अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ हम फ़िर हाज़िर होंगे.
हमारे पेज पर लगी अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ा जा सकता है-
भारतीय वायुसेना के एक सुखोई विमान के गुम होने की जानकारी मिली है. भारतीय वायुसेना ने कहा है कि विमान ने असम के जोरहाट से उड़ान भरी थी और आख़िरी बार शाम 7.42 बजे उससे संपर्क हुआ था.
चंदन कुमार जजवाड़े, सुरभि गुप्ता
अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता को दीजिए इजाज़त. कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ हम फ़िर हाज़िर होंगे.
हमारे पेज पर लगी अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक्स पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ा जा सकता है-

इमेज स्रोत, Getty Images
भारतीय वायुसेना के एक सुखोई विमान के गुम होने की जानकारी मिली है. भारतीय वायुसेना ने बताया है कि सर्च और रेस्क्यू मिशन शुरू कर दिया गया है.
भारतीय वायुसेना ने इस बारे में एक्स पर पोस्ट किया है. इसमें बताया गया है, "भारतीय वायुसेना के एक Su-30 MKI के डेस्टिनेशन पर नहीं पहुंचने की रिपोर्ट है."
"विमान ने असम के जोरहाट से उड़ान भरी थी और आख़िरी बार शाम 7.42 बजे उससे संपर्क हुआ था. आगे की डिटेल्स का पता लगाया जा रहा है. सर्च और रेस्क्यू मिशन शुरू कर दिया गया है."

इमेज स्रोत, Getty Images
नखचिवन ऑटोनॉमस इलाके में ड्रोन हमले के बाद अज़रबैजान 'जवाबी कार्रवाई' की तैयारी में है.
अज़रबैजान के विदेश मंत्रालय ने इस इलाके में ईरानी ड्रोन हमला होने की बात कही है.
मंत्रालय ने कहा, "एक ड्रोन नखचिवन ऑटोनॉमस रिपब्लिक में एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग पर गिरा, जबकि दूसरा ड्रोन शकराबाद गांव में एक स्कूल बिल्डिंग के पास गिरा."
अज़रबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव ने इसका बदला लेने की बात कही है. अज़रबैजान का दक्षिणी एयरस्पेस, जो ईरानी बॉर्डर के पास है, उसे 12 घंटे के लिए बंद कर दिया गया है.
अज़रबैजान के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि वह उस ड्रोन की जांच कर रहा है, जिसका इस्तेमाल हमले में किया गया.
ईरान ने क्या कहा?
ईरानी सेना ने अज़रबैजान के नखचिवन में एयरपोर्ट और स्कूल के पास ड्रोन लॉन्च करने से इनकार किया है. ईरान ने हमले के लिए इसराइल को ज़िम्मेदार ठहराया है.
ईरानी विदेश मंत्री ने इसे ईरान के अपने पड़ोसी के साथ रिश्तों को नुक़सान पहुंचाने की इसराइल की कोशिश बताया.
अज़रबैजान में कोई अमेरिकी बेस नहीं
मध्य पूर्व मामलों के डिज़िटल एडिटर राफ़ी बर्ग लिखते हैं कि खाड़ी देशों और इराक के कुर्दिस्तान इलाके के उलट, अज़रबैजान में कोई अमेरिकी बेस नहीं है, जिससे यह सवाल उठता है कि उस पर हमला क्यों किया गया.
बर्ग के मुताबिक इसका एक जवाब यह हो सकता है कि ईरान के उत्तर-पश्चिम सीमा पर अज़रबैजान, इसराइल और अमेरिका का क़रीबी रणनीतिक पार्टनर है.
अज़रबैजान एक सेक्युलर लेकिन शिया मुस्लिम-बहुल देश है.
अज़रबैजान इसराइली हथियारों का एक बड़ा खरीदार है, इसराइल काफी मात्रा में अज़रबैजान का तेल आयात करता है. ऐसा माना जाता है कि दोनों देश इंटेलिजेंस के मामले में, ख़ासकर ईरान पर नज़र रखने के मामले में, मिलकर काम करते हैं.
ईरान लंबे समय से अज़रबैजान पर इसराइल की इंटेलिजेंस एजेंसी मोसाद को अपने इलाके में काम करने देने का आरोप लगाता रहा है, जिसमें मोसाद एजेंटों को ईरानी न्यूक्लियर साइंटिस्ट को मारने में मदद करना भी शामिल है, इस आरोप से अज़रबैजान ने साफ़ इनकार किया है.

नीतीश कुमार के राज्यसभा के लिए नामांकन भरने पर आज का कार्टून.

