You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, प्रश्न पत्र स्कैन में 'गाने का वीडियो' खुलने के आरोप पर सीबीएसई ने क्या कहा

सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ सेकेंडरी एजुकेशन यानी सीबीएसई ने कहा है कि कक्षा 12 की गणित बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र पूरी तरह असली हैं और उनकी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ है.

सारांश

लाइव कवरेज

इफ़्तेख़ार अली, रौनक भैड़ा

  1. प्रश्न पत्र स्कैन में 'गाने का वीडियो' खुलने के आरोप पर सीबीएसई ने क्या कहा

    सेंट्रल बोर्ड ऑफ़ सेकेंडरी एजुकेशन यानी सीबीएसई ने कहा है कि कक्षा 12 की गणित बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्र पूरी तरह असली हैं और उनकी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ है.

    सीबीएसई की ओर से यह स्पष्टीकरण तब आया जब सोशल मीडिया पर यह दावा किया गया कि प्रश्नपत्र पर छपे एक क्यूआर कोड को स्कैन करने पर एक गाने का यूट्यूब वीडियो खुल रहा था.

    कक्षा 12 की गणित की परीक्षा 9 मार्च को हुई थी. परीक्षा ख़त्म होने के तुरंत बाद प्रश्नपत्र के स्क्रीनशॉट ऑनलाइन पर फैलने लगे. कुछ छात्रों ने दावा किया कि प्रश्नपत्र पर मौजूद क्यूआर कोड स्कैन करने पर उन्हें म्यूज़िक वीडियो दिखाई दिया.

    अपने बयान में सीबीएसई ने कहा कि बोर्ड परीक्षा के प्रश्नपत्रों में कई सुरक्षा फीचर होते हैं, जिनमें क्यूआर कोड भी शामिल हैं. इनका इस्तेमाल किसी संभावित गड़बड़ी की स्थिति में प्रश्नपत्र की प्रामाणिकता जांचने के लिए किया जाता है.

    बोर्ड ने माना कि कुछ प्रश्नपत्र सेट में एक क्यूआर कोड स्कैन करने पर यूट्यूब वीडियो खुलने की बात सामने आई है. हालांकि सीबीएसई ने स्पष्ट किया कि इससे प्रश्नपत्र की सत्यता या सुरक्षा पर कोई असर नहीं पड़ा है.

    बोर्ड ने कहा, "प्रश्नपत्र पूरी तरह असली हैं और उनकी सुरक्षा से कोई समझौता नहीं हुआ है."

  2. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे.

    अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  3. 'युद्ध कब ख़त्म होगा, यह ईरान तय करेगा': इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड

    ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (आईआरजीसी) ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बयान पर प्रतिक्रिया दी है.

    ट्रंप ने कहा था कि ईरान में चल रहा युद्ध जल्द खत्म हो सकता है. हालांकि इसे लेकर उन्होंने कोई तारीख़ नहीं बताई थी.

    आईआरजीसी ने कहा है कि युद्ध कब ख़त्म होगा, यह ईरान तय करेगा.

    समाचार एजेंसी रॉटर्स के मुताबिक़, आईआरजीसी ने चेतावनी दी है कि अगर अमेरिका और इसराइल के हमले जारी रहे तो क्षेत्र से 'एक लीटर तेल भी निर्यात नहीं होने दिया जाएगा.'

    इस बीच होर्मुज़ स्टेट को लेकर बढ़ते तनाव के कारण तेल की क़ीमतों में बढ़ोत्तरी की आशंका है.

    दुनिया के कुल तेल का लगभग 20 फ़ीसदी हिस्सा इसी समुद्री रास्ते से गुज़रता है.

  4. ईरान के स्कूल पर हमले की ज़िम्मेदारी पर डोनाल्ड ट्रंप ने क्या कहा?

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से सोमवार को ईरान के मिनाब में एक स्कूल पर हुए हमले की ज़िम्मेदारी को लेकर सवाल पूछा गया. इस हमले में 168 लोगों की मौत हुई थी, जिनमें 110 बच्चे शामिल हैं.

    राष्ट्रपति ट्रंप ने जवाब में कहा कि टॉमहॉक मिसाइल अमेरिका में बनती है, लेकिन इसका इस्तेमाल कई देश करते हैं, जिनमें ईरान भी शामिल है.

