैं.

    हालांकि, इसके बारे में अधिक जानकारी साझा नहीं की गई.

  4. ख़ामेनेई की मौत पर पाकिस्तान के प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्री ने क्या कहा?

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शाहबाज़ शरीफ़ ने ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की सरकार और जनता इस दुख की घड़ी में ईरान के लोगों के साथ खड़ी है.

    पीएम शाहबाज़ शरीफ़ ने एक्स पर लिखा, "सरकार और जनता, ईरान की जनता के साथ उनके दुख के समय में खड़ी है. आयतुल्लाह सैयद अली ख़ामेनेई की 'शहादत' पर संवेदना प्रकट करते हैं."

    उन्होंने लिखा, "पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय क़ानून के नियमों के उल्लंघन पर चिंता जताता है. यह पुरानी परंपरा है कि किसी देश के प्रमुख को निशाना नहीं बनाया जाना चाहिए."

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख़्वाजा आसिफ़ ने भी ईरान पर हाल के हमलों को 'बेहद अफ़सोसजनक' बताते हुए 'गहरा दुख' जाहिर किया.

    ख़्वाजा आसिफ़ ने कहा, "पाकिस्तान ने हर तरह से ईरान का राजनयिक और नैतिक समर्थन किया है. पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र में भी ईरान पर हुए हमले की साफ़ तौर पर निंदा की है."

  5. ईरान के विदेश मंत्री ने बताया कब चुना जाएगा नया सुप्रीम लीडर?

    ईरान के विदेश मंत्री ने दावा किया है कि एक-दो दिन में सुप्रीम लीडर को चुना जा सकता है.

    अल जज़ीरा को दिए एक इंटरव्यू में ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने कहा, "आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के बाद नया सुप्रीम लीडर एक-दो दिन में चुना जा सकता है."

    हालांकि, ख़ामेनेई की मौत के बाद ईरान में अंतरिम लीडरशिप का एलान किया जा चुका है. अराग़ची का कहना है कि नए लीडर के चुने जाने तक अंतरिम लीडरशिप के हाथ में ही कमान होगी.

    अब्बास अराग़ची ने कहा, "ईरान के हमले 'ख़ुद की रक्षा' और 'अमेरिका की तरफ़ से किए गए हमले का जवाब' हैं."

    गौरतलब है कि ईरान में आयतुल्लाह अली रज़ा अराफ़ी को गार्जियन काउंसिल के जुरिस्ट पद पर चुना जा चुका है. यह चुनाव अंतरिम लीडरशिप काउंसिल के लिए किया गया है.

  6. ईरान का दावा- अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर अब्राहम लिंकन पर चार बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया

    इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने दावा किया है कि उसने अमेरिकी नौसेना के एयरक्राफ्ट कैरियर अब्राहम लिंकन पर हमला किया है.

    बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, आईआरजीसी के जनसंपर्क विभाग ने एक बयान में कहा, "अमेरिकी नौसेना के एयरक्राफ्ट कैरियर अब्राहम लिंकन पर चार बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया गया."

    आईआरजीसी की ओर से यह भी कहा गया कि "दुश्मन पर हमला अब एक नए चरण में पहुंच गया है."

    हालांकि, अन्य स्रोतों ने अभी तक अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर अब्राहम लिंकन पर हमले की जानकारी की पुष्टि नहीं की है.

    उल्लेखनीय है कि एयरक्राफ्ट कैरियर अब्राहम लिंकन इस समय फ़ारस की खाड़ी और अरब सागर के पास तैनात है.

  7. ईरान पर हुए हमले में अब तक ये बड़े नेता और अधिकारी मारे गए

    इसराइल और अमेरिका के हमलों में ईरान के कई बड़े नेताओं और अधिकारियों की मौत हो गई है.

    बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस न्यूज़ को एक खुफिया और सैन्य सूत्र ने बताया कि कुल मिलाकर लगभग 40 ईरानी अधिकारियों की मौत हो चुकी है.