इमेज स्रोत, Jaimi Joy / POOL / AFP via Getty Images
ब्रिटेन के प्रधानमंत्री किएर स्टार्मर ने मध्य पूर्व में जंग "कुछ समय" तक जारी रहने की आशंका जताई है.
स्टार्मर ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस की, जिसमें उन्होंने बताया कि ब्रिटेन क़तर में और फ़ाइटर जेट भेज रहा है.
स्टार्मर ने बताया कि उन्होंने गुरुवार सुबह सरकार की इमरजेंसी कमिटी कोबरा की एक और मीटिंग की अध्यक्षता की.
उन्होंने कहा कि ब्रिटेन क़तर में चार और टाइफ़ून जेट भेज रहा है. उन्होंने ये भी दोहराया कि ब्रिटेन ने अमेरिका को "डिफ़ेंसिव ऑपरेशन" के लिए ब्रिटिश बेस इस्तेमाल करने की इजाज़त दी है.
स्टार्मर ने कहा कि लगभग चार हज़ार लोग कमर्शियल फ़्लाइट से ब्रिटेन वापस आ चुके हैं. हालांकि, उन्होंने ये कहा कि लोगों को वापस लाने की कोशिश "रातों-रात नहीं होने वाली है."

इमेज स्रोत, ANI
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने राज्यपाल सीवी आनंद बोस के इस्तीफ़े पर हैरानी जताई है. इसके साथ ही, उन्होंने केंद्र सरकार पर 'एकतरफ़ा फ़ैसले लेने' का आरोप लगाया है.
उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "पश्चिम बंगाल के गवर्नर सीवी आनंद बोस के इस्तीफ़े की अचानक आई ख़बर से मैं हैरान और बहुत परेशान हूं."
"उनके इस्तीफ़े की वजह मुझे अभी पता नहीं है. हालांकि, मौजूदा हालात को देखते हुए, मुझे हैरानी नहीं होगी अगर आने वाले राज्य विधानसभा चुनावों से ठीक पहले राज्यपाल पर केंद्रीय गृह मंत्री ने कुछ राजनीतिक फ़ायदे के लिए दबाव डाला हो."
'आरएन रवि को बनाया जा रहा पश्चिम बंगाल का राज्यपाल'
सीएम ममता बनर्जी ने लिखा, "केंद्रीय गृह मंत्री ने अभी मुझे बताया कि आरएन रवि को पश्चिम बंगाल का राज्यपाल बनाया जा रहा है. उन्होंने इस बारे में तय रिवाज़ के मुताबिक़ मुझसे कभी सलाह नहीं ली."
उन्होंने लिखा कि केंद्र को ऐसे एकतरफ़ा फ़ैसले लेने से बचना चाहिए, जो लोकतांत्रिक रिवाज़ों और राज्यों के सम्मान को ख़त्म करते हैं.

इमेज स्रोत, ANI
पश्चिम बंगाल के राज्यपाल सीवी आनंद बोस ने अपने पद से इस्तीफ़ा दे दिया है.
बीबीसी संवाददाता शुभज्योति घोष से सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है. उनके मुताबिक़ सीवी आनंद बोस अभी दिल्ली में हैं.
न्यूज़ एजेंसी एएनआई ने राज्यपाल के ओएसडी (ऑफ़िसर ऑन स्पेशल ड्यूटी) के हवाले से बताया है कि सीवी आनंद बोस ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु को अपना इस्तीफ़ा भेज दिया है.
न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ बोस ने इस्तीफ़ा देने के बाद कहा, "मैंने राज्यपाल के ऑफ़िस में पर्याप्त समय बिताया है."
पश्चिम बंगाल में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं. हालांकि, मतदान की तारीख़ों का एलान होना अभी बाकी है.

इमेज स्रोत, Getty Images
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जानकारी दी है कि पश्चिम एशिया (मध्य पूर्व) के हालात पर उन्होंने गुरुवार को फ़्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बात की.
पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, "आज अपने दोस्त राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से बात की. हमने पश्चिम एशिया के हालात पर अपनी साझा चिंताओं पर चर्चा की."
बातचीत और कूटनीति की ज़रूरत पर ज़ोर देते हुए पीएम मोदी ने लिखा कि क्षेत्र में शांति और स्थिरता की बहाली के लिए भारत और फ़्रांस मिलकर कोशिश करेंगे.
अमेरिका और इसराइल के ईरान के ख़िलाफ़ युद्ध का आज छठा दिन है. अमेरिका और इसराइल ने 28 फ़रवरी को ईरान पर हमला किया था.
अमेरिकी-इसराइली हमलों के जवाब में ईरान ने अपने अरब पड़ोसियों की ओर सैकड़ों मिसाइलें और ड्रोन दागे हैं. ईरान ने कहा है कि उसका निशाना क्षेत्र में स्थित अमेरिकी बेस हैं.

