अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर लगी कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
ट्रंप के इन बयानों से अमेरिका और ईरान के बीच चल रही अप्रत्यक्ष बातचीत को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं.
अरशद मिसाल, चंदन कुमार जजवाड़े
अब इस लाइव पेज को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव पेज के साथ हम फिर हाज़िर होंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी की वेबसाइट पर लगी कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

इमेज स्रोत, EPA/Shutterstock
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कैबिनेट बैठक की. इस बैठक के दैरान डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर कहा कि ईरान को युद्ध ख़त्म करने के लिए समझौता करना चाहिए.
साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान बातचीत के लिए आगे नहीं आता है, तो अमेरिका “उन्हें लगातार निशाना बनाता रहेगा.”
ट्रंप के इन बयानों से अमेरिका और ईरान के बीच चल रही अप्रत्यक्ष बातचीत को लेकर नए सवाल खड़े हो गए हैं.
राष्ट्रपति ट्रंप ने एक बार फिर दोहराया कि ईरान समझौता करना चाहता है. वो पहले भी ऐसे दावे कर चुके हैं. हालांकि, ईरानी अधिकारियों का कहना है कि उनका देश अमेरिका के साथ कोई बातचीत नहीं कर रहा है.
बुधवार को ईरान ने अमेरिका के उस शांति प्रस्ताव को भी ख़ारिज कर दिया, जिसमें कथित तौर पर ईरान से अपने परमाणु कार्यक्रम को छोड़ने और बैलिस्टिक मिसाइलों को सीमित करने की मांग की गई थी.
कैबिनेट बैठक में ट्रंप के विशेष दूत स्टीव विटकॉफ ने पुष्टि करते हुए बताया कि अमेरिका ने ईरान के सामने 15 बिंदुओं वाला शांति प्रस्ताव रखा था. हालांकि उन्होंने इसके विवरण नहीं बताए.
राष्ट्रपति ट्रंप ने न तो ईरान द्वारा इस प्रस्ताव को ख़ारिज करने का ज़िक्र किया और न ही मध्य-पूर्व में ज़मीनी सेना भेजने के अपने फ़ैसले पर कुछ कहा.
उन्होंने सिर्फ़ इतना कहा कि अब फै़सला ईरान के हाथ में है और अगर वह युद्धविराम के लिए तैयार नहीं होता है, तो उसे गंभीर नतीज़े भुगतने होंगे.
राष्ट्रपति ट्रंप ने कहा, “अगर वो ऐसा नहीं करते, तो हम उनके लिए सबसे बड़ा डरावना सपना बन जाएंगे. हम बिना किसी रोक-टोक के उन्हें लगातार निशाना बनाते रहेंगे.”
हालांकि, यह साफ़ नहीं है कि अमेरिका ईरान को बातचीत की मेज़ पर लाने की योजना कैसे बना रहा है, या फिर लगातार हमले ईरान के रुख़ को कैसे बदल पाएंगे, क्योंकि चार हफ्तों की लड़ाई भी ऐसा नहीं कर सकी है.

इमेज स्रोत, PTI
गुरुवार को पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना ज़िले में चुनाव प्रचार के दौरान भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के समर्थकों के बीच झड़प हो गई.
स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे पुलिसकर्मी भी इसकी चपेट में आ गए.
पीटीआई के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई, जब बसंती सीट से बीजेपी उम्मीदवार बिकाश सरदार 29 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए इलाक़े में प्रचार कर रहे थे.
पीटीआई के मुताबिक़, सड़क किनारे मौजूद टीएमसी समर्थक प्रचार की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे, जिस पर बीजेपी कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई.
इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हुई, जो जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई.

इमेज स्रोत, ANI
बांग्लादेश में एक बस के नदी में गिरने से 26 लोगों की मौत हो गई है, जबकि कुछ लोग लापता हैं.
पीटीआई के मुताबिक, हादसा बुधवार शाम करीब 5:15 बजे दक्षिण-पश्चिमी ज़िले राजबाड़ी के दौलतदिया फेरी टर्मिनल पर हुआ, जब बस पद्मा नदी में गिर गई.
जब यह हादसा हुआ, तब बस एक फेरी पर चढ़ रही थी. फेरी एक नाव होती है, जिसका इस्तेमाल लोगों, गाड़ियों या सामान को नदी, झील या समुद्र पार ले जाने के लिए किया जाता है.
अधिकारियों ने बताया कि कुछ यात्री तैरकर बाहर निकल आए, लेकिन बाकी फंस गए.
अब तक 20 से ज़्यादा शव निकाले जा चुके हैं, जिनमें पांच बच्चे भी शामिल हैं. भारी बारिश और तेज धारा की वजह से रातभर बचाव कार्य में दिक्कत आई.