    ईरान पर शनिवार को हुए हमलों में अब तक इन बड़े नेताओं और अधिकारियों की मौत हो चुकी है:

    - ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई

    - रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर जनरल मोहम्मद पाकपोर

    - सुरक्षा सलाहकार अली शामखानी

    - रक्षा मंत्री अज़ीज़ नासिरज़ादेह

    - ईरानी सेना के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ अब्दुल रहीम मौसवी

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, इसराइली सेना के प्रवक्ता ने भी कहा, "हमने 40 बड़े कमांडरों को खत्म कर दिया, जिनमें खामेनेई भी शामिल थे."

  8. टी-20 वर्ल्ड कप 2026: भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया

    आईसीसी टी-20 वर्ल्ड कप में आज भारत और वेस्ट इंडीज़ के बीच सुपर-8 का आख़िरी मुक़ाबला खेला जा रहा है.

    कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुक़ाबले में भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फ़ैसला किया है.

    भारत की प्लेइंग 11 में इस मैच के लिए कोई बदलाव नहीं हुआ है.

    भारत और वेस्ट इंडीज़ के बीच खेला जा रहा ये मैच एक तरह से वर्चुअल क्वार्टर फ़ाइनल है, क्योंकि इस मैच में जिस भी टीम को जीत मिलेगी वो सेमीफ़ाइनल में पहुंचने वाली चौथी टीम बन जाएगी.

    इंग्लैंड, न्यूज़ीलैंड और दक्षिण अफ़्रीका पहले ही सेमीफ़ाइनल में जगह बना चुके हैं. हालांकि, इस मैच के नतीजे के बाद ही ये तय होगा कि सेमीफ़ाइनल में किस टीम के ख़िलाफ़ कौन-सी टीम खेलती हुई नज़र आएगी.

  9. आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के मारे जाने पर चीन ने कही ये बात

    चीन ने ईरान पर अमेरिका और इसराइल के हमलों और सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह ख़ामेनेई की मौत पर बयान जारी किया है. चीन ने इसे 'संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों और सिद्धांतों के ख़िलाफ़' बताया.

    चीनी विदेश मंत्रालय ने कहा, "ईरान के सर्वोच्च नेता पर हमला और उनकी हत्या, ईरान की संप्रभुता और सुरक्षा का गंभीर उल्लंघन है. यह क़दम संयुक्त राष्ट्र चार्टर के उद्देश्यों और सिद्धांतों, अंतरराष्ट्रीय संबंधों के बुनियादी नियमों के विरुद्ध है. चीन इसका सख़्त विरोध और कड़ी निंदा करता है."

    चीन ने शांति बनाए रखने की अपील की है. उसने कहा, "हम तुरंत सैन्य कार्रवाई रोकने, तनावपूर्ण हालात को और न बढ़ाने की अपील करते हैं. साथ ही मध्य पूर्व और पूरी दुनिया में शांति और स्थिरता बनाए रखने की अपील करते हैं."

    इससे पहले रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भी ख़ामेनेई की मौत पर दुख व्यक्त किया. उन्होंने अली ख़ामेनेई और उनके परिवार के लोगों की मौत को 'मानव नैतिकता और अंतरराष्ट्रीय क़ानून के ख़िलाफ़ एक हत्या' बताया है.

  10. ख़ामेनेई की मौत पर क्या बोले महबूबा मुफ़्ती और असदुद्दीन ओवैसी?

    पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी (पीडीपी) की प्रमुख महबूबा मुफ़्ती और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) के चीफ़ असदुद्दीन ओवैसी ने ईरान के सुप्रीम लीडर ख़ामेनेई की मौत पर प्रतिक्रिया दी है.

    मुफ़्ती ने ख़ामेनेई को 'शहीद' बताया, जबकि ओवैसी ने उन्हें 'सम्मानित नेता' कहा.