इमेज स्रोत, REUTERS
नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री सुशीला कार्की का कहना है कि वह गुरुवार को हुए मतदान के बाद नई चुनी हुई सरकार को "जल्दी" सत्ता सौंपना चाहती हैं.
गुरुवार शाम को, चुनाव ख़त्म होने के ठीक बाद, बीबीसी न्यूज़ नेपाली से ख़ास बातचीत में उन्होंने कहा, "देखते हैं कि किस तरह की सरकार बनती है, गठबंधन की सरकार होगी या एक पार्टी की."
"हम जल्दी सत्ता सौंपने की कोशिश करेंगे क्योंकि युवाओं को नई सरकार से बहुत उम्मीदें हैं."
कार्की ने चुनाव होने पर अपनी "खुशी" ज़ाहिर की.
नेपाल में पिछले साल बड़े विरोध और हिंसा के बाद सितंबर में सुशीला कार्की की अंतरिम सरकार बनी थी और छह महीने में चुनाव कराने का आदेश दिया गया था.
युवाओं के विरोध, जिसमें अच्छी सरकार और भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ कार्रवाई की मांग की गई थी, के कारण केपी ओली को सत्ता से हटाया गया था.

इमेज स्रोत, ANI
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर और ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची के बीच गुरुवार को एक टेलीकॉन्फ़्रेंस हुई.
ये जानकारी एस जयशंकर ने एक्स पर पोस्ट कर दी. उन्होंने लिखा, "आज दोपहर ईरानी विदेश मंत्री सैयद अब्बास अराग़ची के साथ टेलीकॉन हुआ."
दोनों के बीच क्या बात हुई, इसे लेकर फ़िलहाल कोई जानकारी नहीं है.
एस जयशंकर ने ओमान के विदेश मंत्री से बात होने की भी जानकारी दी है.
उन्होंने एक्स पर पोस्ट किया, "पश्चिम एशिया में चल रहे संघर्ष पर ओमान के विदेश मंत्री सैयद बद्र बिन हमद बिन हमूद अलबुसैदी से बात की."
टी20 वर्ल्ड कप का दूसरा सेमी फ़ाइनल मुक़ाबला वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना है.
पहले सेमी फ़ाइनल मुकाबले में न्यूज़ीलैंड ने जीत हासिल की है. अब सबकी निगाहें भारत बनाम इंग्लैंड के मुक़ाबले पर है.
देखिए क्रिकेट स्टेडियम में पहुंच रहे फ़ैन्स क्या बोल रहे हैं.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट YouTube समाप्त

इमेज स्रोत, Getty Images
ईरान का आरोप है कि अमेरिका और इसराइल जानबूझकर उसके आम लोगों के इलाकों को निशाना बना रहे हैं.
ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माईल बाकेई ने एक्स पर पोस्ट किया, "ईरान के ख़िलाफ़ यह बर्बर, बिना उकसावे वाला और पूरी तरह से ग़लत हमला लड़ाई के मैदान से कहीं आगे तक फैला हुआ है."
"इसका असर दुनिया भर के बाज़ारों में दिख रहा है, जिससे एनर्जी की कीमतें बढ़ रही हैं, करेंसी में उतार-चढ़ाव आ रहा है, और दुनिया भर के आम लोगों की परचेज़िंग पावर कम हो रही है."
बाकेई ने आगे लिखा, "फिर भी हम ईरानियों के लिए, इसकी क़ीमत बहुत ज़्यादा है: हमारे लोगों को बेरहमी से मारा जा रहा है क्योंकि हमलावर जानबूझकर आम लोगों के इलाकों और ऐसी किसी भी जगह को निशाना बना रहे हैं जहां उन्हें लगता है कि सबसे ज़्यादा तकलीफ़ और जान का नुक़सान होगा."
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वह ईरान की बैलिस्टिक मिसाइल क्षमताओं और न्यूक्लियर हथियार बनाने की क्षमता को ख़त्म करना चाहते हैं.