इमेज स्रोत, ANSHUL JAIN
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा-नागपुर हाईवे पर सड़क हादसे में कम से कम 10 लोगों की मौत हुई है और 40 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं.
यह टक्कर बुधवार शाम करीब 7 बजे हुई. मोहखेड़ ब्लॉक के एक गांव से सरकारी कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रही बस की सामने से आ रही लहसुन से लदे पिकअप वाहन से सीधी भिड़ंत हो गई.
यह कार्यक्रम ज़िले के सौंसर इलाके में आयोजित हुआ था. इसमें मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव मुख्य अतिथि थे.
मृतकों में छह पुरुष, तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं. बस में सवार सभी लोग करेर पंचायत के रहने वाले बताए जा रहे हैं.
स्थानीय लोग सबसे पहले मौके पर पहुंचे. उन्होंने राहत और बचाव का काम शुरू किया, इसके बाद आपात सेवाएं पहुंचीं.
घायलों को छिंदवाड़ा के ज़िला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इनमें से कई की हालत गंभीर बताई जा रही है.

इमेज स्रोत, Getty Images
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने अमेरिका पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि इसराइल और ईरान को अलग-अलग नज़रिए से देखा जा रहा है.
ईरान के विदेश मंत्री ने एक्स पर लिखा, “अमेरिका ने इसराइल की ग़ज़ा नाकेबंदी का समर्थन किया और सुरक्षा का हवाला देते हुए ग़ज़ा को मिलने वाली सहायता में कटौती की, फिर भी वह स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में अपनी रक्षा करने के लिए ईरान की निंदा करता है.”
उन्होंने आगे लिखा, “दोहरा मापदंड है, इसराइल के अपराधों को सही माना जाता है, जबकि हमलावरों के ख़िलाफ़ ईरान की रक्षा की निंदा की जाती है. अंतर्राष्ट्रीय कानून सुविधा का साधन नहीं है.”
गौरतलब है कि ईरान के साथ अमेरिका और इसराइल की जंग ने दुनिया भर की एनर्जी सिक्योरिटी को संकट में डाल दिया है, क्योंकि होर्मुज़ स्ट्रेट लगभग बंद है जिससे दुनिया के समुद्री तेल व्यापार का लगभग 20 फ़ीसदी हिस्सा गुजरता है.

इमेज स्रोत, Getty Images
इंटरनेशनल ओलंपिक कमिटी यानी आईओसी ने कहा है कि 2028 से ओलंपिक खेलों की महिला कैटेगरी में सिर्फ़ “बायोलॉजिकल फ़ीमेल्स” यानी जन्म से महिला खिलाड़ी ही हिस्सा ले सकेंगी.
अब खिलाड़ियों की योग्यता “जीवन में एक बार” होने वाले एक जेंडर टेस्ट से तय की जाएगी. इस नियम के लागू होने के बाद ट्रांसजेंडर महिलाएं, महिला कैटेगरी में हिस्सा नहीं ले पाएंगी.
यह नियम लॉस एंजिलस ओलंपिक 2028 से लागू होगा.
आईओसी की अध्यक्ष किर्स्टी कोवेंट्री ने कहा कि, “यह फैसला मेडिकल एक्सपर्ट्स की सलाह पर लिया गया है.”
उन्होंने कहा, “ओलंपिक खेलों में बहुत छोटा अंतर भी जीत और हार तय कर सकता है. इसलिए यह साफ है कि बायोलॉजिकल पुरुषों का महिला कैटेगरी में खेलना सही नहीं होगा. वहीं कुछ खेलों में यह सुरक्षित भी नहीं है.”
आईओसी ने बताया कि महिला कैटेगरी के लिए पात्रता तय करने के लिए एसआरवाई जीन की जांच की जाएगी. यह जीन वाई क्रोमोसोम का हिस्सा होता है और पुरुषों जैसे शारीरिक गुण विकसित करता है.
आईओसी के मुताबिक़, एसआरवाई जीन की जांच लार, मुंह के स्वैब या खून के सैंपल से की जा सकती है और यह तरीका दूसरे तरीकों की तुलना में आसान और कम दखल देने वाला है.
जिस खिलाड़ी में एसआरवाई जीन नहीं पाया जाएगा, वह महिला कैटेगरी में खेलने के लिए योग्य माना जाएगा.
यह टेस्ट जीवन में सिर्फ़ एक बार ही करना होगा.

