You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

ईरान की ज़मीन पर अमेरिकी सैनिक भेजने के सवाल पर क्या बोले ट्रंप?

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान में अमेरिकी सैनिक भेजने की संभावना को ख़ारिज नहीं कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सारे विकल्प मौजूद हैं.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, रौनक भैड़ा

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे.

    आप बीबीसी हिन्दी पर मौजूद अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  2. ईरान की ज़मीन पर अमेरिकी सैनिक भेजने के सवाल पर क्या बोले ट्रंप?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान में अमेरिकी सैनिक भेजने की संभावना को ख़ारिज नहीं कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि सारे विकल्प मौजूद हैं.

    डोनाल्ड ट्रंप ने एबीसी न्यूज़ से कहा, "सैनिक वहां जाकर ईरान का यूरेनियम क़ब्ज़े में ले सकते हैं. यह यूरेनियम रिएक्टर ईंधन बनाने में इस्तेमाल होता है, लेकिन इससे परमाणु हथियार भी बनाए जा सकते हैं."

    ट्रंप ने आगे कहा, "ईरान का नया सर्वोच्च नेता हमसे मंज़ूरी लेगा. अगर कोई बिना मंज़ूरी के ख़ामेनेई के बाद सुप्रीम लीडर बनता है तो वह ज़्यादा समय तक टिक नहीं पाएगा."

    उन्होंने कहा, "हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि हमें हर 10 साल बाद वापस ईरान न जाना पड़े, क्योंकि जब तक कोई मुझ जैसा राष्ट्रपति नहीं होगा, वह ऐसा काम नहीं कर पाएगा."

    उन्होंने यह भी कहा कि वह ऐसे व्यक्ति को भी सुप्रीम लीडर बनाने की मंज़ूरी दे सकते हैं जो पुराने शासन से जुड़ा हो. ट्रंप का कहना है कि वह 'एक अच्छा नेता चुनना चाहते हैं.'

  3. उस्मान हादी की हत्या के दो संदिग्धों को पश्चिम बंगाल की एसटीएफ़ ने किया गिरफ़्तार

    बांग्लादेश के छात्र आंदोलन में एक प्रमुख चेहरा रहे शरीफ़ उस्मान हादी की हत्या में संलिप्तता के संदेह में पश्चिम बंगाल पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है.

    बीबीसी बांग्ला के अनुसार, भारत में पश्चिम बंगाल पुलिस के एसटीएफ़ ने कहा है कि उन्होंने बांग्लादेश के राजनीतिक कार्यकर्ता शरीफ़ उस्मान हादी की हत्या में संलिप्त होने के संदेह में दो लोगों को गिरफ़्तार किया है.

    एक बयान में उन्होंने कहा कि उन्होंने एक छापेमारी की और दो लोगों को 'गुप्त' सूचना के आधार पर गिरफ़्तार किया.

    बयान के अनुसार, "दो बांग्लादेशी नागरिकों ने बांग्लादेश में जबरन वसूली और हत्या सहित गंभीर अपराध किए थे और देश से भागने के बाद अवैध रूप से भारत में प्रवेश किया था."

    भारत-बांग्लादेश सीमा के पास आधी रात को बांगाओन से गिरफ़्तार किए गए दो लोगों की पहचान पटुआखाली के राहुल उर्फ ​​फैसल करीम मसूद और ढाका निवासी आलमगीर हुसैन के रूप में हुई है.

    बयान में कहा गया है कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान उन्हें पता चला कि "फैसल करीम ने मसूद आलमगीर हुसैन के साथ मिलकर बांग्लादेशी राजनीतिक कार्यकर्ता उस्मान हादी की हत्या कर दी और बाद में वहां से फरार हो गए."

    इसमें आगे कहा गया है कि पूछताछ के दौरान यह पता चला कि "वे मेघालय सीमा के रास्ते अवैध रूप से भारतीय क्षेत्र में प्रवेश कर गए और बांग्लादेश लौटने के इरादे से पश्चिम बंगाल के बांगाओन पहुंचने से पहले भारत में विभिन्न स्थानों का दौरा किया."

    बीते साल दिसंबर में बांग्लादेश की राजधानी ढाका में हादी को गोली मार दी गई थी जिसके बाद इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई थी. उनकी मौत की ख़बर के बाद ढाका में बड़े पैमाने पर हिंसा फैल गई थी.