इमेज स्रोत, Getty Images
बहरीन का कहना है कि इसराइल और अमेरिका के हमले के बाद जब से ईरान ने उसे टारगेट करना शुरू किया है, तब से उसने 75 ईरानी मिसाइलें और 123 ड्रोन नष्ट किए हैं.
इंस्टाग्राम पर एक पोस्ट में, बहरीन डिफ़ेंस फ़ोर्स ने कहा कि वह "ईरानी आतंकवादी हमलों का लगातार सामना" कर रही है.
बहरीन डिफ़ेंस फ़ोर्स ने जनता से अपील की है कि जब तक ज़रूरी न हो, वे घर से बाहर न निकलें.
इसमें यह भी कहा गया है कि आम लोगों पर मिसाइलों और ड्रोन का इस्तेमाल "अंतरराष्ट्रीय मानवीय क़ानून का खुला उल्लंघन है" और "क्षेत्रीय शांति और सुरक्षा" के लिए ख़तरा है.
इसराइल और अमेरिका ने 28 फ़रवरी को ईरान पर हमला किया था. इसके बाद ईरान ने मध्य पूर्व के देशों में स्थित अमेरिकी बेसों को निशाना बनाने की बात कही.
मध्य पूर्व के कई देशों ने ईरानी मिसाइल और ड्रोन हमला होने की बात कही है, जिसमें बहरीन भी शामिल है.
ईरान, इसराइल और अमेरिका के बीच जंग छठे दिन में प्रवेश कर चुकी है और हालात लगातार गंभीर होते जा रहे हैं.
मिसाइल-ड्रोन हमले और जवाबी कार्रवाई ने पूरे पश्चिम एशिया को अस्थिर कर दिया है. इस बीच इसमें भारत और मोदी सरकार की भी चर्चा तेज़ हो गई है.
देखिए बीबीसी न्यूज़ हिन्दी का ये स्पेशल लाइव.
इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट YouTube समाप्त

इमेज स्रोत, ANI
गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को कहा कि बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बहुत ही लंबे अरसे के बाद एक बार फिर से राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश करेंगे.
उन्होंने कहा, "आज बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्यसभा में अपना नामांकन दाखिल किया है. इसके साथ ही बहुत ही लंबे अरसे के बाद नीतीश कुमार फिर से एक बार राष्ट्रीय राजनीति में राज्यसभा सांसद के नाते प्रवेश करेंगे."
"2005 से लेकर आज तक नीतीश कुमार बिहार के मुख्यमंत्री रहे. उनका ये कार्यकाल बिहार के इतिहास में स्वर्णिम पृष्ठ के रूप में लिखा जाएगा."
अमित शाह ने कहा, "इतने लंबे करियर में विधायक, सांसद, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री रहते हुए उनके (नीतीश कुमार) कुर्ते पर कभी दाग नहीं लगा. भ्रष्टाचार का आरोप लगे बिना इतना लंबा राजनीतिक सफ़र शायद ही किसी ने तय किया हो जो नीतीश कुमार ने तय किया है."
"राज्यसभा सांसद होने के नाते वे दिल्ली आ रहे हैं. मैं और एनडीए के सभी साथी उनका हृदय से स्वागत करते हैं."
नीतीश कुमार के अलावा गुरुवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, रामनाथ ठाकुर, उपेंद्र कुशवाहा और शिवेश राम ने भी राज्यसभा में नामांकन दाखिल किया है.

इमेज स्रोत, Getty Images
अज़रबैजान के विदेश मंत्रालय का कहना है कि ईरानी ड्रोन हमले में उसके दो आम नागरिक घायल हो गए हैं.
मंत्रालय ने कहा, "एक ड्रोन नखचिवन ऑटोनॉमस रिपब्लिक में एयरपोर्ट की टर्मिनल बिल्डिंग पर गिरा, जबकि दूसरा ड्रोन शकराबाद गांव में एक स्कूल बिल्डिंग के पास गिरा."
ड्रोन हमले में एक एयरपोर्ट बिल्डिंग को नुक़सान पहुंचा और दो आम नागरिक घायल हो गए.
मंत्रालय का कहना है कि अज़रबैजान में ईरान के राजदूत को समन किया गया है, जहां "ईरानी पक्ष को कड़ा विरोध जताया जाएगा, और विरोध का एक नोट पेश किया जाएगा."
28 फ़रवरी को इसराइल और अमेरिका ने ईरान पर हमला किया था. इसके बाद ईरान ने आसपास के देशों में स्थित अमेरिकी बेस को निशाना बनाने की बात कही.
अब यह युद्ध अपने छठे दिन में पहुंच गया है. इसराइल और ईरान ने नए हमले शुरू किए हैं. इस बीच, कतर और बहरीन में भी धमाकों की ख़बर है.