इमेज स्रोत, Getty Images
केरल पुलिस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के एक यूज़र के ख़िलाफ़ मामला दर्ज किया है. आरोप है कि उसने एआई से बना एक वीडियो पोस्ट किया.
शिकायत के मुताबिक इस वीडियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चुनाव आयोग को भ्रामक तरीके से दिखाया है.
पुलिस ने बयान में कहा कि यह मामला 'लक्ष्मी एन राजू और अन्य संबंधित लोगों” के ख़िलाफ़ दर्ज किया गया है. यह पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है कि किसकी क्या भूमिका है, ताकि कानून के तहत कार्रवाई की जा सके.
पुलिस ने यह भी बताया कि आईटी एक्ट और नियमों के तहत एक्स को नोटिस भेजा गया है. इसमें गैरकानूनी कंटेंट को जल्दी हटाने के लिए कहा गया है.
केरल के तिरुवनंतपुरम साइबर ऑपरेशंस विंग ने मामला दर्ज किया है और इस कंटेंट के आगे फैलने से रोकने के लिए तुरंत कदम उठाए हैं.
पुलिस के अनुसार, यह पोस्ट “आधिकारिक माध्यमों के जरिए साइबर पुलिस के संज्ञान में लाई गई. इसमें चुनाव आयोग की मशीनरी से मिले इनपुट भी शामिल थे.”
जांच के बाद पाया गया कि यह सामग्री लोगों को गुमराह कर सकती है. इससे संवैधानिक संस्थाओं की विश्वसनीयता प्रभावित हो सकती है. साथ ही, यह स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव प्रक्रिया पर भी असर डाल सकती है.
बयान में कहा गया कि केरल पुलिस, चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है. पुलिस ने लोगों से चुनाव के समय अपुष्ट या भ्रामक कंटेंट बनाने, शेयर करने या बढ़ाने से बचने को कहा गया है.
पुलिस अधिकारियों ने यह नहीं बताया कि किस धारा के तहत मामला दर्ज किया गया है.


इमेज स्रोत, Getty Images
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर पोस्ट कर नॉर्थ अटलांटिक ट्रिटी ऑर्गेनाइजेशन यानी नेटो की आलोचना की है.
उन्होंने ट्रुथ सोशल पर लिखा, “नेटो देशों ने ईरान जैसे ‘पागल देश’ के मामले में हमारी कोई मदद नहीं की, जिसे अब सैन्य रूप से पूरी तरह तबाह कर दिया गया है. अमेरिका को नेटो से किसी चीज़ की ज़रूरत नहीं है, लेकिन इस अहम बिंदू को कभी नहीं भूलूंगा.”
दरअसल, ट्रंप ने ‘स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़’ खुलवाने के लिए दुनिया के देशों से नेवी भेजने की अपील की थी.
डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर 14 मार्च को लिखा, “उम्मीद है कि चीन, फ़्रांस, जापान, दक्षिण कोरिया, ब्रिटेन और दूसरे प्रभावित देश भी इस इलाके़ में अपने जहाज़ भेजेंगे, ताकि होर्मुज़ स्ट्रेट अब ऐसे देश से खतरा न बने, जिसे पूरी तरह खत्म कर दिया गया है. हर हाल में हम जल्द ही हॉर्मुज़ स्ट्रेट को खुला, सुरक्षित और स्वतंत्र बना देंगे.”
हालांकि, अभी भी स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ बंद है.