    महबूबा मुफ़्ती ने मीडिया से कहा, "ईरान में जिस तरह के हालात हैं, मुझे लगता है कि ये पूरी दुनिया के लिए सबक है कि किस तरह से 'वॉर क्रिमिनल' नेतन्याहू अमेरिका का इस्तेमाल कर रहे हैं. इसका प्रभाव बहुत दूर तक जाएगा."

    उन्होंने आगे कहा, "हमारा देश उभरती हुई ताक़त है. अमन बहाली में हमारी भूमिका हो सकती थी. लेकिन मौजूदा सरकार नीतियां एक तरफ़ा रही हैं, इस कारण हम एक आम देश बन चुके हैं."

    "ईरान की जनता मज़बूत है. वहां की जनता काफ़ी सालों से 'शैतानी ताक़तों' का मुक़ाबला कर रहे हैं. मैं दुआ करती हूं कि इस युद्ध में ईरान की जीत हो."

    एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने कहा, "ईरान के सम्मानित नेता आयतुल्लाह ख़ामेनेई की हत्या कर दी गई. इसके बाद ईरान चुप नहीं बैठने वाला. जब जिनेवा में शांति वार्ता चल रही थी, उसी समय हमला किया गया. यह हमला कायराना और अमानवीय है."

  11. ईरान के सुप्रीम लीडर ख़ामेनेई की मौत पर रूसी राष्ट्रपति पुतिन क्या बोले?

    रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने ईरान के सुप्रीम लीडर आयतुल्लाह ख़ामेनेई की मौत पर संवेदना व्यक्त की है. यह जानकारी रूस की सरकारी समाचार एजेंसी तास ने दी है.

    बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियान को पुतिन ने कहा, "अली ख़ामेनेई और उनके परिवार के लोगों की मौत 'मानव नैतिकता और अंतरराष्ट्रीय क़ानून के खिलाफ़ एक हत्या' है."

    फ़ार्स न्यूज़ एजेंसी के अनुसार, अली ख़ामेनेई के साथ उनकी बेटी और दामाद भी शनिवार को अमेरिका और इसराइल के हमलों में मारे गए.

  12. ईरान: ख़ामेनेई की मौत के बाद अली रज़ा अराफ़ी होंगे अंतरिम लीडरशिप काउंसिल के सदस्य

    ईरान में आयतुल्लाह अली रज़ाअराफ़ी को गार्जियन काउंसिल के जुरिस्ट पद पर चुना गया है. यह चुनाव अंतरिम लीडरशिप काउंसिल के लिए किया गया है.

    बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, 'एक्सपीडिएंसी डिसर्नमेंट काउंसिल' के प्रवक्ता मोहसिन देहनवी ने जानकारी देते हुए आयतुल्लाह अलीरेज़ा अराफ़ी के चुने जाने की पुष्टि की है.

    ईरान के सुप्रीम लीडर अली ख़ामेनेई की मौत हो चुकी है, अब एक अंतरिम लीडरशिप काउंसिल बनाई जा रही है. इस परिषद में राष्ट्रपति, न्यायपालिका के प्रमुख और गार्डियन काउंसिल से चुना गया एक जुरिस्ट सदस्य होंगे.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, ईरान के संविधान के अनुच्छेद 111 के अनुसार, "यदि सर्वोच्च नेता की मृत्यु हो जाए, इस्तीफ़ा दे दें या उन्हें पद से हटा दिया जाए, तो देश के राष्ट्रपति, न्यायपालिका के प्रमुख और गार्जियन काउंसिल के एक सदस्य सर्वोच्च नेता की ज़िम्मेदारियां संभालते हैं."

    गौरतलब है कि ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई अमेरिका और इसराइल के संयुक्त हमलों में मारे गए. ईरान की सरकारी मीडिया ने ख़ामेनेई की मौत की पुष्टि की है.