  4. कुवैत का दावा- अब तक 234 मिसाइल और 422 ड्रोन हमले हो चुके हैं

    कुवैत के विदेश मंत्रालय का दावा है कि पिछले शनिवार से शुरू हुए संघर्ष के बाद से अब तक देश पर '234 मिसाइल और 422 ड्रोन हमले' हो चुके हैं.

    विदेश मंत्रालय ने बताया, "इन हमलों में आम नागरिक घायल हुए हैं, इनमें एक छोटी बच्ची, कुवैत की सेना के दो जवान और दो बॉर्डर गार्ड शामिल हैं."

    इसके अलावा, पिछले 24 घंटे में ड्रोन हमलों के बाद कुवैत में दो जगह आग लगने की ख़बर है, एक सरकारी टावर में और दूसरी कुवैत इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर.

    अधिकारियों के अनुसार दोनों जगह लगी आग पर क़ाबू पा लिया गया है.

  5. इसराइली सेना का दावा- ईरान में 400 से ज़्यादा ठिकानों पर हमला किया

    इसराइल की सेना ने दावा किया है कि उसने पश्चिमी और मध्य ईरान में 400 से ज़्यादा ठिकानों पर हमला किया है.

    सेना के बयान में कहा गया, "वायुसेना ने कई हमले लगातार किए हैं, जिनमें उसने 400 से ज़्यादा सैन्य ढांचों को निशाना बनाया. इनमें बैलिस्टिक मिसाइल लॉन्च साइट और हथियार बनाने वाले केंद्र शामिल हैं."

    बयान के मुताबिक़, "ऑपरेशन लायन ऑफ घरान की शुरुआत से अब तक वायुसेना ने लगभग 190 मिशन किए हैं. इनका निशाना लॉन्च पैड, एयर डिफ़ेंस सिस्टम और हथियार बनाने वाले केंद्र रहे हैं."

    दूसरी तरफ़, ईरान ने भी इसराइल पर मिसाइल हमले किए हैं. इसराइल से आई शुरुआती रिपोर्टों में बताया गया है कि छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें से कुछ को मिसाइल के टुकड़े लगे हैं.

  6. जंग के बीच अमेरिका ने ईरान के आम लोगों से क्या अपील की?

    अमेरिका ने ईरान के लोगों से घर में रहने की अपील की है. यूएस सेंट्रल कमांड का आरोप है कि 'ईरान की सरकार जानबूझकर मासूम लोगों की जान ख़तरे में डाल रही है.'

    यूएस सेंट्रल कमांड ने रविवार को ईरान के आम लोगों के लिए सुरक्षा चेतावनी जारी की है. इसमें कहा गया है, "ईरान की सरकार भीड़भाड़ वाले इलाक़ों का इस्तेमाल सैन्य कामों के लिए कर रही है. यह ख़तरनाक क़दम ईरान के सभी आम लोगों की जान को ख़तरे में डालता है."

    "जिन जगहों का इस्तेमाल सैन्य कामों के लिए होता है, वे अंतरराष्ट्रीय क़ानून के तहत सुरक्षित नहीं रहतीं और वैध सैन्य निशाना बन सकती हैं."

    यूएस सेंट्रल कमांड ने आरोप लगाया, "ईरानी फ़ौज देज़फ़ूल, इस्फ़हान और शीराज़ जैसे शहरों में से ड्रोन और मिसाइलें छोड़ रही है, जबकि ये इलाक़े आम लोगों से घिरे हुए हैं."

    सेंट्रल कमांड के कमांडर एडमिरल ब्रैड कूपर ने कहा, “ईरान की 'आतंकी सरकार' अपने ही लोगों की सुरक्षा को ख़तरे में डालते हुए खाड़ी देशों पर हमला कर रही है और आम लोगों की जान की परवाह नहीं कर रही.”

    सेंट्रल कमांड के मुताबिक़, "अमेरिकी आर्मी हर संभव कोशिश करती है कि आम लोगों को नुक़सान न पहुंचे, लेकिन वे उन जगहों पर सुरक्षा की गारंटी नहीं दे सकती जिनका इस्तेमाल ईरान की सरकार सैन्य कामों के लिए करती है."

  7. हिमाचल सीएम का एलान- महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 25 फ़ीसदी आरक्षण देंगे, सौरभ चौहान, बीबीसी हिन्दी के लिए

    अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौक़े पर हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सरकारी नौकरियों में महिलाओं को 25 फ़ीसदी आरक्षण देने की घोषणा की है.