इमेज स्रोत, Tasnim
इसराइल ने दावा किया है कि उसने इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कोर (आईआरजीसी) के नेवी कमांडर अलीरेज़ा तंगसिरी को मार दिया है.
इसराइल के रक्षा मंत्री इसराइल कात्ज़ ने कहा कि तंगसिरी “स्ट्रेट ऑफ़ हॉर्मुज़ में बमबारी और उसे बाधित करने जैसी आतंकवादी गतिविधियों के लिए सीधे तौर पर ज़िम्मेदार थे” और उन्हें मार गिराया गया है.
उन्होंने आगे कहा कि कई अन्य “सीनियर नेवी कमांड अधिकारी” भी मारे गए हैं.
हालांकि, ईरान ने अभी तक इसकी पुष्टि नहीं की है.
कौन हैं तंगसिरी?
अलीरेज़ा तंगसिरी को साल 2018 में इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड्स कॉर्प्स (आईआरजीसी) के नेवी कमांडर नियुक्त किया गया था. इससे पहले साल 2010 से वो आईआरजीसी नेवी के डिप्यूटी कमांडर के तौर पर काम कर रहे थे.
2019 में उन्होंने धमकी दी थी कि अगर ईरान के तेल निर्यात में कोई रुकावट हुई तो वह स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ को बंद कर देंगे.

इमेज स्रोत, @DrSJaishankar
विदेश मंत्री एस जयशंकर 26 और 27 मार्च 2026 को फ़्रांस के अबी दे-वॉ-डी-सेहने के दौरे पर होंगे, जहां वो जी-7 साझेदार देशों के विदेश मंत्रियों के साथ होने वाली बैठक में हिस्सा लेंगे.
विदेश मंत्रालय ने एक प्रेस रिलीज़ में बताया है कि एस जयशंकर को यूरोप और विदेश मामलों के फ़्रांसीसी मंत्री जीन-नोएल बैरोट ने बैठक में शामिल होने का निमंत्रण दिया है.
विदेश मंत्रालय ने लिखा, “उम्मीद है कि विदेश मंत्री जयशंकर जी-7 के विदेश मंत्रियों की बैठक के दौरान अपने समकक्षों के साथ द्विपक्षीय चर्चा भी करेंगे.”
जी-7 क्या है?
जी-7 यानी 'ग्रुप ऑफ़ सेवन' दुनिया की सात 'अत्याधुनिक' अर्थव्यवस्थाओं का एक गठजोड़ है, जिसका ग्लोबल ट्रेड और अंतरराष्ट्रीय फ़ाइनेंशियल सिस्टम पर दबदबा है. इसके सदस्य देश कनाडा, फ़्रांस, जर्मनी, इटली, जापान, ब्रिटेन और अमेरिका हैं.

इमेज स्रोत, Getty Images
ईरान स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ से जहाज़ों को सुरक्षित रास्ता देने के लिए टोल टैक्स वसूल सकता है.
ईरानी मीडिया के मुताबिक, वहां की संसद (मजलिस) स्ट्रेट ऑफ़ हॉर्मुज़ से गुजरने वाले जहाज़ों पर टोल टैक्स लगाने के लिए क़ानून को मंज़ूरी देने पर विचार कर रही है. यानी ईरान अब इस जलमार्ग से सुरक्षित गुज़रने के लिए जहाज़ों से शुल्क वसूल सकता है.
संसद की कंस्ट्रक्शन कमेटी के प्रमुख ने कहा, “एक ड्राफ्ट तैयार किया गया है, लेकिन अभी यह बिल का रूप नहीं ले सका है." उन्होंने बताया कि इस प्रस्ताव का मक़सद वहां से गुज़रने वाले जहाज़ों को सुरक्षा देना है.
हालांकि, अभी यह साफ नहीं है कि कितना टोल वसूला जाएगा.
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराग़ची ने सरकारी टीवी को दिए एक इंटरव्यू में कहा कि ईरान ने अब तक चीन, रूस, पाकिस्तान, इराक़ और भारत जैसे देशों के जहाज़ों को गुज़रने की अनुमति दी है.
उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के नज़रिए से होर्मुज़ पूरी तरह बंद नहीं है, बल्कि “दुश्मनों के लिए बंद है.”

इमेज स्रोत, Getty Images
लंदन जा रही एयर इंडिया की A350 विमान को तकनीकी खराबी की वजह से वापस दिल्ली लौटना पड़ा है.
गुरुवार दोपहर यह विमान करीब सात घंटे तक हवा में रहने के बाद एहतियातन दिल्ली लौट आया.
पीटीआई के मुताबिक इसी A350-900 विमान (VT-JRF) को 15 मार्च को भी तकनीकी ख़राबी का सामना करना पड़ा था.
उस समय यह विमान न्यूयॉर्क से दिल्ली आ रहा था, लेकिन ख़राबी की वजह इसे आयरलैंड के शैनन शहर की ओर डायवर्ट करना पड़ा था.
पीटीआई के मुताबिक एयर इंडिया के एक प्रवक्ता ने कहा कि उनकी फ्लाइट AI111, जो गुरुवार को दिल्ली से लंदन जा रही थी, तकनीकी ख़राबी की वजह से वापस दिल्ली लौट आई.