  13. इसराइली विशेषज्ञों को चिंता, 'ईरान के ख़िलाफ़ जंग में कहीं साथ न छोड़ दें ट्रंप', योलांड नेल, यरुशलम से बीबीसी संवाददाता

    इसराइल के कुछ पत्रकारों और रक्षा विशेषज्ञों को चिंता है कि ईरान के ख़िलाफ़ चल रही जंग में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप साथ छोड़ सकते हैं.

    इनका मानना है कि इसराइल ने लंबी जंग की तैयारी की है, जबकि ट्रंप से इतने धैर्य की उम्मीद नहीं की जा सकती.

    रक्षा विशेषज्ञ योआव लिमोर ने समाचार पत्र 'इसराइल हायोम' में चेतावनी दी है कि जल्द ही अमेरिका और इसराइल के बीच मतभेद सामने आ सकते हैं.

    उनका कहना है, "इसराइल के पास कई दिन या हफ़्तों तक, शायद और भी लंबे समय तक युद्ध जारी रखने की तैयारी है. लेकिन यह साफ़ नहीं है कि ट्रंप के पास उतना धैर्य और ठंडा दिमाग है या नहीं."

    वरिष्ठ पत्रकार नहूम बारनेआ ने समाचार पत्र 'येदिओथ अहरोनोथ' में लिखा है, "अमेरिका के लिए यह युद्ध एक 'चॉइस' है, लेकिन इसराइल के लिए यह 'ज़रूरत' है."

    उन्होंने चेतावनी दी है कि भले ही अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप अब तक पूरा समर्थन दे रहे हैं, लेकिन अमेरिकी जनता की राय इसराइल के ख़िलाफ़ जा सकती है.

    जबकि 'एन 12' वेबसाइट के मुताबिक़, इसराइल के नेता और सुरक्षा अधिकारी कह रहे हैं, "यह तो बस शुरुआत है, ऑपरेशन कई दिनों तक चलेगा."

  14. ईरान: तेहरान में फिर गूंजी धमाकों की आवाज़, निशाने पर शहर का पश्चिमी इलाक़ा

    पिछले एक घंटे में तेहरान के पूर्वी और अरब क्षेत्रों के विभिन्न हिस्सों में कई शक्तिशाली विस्फोटों की आवाज सुनी गई है.

    बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, पश्चिमी तेहरान और आज़ादी स्टेडियम के पास के इलाक़ों को हमले में निशान बनाया गया है.

    ईरान के सुप्रीम लीडर ख़ामेनेई के मारे जाने के बाद मध्य-पूर्व में स्थिति और बिगड़ने की आशंका के बीच यह धमाके हुए हैं.

    इससे पहले कल मीनाब गर्ल्स स्कूल में हुए हमले में भी मरने वालों की संख्या बढ़कर 148 हो गई है.

    मीनाब काउन्टी के प्रोसिक्युटर इब्राहिम ताहिरी ने मीडिया को बताया कि घायलों की संख्या 95 से ज्यादा है, इनमें ज्यादातर स्टूडेंट्स हैं.

  15. ईरानी सेना के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ और रक्षा मंत्री की हवाई हमलों में मौत

    ईरान की सेना के चीफ़ ऑफ़ स्टाफ़ अब्दुल रहीम मौसवी और रक्षा मंत्री अज़ीज़ नासिरज़ादेह की मौत हो गई है. अमेरिका और इसराइल के हमलों में कई और बड़े सैन्य अफ़सर मारे गए हैं.

    बीबीसी पर्शियन के मुताबिक़, मौसवी की मौत की पुष्टि ईरान की संस्था 'द फ़ाउंडेशन फ़ॉर द प्रिज़र्वेशन ऑफ़ मोन्यूमेंट्स एंड डिसेमिनेशन ऑफ़ सेक्रेड डिफ़ेन्स वैल्यूज़' ने की है.

    ईरानी संस्था ने अपने बयान में कहा, "मौसवी के साथ-साथ रक्षा मंत्री अज़ीज़ नासिरज़ादेह, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के कमांडर मोहम्मद पाकपोर और सुप्रीम डिफ़ेन्स काउंसिल के चेयरमैन अली शामख़ानी भी शनिवार को हुए हमलों में मारे गए."