इमेज स्रोत, Getty Images
बिहार में चल रहे सियासी घटनाक्रम पर सीपीआईएमएल के महासचिव दीपांकर भट्टाचार्य ने प्रतिक्रिया दी है.
दीपांकर भट्टाचार्य ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के उस पोस्ट पर जवाब दिया, जिसमें उन्होंने राज्यसभा का सदस्य बनने की इच्छा जाहिर की.
दीपांकर भट्टाचार्य ने एक्स पर लिखा, "यह एनडीए के किसी भी गेमप्लान या उस बदलाव के बारे में नहीं है, जो बीजेपी ने बिहार में चाहा. यह उस जनादेश के साथ सीधा धोखा है जो एनडीए ने आपके नाम पर मांगा और पाया. यह बिहार को हल्के में लेना और राज्य के लोगों के साथ खेल खेलना है."
कई विपक्षी दलों ने नीतीश कुमार के फ़ैसले पर प्रतिक्रिया दी है. कांग्रेस पार्टी ने बिहार की सत्ता में हो रहे इस बदलाव को जनता के साथ धोखा बताया है.
वहीं आरजेडी के सांसद मनोज झा ने नीतीश कुमार के पोस्ट पर लिखा, "यह मान लेने में शायद ही किसी को संशय/संकोच हो कि यह पोस्ट नीतीश कुमार जी की अपनी आवाज़ नहीं लगती...इसमें तो साफ़-साफ़ दिल्ली दरबार की क़लम की आहट सुनाई देती है."
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.
अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुरभि गुप्ता आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगी.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

इमेज स्रोत, ANI
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के लिए नामांकन करने की घोषणा के बाद राज्य की सियासत अचानक गर्म हो गई है. इस मुद्दे पर बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव ने प्रतिक्रिया दी है.
तेजस्वी यादव ने कहा, "हमलोग ये पहले कहते थे कि ‘चुनाव में जिस हिसाब से इनकी जीत हुई है, धन तंत्र की जीत हुई है, मशीन तंत्र की जीत हुई है’. एनडीए के एक-एक घटक दल जानते हैं कि उनकी जीत कैसे हुई है."
"अब, नीतीश कुमार ने भी पोस्ट किया है कि वह राज्यसभा जाना चाहते हैं. हम शुरू से ही कह रहे हैं कि चुनाव के बाद नीतीश कुमार को बीजेपी के लोग मुख्यमंत्री की कुर्सी पर नहीं रहने देंगे. यह महाराष्ट्र मॉडल है, जिसे रिफ़ाइन्ड तरीके से बिहार में लागू किया गया है. अब वह बात सही साबित हुई है."
इससे पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक्स पर एक पोस्ट में ख़ुद को राज्यसभा उम्मीदवार बनाए जाने की पुष्टि की है.
इसके साथ ही यह तय हो गया कि बिहार में दो दशकों के बाद राज्य की सत्ता में एक बड़ा बदलाव होने जा रहा है.
नीतीश कुमार को लेकर बिहार के सियासी गलियारों में लगातार यह चर्चा चल रही थी कि वो बिहार की सत्ता से अलग राज्यसभा का रुख़ करने वाले हैं.

इमेज स्रोत, Reuters
अमेरिका और इसराइल के ईरान पर हमलों के बाद मिडिल ईस्ट में छठे दिन भी हवाई हमले जारी रहे. ईरान ने रात भर इसराइली इलाक़ों पर मिसाइलें दागी हैं.
अमेरिका और इसराइल ने बीती रात ईरान पर बमबारी तेज़ कर दी थी. जबकि इसराइल की मिलिट्री ने बेरूत के दक्षिणी इलाकों को भी निशाना बनाया, जो हिज़्बुल्लाह का गढ़ है.
इधर रॉकेट हमलों की चेतावनी देने के लिए तेल अवीव और यरूशलम में एयर रेड सायरन बजने लगे. हालाँकि इसराइली एयर डिफेंस ने मिसाइलों को रोक दिया, जिससे धमाके सुने जा सकते थे.
इस मामले में किसी के हताहत होने की तुरंत कोई खबर नहीं है. ईरान से दागे जा रहे रॉकेटों की संख्या में कमी के कारण इसराइल आम लोगों पर कुछ पाबंदियां कम कर रहा है.
इसराइली सेना के एक प्रवक्ता ने कहा कि ईरानी मिसाइल स्टॉक और लॉन्च साइट्स को निशाना बनाने की कोशिशें कामयाब रही हैं.
जबकि ईरान की राजधानी तेहरान में फिर से धमाकों की ख़बर है और लेबनान में इसराइल के और भी ख़तरनाक हवाई हमले हुए हैं.
लेबनानी अधिकारियों का कहना है कि इसराइल और हिज़्बुल्लाह के बीच नई लड़ाई शुरू होने से 80 हज़ार से ज़्यादा लोग बेघर हो गए हैं.