    बाद में ट्रंप से कहा गया कि उनके प्रशासन में शायद वही अकेले हैं जो यह कह रहे हैं कि कोई दूसरा देश अमेरिकी मिसाइल हासिल कर स्कूल पर हमला कर सकता है.

    विशेषज्ञों ने पहले बीबीसी को बताया था कि न तो इसराइल और न ही ईरान के पास टॉमहॉक मिसाइल होने की जानकारी है.

    इस पर ट्रंप ने कहा कि मुझे इसके बारे में पूरी जानकारी नहीं है. हमले की जांच चल रही है.

    ट्रंप ने कहा, "जांच रिपोर्ट जो भी बताएगी, मैं उसे स्वीकार करने के लिए तैयार हूं."

  5. वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया को बीसीसीआई देगा 131 करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार

    भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई ने टीम इंडिया को आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने पर 131 करोड़ रुपये के नकद इनाम की घोषणा की है.

    भारत ने न्यूज़ीलैंड को फ़ाइनल में हराकर यह ख़िताब जीता था. इसके अलावा, भारत तीन बार आईसीसी पुरुष टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम भी बन गई है.

    बीसीसीआई ने खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ़ और चयनकर्ताओं को इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए बधाई दी और भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दी हैं.

  6. एनसीईआरटी ने ज्यूडिशरी करप्शन चैप्टर पर मांगी माफ़ी, किताब वापस ली गई

    नेशनल काउंसिल ऑफ़ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग यानी एनसीईआरटी ने मंगलवार को एक किताब में न्यायपालिका में भ्रष्टाचार से जुड़ा अध्याय शामिल किए जाने पर सार्वजनिक माफ़ी मांगी है और कहा है कि पूरी किताब वापस ले ली गई है.

    कक्षा 8 की सामाजिक विज्ञान (सोशल साइंस) की किताब में भारत की न्यायिक व्यवस्था के सामने मौजूद प्रमुख चुनौतियों का ज़िक्र किया गया जिसमें भ्रष्टाचार, कोर्ट में पेंडिंग केस और जजों की कमी का उल्लेख किया गया.

    मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर जारी बयान में एनसीईआरटी ने कहा, "एनसीईआरटी ने हाल ही में सामाजिक विज्ञान की एक किताब 'एक्सप्लोरिंग सोसाइटी: इंडिया एंड बियॉन्ड' ग्रेड 8 (भाग 2) प्रकाशित की थी, जिसमें अध्याय 4 'द रोल ऑफ ज्यूडिशरी इन आवर सोसाइटी' शामिल था."

    इस अध्याय को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने कड़ी नाराज़गी जताते हुए उस पर बैन लगाने का निर्देश दिया था, जिसके बाद एनसीईआरटी ने माफी मांगते हुए पूरी किताब वापस लेने का फ़ैसला किया है.

  7. 'तेल संकट' को लेकर पाकिस्तान सरकार ने क्या फ़ैसला लिया?

    तेल की कमी को लेकर पाकिस्तान की सरकार और वहां के दो प्रांतों ने ख़र्च कम करने के लिए नए उपाय पेश किए हैं, जिनमें शैक्षणिक संस्थानों को बंद करना भी शामिल है.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, सोमवार को ईरान में युद्ध की स्थिति और इसके संदर्भ में तेल और गैस की बढ़ती वैश्विक क़ीमतों को देखते हुए पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने घोषणा की कि सार्वजनिक और निजी संस्थान हफ़्ते में चार दिन काम करेंगे, जबकि 50 फ़ीसदी कर्मचारी घर से ऑनलाइन काम करेंगे.

    शहबाज़ शरीफ़ ने कहा कि पूरा पाकिस्तान ईरान पर इसराइल के हमलों, आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई, उनके परिवार और ईरानी नागरिकों की हत्या की कड़ी निंदा करता है.

    पीएम ने साथ ही सऊदी अरब, क़तर, संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, तुर्की देशों पर हुए हमलों की भी निंदा की है.

    प्रधानमंत्री ने कहा, "वैश्विक बाज़ार में कच्चे तेल की क़ीमत, जो कुछ दिन पहले 60 डॉलर प्रति बैरल थी, अब बढ़कर 100 डॉलर से ऊपर हो गई है. हमारी अर्थव्यवस्था, कृषि, उद्योग और परिवहन काफ़ी हद तक खाड़ी देशों से आने वाले तेल और गैस पर निर्भर हैं."