    बयान के मुताबिक़, "वे डिफेंस काउंसिल की बैठक के दौरान मारे गए."

  16. महाराष्ट्र: नागपुर में विस्फोटक पदार्थ बनाने वाले कारख़ाने में धमाका, 17 लोगों की मौत हुई

    महाराष्ट्र के नागपुर ज़िले के काटोल में विस्फोटक पदार्थ बनाने वाले कारख़ाने में धमाका हुआ, जिसमें 17 लोगों की मौत हो गई. रविवार सुबह 6:30 बजे हुए धमाके में 18 लोग घायल हुए हैं. घायलों का इलाज नागपुर के ऑरेंज सिटी हॉस्पिटल में चल रहा है.

    बीबीसी मराठी के मुताबिक़, 'एसबीएल एक्सप्लोसिव्स' कंपनी में धमाका हुआ था. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इस घटना की जानकारी एक्स पोस्ट के ज़रिए दी है.

    यह कंपनी नागपुर से लगभग 40 किलोमीटर दूर है. इस कंपनी में खनन व निर्माण कार्यों में इस्तेमाल होने वाले विस्फोटक आदि सामान बनाए जाते हैं.

    शुरुआती जानकारी के अनुसार धमाका डेटोनेटर की वजह से हुआ. यह एक छोटी डिवाइस है, जिसका इस्तेमाल बड़े विस्फोटकों को एक तय समय पर सक्रिय करने के लिए किया जाता है.

    इस फ़ैक्ट्री में बड़ी संख्या में स्थानीय महिलाएं काम करती हैं. धमाका सुबह की शिफ़्ट में हुआ, जब महिलाएं ड्यूटी पर थीं. बताया जा रहा है कि मरने वालों में महिलाओं की काफ़ी संख्या है.

  17. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. ख़ामेनेई के मारे जाने पर आरजेडी ने कहा- 'भारत ने अपना एक दोस्त खो दिया है'

    ईरान के सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के मारे जाने पर राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) ने कहा, "भारत ने अपना एक दोस्त खो दिया है."

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर आरजेडी ने कहा, "आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की हत्या के उद्देश्य से किया गया ईरान पर हमला पूरी मानवता के विरुद्ध हमला है."

    "आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की शहादत के साथ भारत ने अपना एक दोस्त खो दिया है."

    बयान में कहा गया, "इराक़, लीबिया, सीरिया, अमेरिका ने जहाँ भी हमला किया, उन देशों को और वहाँ के नागरिकों के जीवन को उसने बर्बाद कर दिया."

  19. इसराइल से लेकर दुबई तक- देखिए ईरान के हमले के बाद की तस्वीरें

    ईरान ने शनिवार रात दुबई में अमीरात के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे सहित कई ठिकानों पर हमले किए.

    इसके साथ ही, शनिवार देर रात ईरानी मिसाइलों ने तेल अवीव की रिहायशी इमारतों को भी निशाना बनाया.

  20. मध्य पूर्व में तनाव के बीच भारत ने विदेशी लोगों के लिए जारी की ये एडवाइज़री

    मध्य पूर्व में सुरक्षा स्थिति बिगड़ने और उड़ानों के रद्द होने के चलते भारत सरकार ने रविवार को देश में मौजूद विदेशी नागरिकों से कहा है कि वे वीज़ा बढ़ाने के लिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क करें.

    भारतीय विदेश मंत्रालय ने उन विदेशी नागरिकों के लिए एक एडवाइज़री जारी की है, जिन्हें यात्रा रद्द होने या अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

    मंत्रालय ने कहा कि अगर किसी विदेशी नागरिक को वीज़ा बढ़ाने या अपने रहने को नियमित करने में मदद चाहिए, तो वे अपने नज़दीकी विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय से संपर्क करें.

Trending Now