    सीएम सुक्खू ने सिरमौर ज़िला के नाहन में आयोजित एक कार्यक्रम में कहा, "आने वाले समय में क़ानून बनाकर महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 25 प्रतिशत का आरक्षण देंगे."

    उन्होंने कहा, "प्रदेश में जल्द ही पुलिस विभाग में महिला एसआई की भर्तियां की जाएंगी. महिलाओं को पुलिस में भी आगे लाने की ज़रूरत है."

    सीएम सुक्खू ने मुख्यमंत्री महिला सम्मान राशि को एक लाख से बढ़ाकर दो लाख करने की भी घोषणा की है.

    दूसरी ओर, राज्य में विपक्षी दल भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष राजीव बिंदल ने कहा, "चुनाव से पहले कांग्रेस ने प्रदेश की 28 लाख महिलाओं को 1500 रुपये प्रति माह देने की गारंटी दी थी. लेकिन आज तक वह वादा पूरा नहीं किया गया. 40 महीने के कार्यकाल में सरकार पर हर एक महिला का 60 हज़ार रुपये क़र्ज़ हो चुका है."

  8. दिल्ली: उत्तम नगर हत्या मामले में पुलिस ने अब जोड़ी ये नई धाराएं

    दिल्ली के उत्तम नगर में 26 वर्षीय युवक की हत्या के मामले में पुलिस ने 7 लोगों को गिरफ़्तार किया है. साथ ही केस में एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं.

    डीसीपी द्वारका कुशल पाल सिंह ने बताया, "पीड़ित के परिवार और गवाहों के बयान के आधार पर केस में एससी/एसटी एक्ट की धाराएं भी जोड़ी गई हैं."

    उन्होंने बताया, "पकड़े गए सभी अभियुक्त स्थानीय निवासी हैं. फ़िलहाल जाँच चल रही है और इलाक़े में शांति बनाए रखने पर ध्यान दिया जा रहा है."

    पीटीआई के मुताबिक़, दिल्ली नगर निगम ने रविवार को इस विवाद से जुड़े मुख्य अभियुक्त के घर को भी बुलडोज़र से तोड़ दिया.

    मीडिया रिपोर्टों में दावा किया गया है कि 4 मार्च को होली के दिन विवाद तब शुरू हुआ जब एक लड़की ने एक महिला पर पानी का गुब्बारा फेंका.

    इसके बाद दो अलग-अलग समुदायों के परिवार सड़क पर आ गए और मारपीट हुई. इसमें एक तरफ़ से तीन और दूसरी तरफ़ से पांच लोग घायल हुए. 5 मार्च को 26 वर्षीय तरुण की मौत हो गई.

  9. नॉर्वे में अमेरिकी दूतावास के बाहर हुए धमाके पर पुलिस ने क्या बताया?

    नॉर्वे की राजधानी ओस्लो में अमेरिकी दूतावास के बाहर धमाका हुआ. पुलिस ने कहा है कि अभी तक कोई संदिग्ध नहीं है और ओस्लो में सुरक्षा बढ़ाई जा रही है.

    पुलिस प्रवक्ता फ्रॉड लार्सन ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, "मौजूदा सुरक्षा हालात को देखते हुए इसे अमेरिकी दूतावास पर 'जानबूझकर किए गए हमले' के तौर पर देखना स्वाभाविक है."

    फ्रॉड लार्सन ने नॉर्वे के पब्लिक ब्रॉडकास्टर एनआरके को बताया, "एक संभावना है कि यह 'चरमपंथी हमला' है, लेकिन अभी तक यह पूरी तरह तय नहीं है."

    इससे पहले पुलिस ने कहा था कि सिर्फ़ हल्का नुक़सान हुआ है और किसी के घायल होने की ख़बर नहीं है.

    नॉर्वे के अधिकारियों ने कहा कि वे अमेरिकी राजनयिकों से संपर्क में हैं और घटना की जांच शुरू हो गई है. अमेरिकी राजनयिकों ने अभी तक कोई टिप्पणी नहीं की है.