इमेज स्रोत, manipur_police
मणिपुर पुलिस ने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में राज्य में ताज़ा गोलीबारी की जानकारी दी है.
पुलिस के मुताबिक़, "25 मार्च 2026 को, रात क़रीब 11:40 बजे, संदिग्ध हथियारबंद कुकी चरमपंथियों ने फौलजांग/गोथोल इलाक़े में गोलीबारी शुरू कर दी, और फौगाकचाओ अवांग लीकाई में स्थित भारतीय सेना की एक चौकी को निशाना बनाया."
इस इलाक़े में तैनात भारतीय सेना और केंद्रीय रिज़र्व पुलिस बल (58वीं बटालियन) ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की और दोनों पक्षों के बीच लगभग 30 मिनट तक गोलीबारी हुई.
मणिपुर पुलिस ने बताया कि 26 मार्च की सुबह से ही भारतीय सेना, सीआरपीएफ़, मणिपुर पुलिस और भारतीय रिज़र्व बटालियन ने मिलकर उस इलाक़े में एक संयुक्त अभियान शुरू किया.
पुलिस ने कहा है, "आम नागरिकों से अनुरोध है कि वे किसी भी तरह की अफवाहें फैलाने से बचें और किसी भी जानकारी को अन्य लोगों से साझा करने से पहले उसकी सत्यता की जांच ज़रूर कर लें."
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

इमेज स्रोत, Issam Rimawi/Anadolu via Getty Images
संयुक्त अरब अमीरात की राजधानी अबू धाबी में मिसाइल हमले को रोके जाने के बाद गिरे मलबे से दो लोगों की मौत हो गई है.
अबू धाबी मीडिया ऑफिस के अनुसार यह मौतें एक बैलिस्टिक मिसाइल के मलबे के गिरने से हुईं, जिसे एयर डिफेंस सिस्टम ने रोक दिया था.
इस घटना में तीन अन्य लोगों के घायल होने की पुष्टि भी की गई है और बताया गया है कि इससे कई कारों को भी नुकसान हुआ है.
इससे पहले यूएई ने ईरान की ओर से हो रहे नए ड्रोन और मिसाइल हमलों की सूचना दी थी और बताया था कि इन हमलों को रोका जा रहा है.
उसने कहा कि बैलिस्टिक मिसाइलों को रोकने के लिए एयर डिफेंस सिस्टम काम कर रहे हैं.
बुधवार रात से ख़बर लिखे जाने तक देश के रक्षा मंत्रालय ने हमलों की कम से कम तीन बार चेतावनी जारी की.
बीबीसी की साउथ एशिया संवाददाता अज़ादेह मोशिरी ने अबू धाबी से बताया है कि खाड़ी क्षेत्र पर हुए हमलों का सबसे ज़्यादा असर यूएई पर पड़ा है, जहाँ ईरान ने 2100 से ज़्यादा मिसाइलें और ड्रोन दाग़े हैं.
हालाँकि रक्षा मंत्रालय का कहना है कि ज़्यादातर हमले रोक दिए गए हैं, फिर भी सरकार जानकारी पर सख़्त नियंत्रण रख रही है.
अज़ादेह मोशिरी के मुताबिक़ अब तक, हमलों और उन्हें रोकने से हुए नुक़सान की तस्वीरें लेने और वीडियो बनाने के आरोप में 100 से ज़्यादा लोगों को गिरफ़्तार किया जा चुका है. यूएई में ऐसा करना गैरकानूनी है.
सरकार का तर्क है कि ऐसा सुरक्षा कारणों से किया गया है.
अधिकारियों ने कहा है कि अगर ईरान के साथ कोई बातचीत होती है, तो वे उसकी मिसाइलों और ड्रोन के ज़ख़ीरे पर लंबे समय के लिए पाबंदी और नियंत्रण चाहते हैं.