    उन्होंने कहा, "इस स्थिति को ध्यान में रखते हुए, पाकिस्तान सरकार ने ऊर्जा संकट से निपटने के लिए कड़े आर्थिक निर्णय लिए हैं."

    शहबाज़ शरीफ़ ने कहा, "तेल की क़ीमतों में हालिया वृद्धि पाकिस्तान सरकार का एक मजबूरी भरा फै़सला था. मुझे इसे और बढ़ाने की सलाह दी गई थी, लेकिन स्थिति को ध्यान में रखते हुए हमने इसे न्यूनतम स्तर पर बढ़ाया ताकि जनता पर बोझ न पड़े."

    प्रधानमंत्री ने कहा कि आने वाले दिनों में तेल की क़ीमतें फिर से बढ़ेंगी, हालांकि सरकार यह सुनिश्चित करने की कोशिश करेगी कि तेल की क़ीमतों में भविष्य में होने वाली वृद्धि का बोझ जनता पर न पड़े और इस उद्देश्य के लिए दिन-रात प्रयास किए जा रहे हैं.

    गौरतलब है कि इस हफ़्ते पाकिस्तानी सरकार ने वैश्विक कच्चे तेल की क़ीमतों में वृद्धि का हवाला देते हुए पेट्रोल और डीज़ल की क़ीमतों में 55 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की है.

  8. अमेरिका ने ईरान के बाद अब अफ़ग़ानिस्तान पर लगाया ये आरोप

    अमेरिका के विदेश मंत्रालय ने सोमवार को अफ़ग़ानिस्तान को 'ग़लत तरीके़ से लोगों को हिरासत में रखने वाला देश' घोषित किया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, संयुक्त राष्ट्र में अमेरिका के राजदूत ने भी अफ़ग़ानिस्तान पर आरोप लगाया कि वह 'बंधक कूटनीति' में शामिल है.

    विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर एक बयान में कहा, "तालिबान नीतिगत रियायतें हासिल करने के लिए अब भी आतंकवादी तरीक़ों का इस्तेमाल कर रहा है, लेकिन यह इस प्रशासन के सामने काम नहीं करेगा."

    रुबियो ने कहा कि तालिबान को डेनिस कोयल, महमूद हबीबी और अफ़ग़ानिस्तान में अनुचित तरीके़ से हिरासत में रखे गए सभी अमेरिकी नागरिकों को तुरंत रिहा करना चाहिए.

    इस फै़सले के बाद अफ़ग़ानिस्तान उन देशों की सूची में शामिल हो गया है जिन्हें हाल के हफ़्तों में अमेरिका ने अपने नागरिकों को हिरासत में रखने के मामले में निशाना बनाया है.

    इससे पहले ईरान को भी 27 फ़रवरी को इसी तरह का दर्जा दिया गया था. इसके एक दिन बाद अमेरिका और इसराइल ने ईरान पर हमले शुरू किए थे, जो बाद में मध्य पूर्व में बड़े युद्ध में बदल गए.

  9. 'ईरान पर मौत, आग और कहर बरसेगा', ट्रंप ने तेल सप्लाई के रास्ते को लेकर दी ये चेतावनी

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को एक और चेतावनी दी है कि अगर उसने होर्मुज़ स्ट्रेट में तेल की आवाजाही को बाधित किया तो अमेरिका कड़ी कार्रवाई करेगा.

    ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर किए अपने पोस्ट में कहा, "अगर ईरान स्ट्रेट ऑफ़ होर्मुज़ में तेल का परिवहन रोकने के लिए कुछ भी करता है, तो अमेरिका उन पर अब तक हुए हमलों के मुक़ाबले 20 गुना ज़्यादा ताकतवर हमला करेगा."

    दुनिया के कुल तेल का लगभग 20 फ़ीसदी हिस्सा इसी समुद्री रास्ते से गुज़रता है.

    मौजूदा युद्ध के कारण यहां समुद्री रास्ते से आवाजाही काफ़ी कम हो गई है और दुनियाभर में तेल क़ीमतों में तेज़ बढ़ोतरी देखी गई है.