  10. इसराइली हमले के बाद ईरान में 'एसिड रेन' होने की चेतावनी

    इसराइल डिफेंस फ़ोर्सेज़ ने ईरान की राजधानी तेहरान में 'कई फ़्यूल स्टोरेज कॉम्प्लेक्सेज़' पर हमला करने की पुष्टि की थी. ये अब भी जल रहे हैं. ईरानी रेड क्रेसेंट ने आग के कारण एसिड रेन होने की चेतावनी दी है.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, रेड क्रेसेंट के बयान के अनुसार, "तेल के गोदामों में धमाके से बड़ी मात्रा में ज़हरीले हाइड्रोकार्बन, सल्फ़र और नाइट्रोजन ऑक्साइड हवा और बादलों में चले जाते हैं. अगर बारिश होती है तो यह बारिश बहुत ख़तरनाक होती है और इसमें तेज़ एसिडिक गुण होता है."

    रेड क्रेसेंट ने कहा, "एसिड रेन होने पर स्किन में जलन और फेफड़ों को गंभीर नुक़सान हो सकता है."

    साथ ही कुछ दिशानिर्देश भी दिए, जिनमें बताया गया है कि एसिड बारिश में भीगने के बाद क्या सावधानियां बरतनी चाहिए.

    एनवायरनमेंटल प्रोटेक्शन ऑर्गेनाइजेशन ने नागरिकों से कहा है कि वे बिना काम बाहर न निकलें और जितना हो सके घरों में ही रहें.

  11. नेपाल चुनाव: जेएनयू से पढ़े अमरेश ने नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष गगन थापा को चुनाव हराया

    नेपाल में आम चुनाव के वोटों की गिनती जारी है. राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी 117 सीटों पर जीत दर्ज कर चुकी है और 8 पर आगे चल रही है.

    नेपाली कांग्रेस 17, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ़ नेपाल-यूनिफ़ाइड मार्क्सिस्ट लेनिनिस्ट (सीपीएन-यूएमएल) और नेपाली कम्युनिस्ट पार्टी (एनसीपी) सिर्फ़ 7 सीटें जीती है. हालांकि, सीपीएन-यूएमएल पार्टी 3 सीटों पर आगे चल रही है.

    नेपाली कांग्रेस के अध्यक्ष गगन थापा सरलाही-4 सीट से चुनाव हार गए हैं. उन्हें राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के उम्मीदवार अमरेश कुमार सिंह ने हराया. अमरेश सिंह ने जेएनयू से पीएचडी की है.

    गगन थापा ने चुनाव हारने के बाद एक्स पोस्ट में लिखा, "डॉ अमरेश सिंह को सरलाही-4 से चुने जाने पर बधाई और शुभकामनाएं."

    "मैं इस क्षेत्र के सभी मतदाताओं का दिल से आभार व्यक्त करता हूं जिन्होंने मुझे प्यार, भरोसा और अपना वोट दिया. मैंने इस इलाक़े में जो समस्याएं देखी हैं, उन्हें लगातार उठाता रहूंगा. अपनी क्षमता के अनुसार हर संभव काम करता रहूंगा."

    नेपाल में कुल 275 सीटें हैं. यहां पर मतदाता एक बैलेट पेपर में क्षेत्र के उम्मीदवार को वोट देता है, जबकि दूसरे बैलट पेपर में राजनीतिक पार्टी को वोट देना होता है.

  12. ईरान ने कुवैत में 'अमेरिकी हेलिकॉप्टर बेस' पर हमला करने का दावा किया

    ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर ने दावा किया है कि उसने उत्तरी कुवैत में 'अमेरिकी हेलिकॉप्टर बेस अल-अदीरी' पर ड्रोन और बैलिस्टिक मिसाइलों से हमले किए हैं.

    जारी किए गए बयान के मुताबिक़, "इस हमले में हेलिकॉप्टर तैयार करने और मरम्मत करने वाले केंद्र, हेलिकॉप्टर और जहाज़ों के ईंधन टैंक और बेस की कमांड बिल्डिंग को भारी नुकसान हुआ है. इसके बाद यहां पर भीषण आग लग गई."

    इस बेस पर अमेरिकी वायु सेना की लड़ाकू यूनिट्स के साथ-साथ गतिविधियों पर नज़र रखने वाली यूनिट्स तैनात हैं.

    बीबीसी फ़ारसी के मुताबिक़, अमेरिका और कुवैत ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है. कुवैत के गृह मंत्रालय ने एक्स न्यूज़ को बताया कि दो फायरफाइटर ड्यूटी के दौरान मारे गए, लेकिन और जानकारी नहीं दी.

  13. शहबाज़ शरीफ़ ने दुबई में मारे गए दो पाकिस्तानी नागरिकों पर क्या कहा?

    पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने दुबई में मिसाइल के टुकड़े गिरने से हुई 'दो पाकिस्तानी नागरिकों की मौत' पर दुख जताया है.

    शहबाज़ शरीफ़ ने रविवार को एक्स पोस्ट में लिखा, "मैं दुबई में मिसाइल के टुकड़ों से हुई घटना में दो पाकिस्तानी नागरिकों की मौत से बहुत दुखी हूं."

    "यूएई में हमारे राजनयिक दुबई अधिकारियों के साथ लगातार संपर्क में हैं, ताकि ज़रूरी मदद दी जा सके और शवों को वापस लाने की प्रक्रिया आसान हो."

    उन्होंने लिखा, "इस दुख की घड़ी में हमारी संवेदना उस परिवार के साथ है जिसने अपने प्रियजन खो दिए हैं."

    गौरतलब है कि इससे पहले संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में मौजूद पाकिस्तानी दूतावास ने जानकारी दी है कि दुबई में मिसाइल को हवा में रोके जाने के बाद गिरे मलबे से एक पाकिस्तानी नागरिक की मौत हुई है.

    लेकिन पाकिस्तान पीएम के एक्स पोस्ट में दो नागरिकों के मारे जाने की बात लिखी गई है.

  14. ईरानी मीडिया का दावा- ईरान के नए सुप्रीम लीडर का चुनाव हुआ, ग़ोंचेह हबीबियाज़ाद, बीबीसी फ़ारसी

    ईरान की असेंबली ऑफ़ एक्सपर्ट्स के सदस्य अहमद आलमोलहोदा ने दावा किया है कि ईरान के अगले नेता का चुनाव हो चुका है.

    सेमी-ऑफ़िशियल न्यूज़ एजेंसी 'मेहर' से मिली जानकारी के मुताबिक़, असेंबली ऑफ़ एक्सपर्ट्स के हेड ऑफ़ सेक्रेटेरिएट हुसैनी बुशहरी इस फ़ैसले को सार्वजनिक रूप से घोषित करने के लिए ज़िम्मेदार हैं.

    दरअसल, सर्वोच्च नेता आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई की मौत के बाद से ही ईरान के नए सुप्रीम लीडर को लेकर कयास तेज़ हैं.

    हालांकि, इसराइल कह चुका है कि जो भी नया नेता चुना जाएगा, उसे वो निशाना बनाएगा.

  15. भारतीय महिला क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया ने 10 विकेट से हराकर इकलौता टेस्ट मैच जीता

    भारत की महिला क्रिकेट टीम को ऑस्ट्रेलिया ने 10 विकेट से एकमात्र डे-नाइट टेस्ट हरा दिया है. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर भारत की टीम वनडे सिरीज़ भी हार गई थी.

    पर्थ के वाका ग्राउंड पर खेले गए टेस्ट मुक़ाबले में भारत की पहली पारी महज़ 198 रन की रही. इसके बाद ऑस्ट्रेलिया ने 323 रन बनाए और 125 रनों की बढ़त हासिल की.

    दूसरी पारी में टीम इंडिया ने सिर्फ 149 रन बनाते हुए ऑस्ट्रेलिया के सामने महज़ 25 रन का लक्ष्य रखा. ऑस्ट्रेलिया ने बिना कोई विकेट गंवाए इस छोटे लक्ष्य को हासिल कर लिया और जीत दर्ज की.

    भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3-3 मैचों की टी-20 और वनडे सिरीज़ हुई, फिर एक टेस्ट मैच खेला गया. भारत ने टी-20 सिरीज़ को 2-1 से अपने नाम किया, लेकिन वनडे सिरीज़ और टेस्ट मैच में हार मिली.

  16. नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने जेडीयू में शामिल होने के बाद क्या कहा?

    बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने रविवार को जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) की सदस्यता ग्रहण कर ली.

    इस दौरान उन्होंने कहा, "मैं सबका धन्यवाद करता हूं. मैं कोशिश करूंगा कि आप सबने जो भरोसा मुझ पर किया है, उस पर खरा उतरूं. मेरे पिता ने पिछले 20 सालों में जो काम किया, उस पर मैं, बिहार और पूरा देश गर्व करता है."

    उन्होंने कहा, "मेरे पिता का राज्यसभा जाने का फ़ैसला उनका निजी निर्णय था. मैं उस फ़ैसले को स्वीकार करता हूं और उसका सम्मान करता हूं."