इमेज स्रोत, ANI/ DG FIRE
आंध्र प्रदेश के मार्कापुरम ज़िले के रायवरम के पास एक सड़क हादसे में 14 लोगों की मौत हो गई है.
गुरुवार सुबह स्थानीय टाइल खदानों के पास एक निजी बस और एक ट्रक की टक्कर हो गई, जिससे दोनों वाहनों में आग लग गई.
मार्कापुरम के डीएसपी हर्षवर्धन राजू ने बीबीसी तेलुगु को बताया कि बस में यात्रा कर रहे 14 लोगों की मौत हो गई.
ख़बरों के मुताबिक इस हादसे में कुछ अन्य यात्री भी घायल हुए हैं. दुर्घटना में बस और ट्रक बुरी तरह जल गए.
इस हादसे पर पीएम मोदी ने शोक जताया है और प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50 हज़ार रुपये की सहायता देने की घोषणा की है.
इस बस हादसे पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने भी शोक जताया है.

इमेज स्रोत, Israeli emergency services
इसराइल डिफ़ेंस फ़ोर्सस (आईडीएफ़) ने बताया है कि ईरान ने देश के मध्य इलाक़े में मिसाइलें दाग़ी हैं.
इसराइल की इमरजेंसी सर्विस का कहना है कि देश के मध्य इलाक़े में हुए एक मिसाइल हमले में छह लोग घायल हुए हैं, जिन्हें अस्पताल ले जाया जा रहा है.
इस हमले की वजह से कफ़्र क़ासिम शहर में भी कई घरों को नुक़सान पहुँचा है. सेना ने बताया कि ये मिसाइलें ईरान से दाग़ी गई थीं.
आईडीएफ़ ने कहा है कि लोगों को इस हमले के बाद सुरक्षित जगहों में शरण लेने को कहा गया है.

इमेज स्रोत, Issam Rimawi/Anadolu via Getty Images
आईडीएफ़ ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया, “होम फ्रंट कमांड की बचाव और राहत टीमें देश के मध्य भाग में उस जगह के लिए रवाना हो गई हैं, जहाँ हमले की ख़बरें मिली हैं. इस इलाक़े में लोगों का इकट्ठा होने से बचना ज़रूरी है.
होम फ्रंट कमांड ने आम लोगों से अपील की है कि वे ज़रूरी दिशानिर्देशों का पालन करते रहें.

इमेज स्रोत, Getty Images
बांग्लादेश की स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर पाकिस्तान ने बधाई दी है. इससे पहले बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान ने अपने देश की आज़ादी की लड़ाई में पाकिस्तान पर परोक्ष टिप्पणी करते हुए 'जनसंहार दिवस' का ज़िक्र किया था.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, "बांग्लादेश के स्वतंत्रता दिवस के मौक़े पर देश की सरकार और जनता को पाकिस्तान की सरकार और जनता हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं देती है."
इस पोस्ट में आगे लिखा है, “पाकिस्तान उनके लिए निरंतर शांति, प्रगति और समृद्धि की कामना करता है. पाकिस्तान दोनों देशों के बीच सौहार्दपूर्ण संबंधों और सहयोग को और अधिक गहरा करने की इच्छा रखता है.
बांग्लादेश (उस वक़्त पूर्वी पाकिस्तान) ने 26 मार्च 1971 को पाकिस्तान से अपनी आज़ादी की घोषणा कर दी थी.
इससे पहले 25 मार्च 1971 की रात पाकिस्तान की सेना ने 'ऑपरेशन सर्चलाइट' शुरू किया था. पाकिस्तानी सेना की ओर से इस दिन ढाका में सामूहिक हत्याएं की गई थीं.
इसके बाद 9 महीने के लंबे संघर्ष के बाद 16 दिसंबर 1971 को बांग्लादेश आधिकारिक रूप से एक स्वतंत्र राष्ट्र बना था.
इससे पहले बांग्लादेश के प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान का एक सोशल मीडिया पोस्ट चर्चा का विषय बना हुआ था.
उन्होंने बुधवार को 'जनसंहार दिवस' की बरसी पर एक्स पर एक पोस्ट में पाकिस्तानी फौज के लिए बेहद कड़े लफ़्ज़ों का इस्तेमाल किया.
इसकी काफ़ी चर्चा हो रही है क्योंकि ऐतिहासिक रूप से तारिक़ रहमान की पार्टी बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) को पाकिस्तान के प्रति नरम रुख़ अपनाने के लिए जाना जाता है.