    गौरतलब है कि नीतीश कुमार ने 5 मार्च को राज्यसभा का नामांकन दाख़िल कर दिया था.

  17. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. दुबई में गिरे मिसाइल के मलबे से एक पाकिस्तानी नागरिक की मौत

    संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में मौजूद पाकिस्तानी दूतावास ने जानकारी दी है कि दुबई में मिसाइल को हवा में रोके जाने के बाद गिरे मलबे से एक पाकिस्तानी नागरिक की मौत हो गई है.

    दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर रविवार को किए अपने पोस्ट में इस मौत पर गहरा दुख जताया है.

    बयान में कहा गया कि दुबई में पाकिस्तान का कॉन्सुलेट स्थानीय अधिकारियों के साथ सीधे संपर्क में है, ताकि परिवार की मदद की जा सके और शव को जल्द से जल्द पाकिस्तान भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा सके.

    दुबई मीडिया ऑफ़िस के मुताबिक़, हवा में रोकी गई मिसाइल या ड्रोन के टुकड़े एक गाड़ी पर गिरे, जिससे गाड़ी चला रहे चालक की मौत हो गई.

    अधिकारियों के मुताबिक़, यह घटना दुबई के अल बरशा इलाके़ में हुई.

    इस घटना से पहले यूएई ने कहा था कि वह ईरान से आने वाली मिसाइल और ड्रोन से जुड़े ख़तरों का जवाब दे रहा है.

  19. डोनाल्ड ट्रंप बोले, 'ईरान की नेवी ख़त्म, वायु सेना ख़त्म, फ़ैक्ट्रियों को उड़ा दिया, 42 जहाज़ डूब गए'

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान की सुप्रीम नेशनल सिक्योरिटी काउंसिल (एसएनएससी) के प्रमुख अली लारीजानी के बयान पर प्रतिक्रिया दी है.

    लारीजानी ने इससे पहले कहा था कि ईरान पर हुए अमेरिकी-इसराइल हमलों के लिए अमेरिका को 'क़ीमत चुकानी पड़ेगी'.

    शनिवार को बीबीसी के सहयोगी चैनल सीबीएस न्यूज़ को दिए एक फ़ोन इंटरव्यू में ट्रंप कहा, "मुझे नहीं पता वह किस बारे में बात कर रहे हैं, वह कौन हैं. मुझे इससे बिल्कुल भी फर्क नहीं पड़ता. वह पहले ही हार चुके हैं."

    उन्होंने दावा किया, "हमने जो काम किया है वह शानदार है. मिसाइलें पूरी तरह नष्ट कर दी गई हैं."

    ट्रंप ने कहा, "फै़क्ट्रियों को अभी भी उड़ाया जा रहा है. उनकी नौसेना ख़त्म हो चुकी है. छह दिनों में 42 जहाज डूब गए. वायुसेना ख़त्म हो गई है. उनकी सेना का हर हिस्सा ख़त्म हो चुका है. उनका नेतृत्व ख़त्म हो चुका है. ऐसा कुछ भी नहीं बचा जो ख़त्म न हुआ हो."

    उन्होंने कहा, "हम ऐसे स्तर पर और इतनी तेज़ी से जीत रहे हैं जैसा पहले कभी नहीं देखा गया."

  20. बेरूत के होटल पर इसराइली हमला, 4 की मौत, कई घायल

    लेबनान की राजधानी बेरूत के एक होटल में हुए इसराइली हमले में चार लोगों की मौत हो गई और 10 अन्य घायल हो गए. वहां के स्वास्थ्य मंत्रालय ने यह जानकारी दी है.

    न्यूज़ एजेंसी रॉटर्स के मुताबिक़, यह होटल उन लोगों को ठहराने के लिए इस्तेमाल हो रहा था जो दक्षिणी लेबनान और बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में जारी लड़ाई से बेघर हो गए थे.

    आगे और हमलों के डर से कुछ लोग इमारत से बाहर निकलते भी देखे गए.

    दूसरी ओर इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सेज़ ने टेलीग्राम पर पोस्ट करते हुए कहा कि उन्होंने 'सटीक हमला' किया, जिसका निशाना क़ुद्स फ़ोर्स के 'मुख्य कमांडर' थे.

    आईडीएफ़ ने इस सप्ताह की शुरुआत में यह भी दावा किया था कि उन्होंने लेबनान कॉर्प्स के अस्थायी कमांडर दाऊद अलीज़ादेह को मार दिया है.

Trending Now