    ट्रंप ने कहा, "इसके अलावा, हम ईरान के उन लक्ष्यों को निशाना बनाएंगे जिन्हें आसानी से तबाह किया जा सकता है. इससे ईरान का दोबारा एक देश के रूप में खड़े होना लगभग नामुमकिन हो जाएगा. उन पर मौत, आग और कहर बरसेगा. लेकिन मैं उम्मीद करता हूं और प्रार्थना करता हूं कि ऐसा न हो."

  10. जाने-माने इतिहासकार केएन पणिक्कर का 89 वर्ष की उम्र में निधन

    मशहूर इतिहासकार केएन पणिक्कर का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया है.

    न्यूज़ एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़, इतिहासकार और शिक्षाविद केएन पणिक्कर का सोमवार को उम्र से जुड़ी बीमारियों के कारण एक निजी अस्पताल में निधन हो गया.

    पीटीआई ने पणिक्कर के परिवार के सूत्रों के हवाले से ये जानकारी दी है.

    इतिहास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण शख़्सियत माने जाने वाले पणिक्कर अपने मार्क्सवादी दृष्टिकोण से इतिहास लेखन के लिए व्यापक रूप से जाने जाते थे.

    केएन पणिक्कर के निधन पर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और अभिनेता और मक्कल निधि मय्यम पार्टी के संस्थापक कमल हासन ने भी शोक जताया है.

    कमल हासन ने फ़ेसबुक पर एक पोस्ट में लिखा, "भारत के सबसे सम्मानित इतिहासकारों और सार्वजनिक बुद्धिजीवियों में से एक प्रोफ़ेसर केएन पणिक्कर के निधन से गहरा दुख हुआ है. आधुनिक भारतीय इतिहास के प्रतिष्ठित विद्वान के रूप में उन्होंने अपने कठोर अकादमिक काम को धर्मनिरपेक्षता और ऐतिहासिक सत्य की रक्षा के लिए प्रतिबद्धता के साथ आजीवन जोड़े रखा."

    "उनका निधन एक युग के अंत जैसा है."

    राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म फ़ेसबुक पर एक पोस्ट में लिखा, "उन्होंने साहस और तर्क के साथ धर्मनिरपेक्षता और हमारे अतीत के ईमानदार अध्ययन का बचाव किया."

  11. एलपीजी की सप्लाई को लेकर सरकार ने बदले नियम, 25 दिन से पहले बुक नहीं होगा दूसरा सिलेंडर

    सरकार ने तेल रिफ़ाइनरियों को एलपीजी का उत्पादन बढ़ाने और अतिरिक्त उत्पादन को घरेलू इस्तेमाल के लिए देने का आदेश जारी किया है.

    इसे लेकर सरकार का कहना है कि यह क़दम मौजूदा भू-राजनीतिक हालात के कारण ईंधन आपूर्ति में आई बाधाओं और एलपीजी की कमी को देखते हुए उठाया गया है.

    सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर किए गए पोस्ट में मिनिस्ट्री ऑफ़ पेट्रोलियम एंड नेचुरल गैस ने कहा कि सरकार ने घरों में एलपीजी की आपूर्ति को प्राथमिकता दी है. इसके साथ ही जमाखोरी और कालाबाज़ारी रोकने के लिए 25 दिन का इंटर-बुकिंग पीरियड लागू किया गया है.

    जारी बयान में मंत्रालय ने कहा कि इंपोर्टेड एलपीजी से होने वाली गैर-घरेलू आपूर्ति में अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थानों जैसे ज़रूरी क्षेत्रों को प्राथमिकता दी जा रही है.

    मंत्रालय ने कहा कि कॉमर्शियल इस्तेमाल के लिए जो गैस बाहर से आ रही है, उसे सबसे पहले उन जगहों पर भेजा जा रहा है जहाँ उसकी सबसे ज़्यादा ज़रूरत है, जैसे कि अस्पताल और शिक्षण संस्थान.

    मंत्रालय के मुताबिक़ अन्य गैर-घरेलू क्षेत्रों में एलपीजी सप्लाई से जुड़े मामलों की समीक्षा के लिए ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के तीन कार्यकारी निदेशकों की एक समिति बनाई गई है. यह समिति रेस्तरां, होटल और अन्य उद्योगों की ओर से आने वाले अनुरोधों पर फै़सला करेगी.

  12. 'पुतिन मदद करना चाहते हैं', ईरान के साथ युद्ध के बीच ट्रंप ने ऐसा क्यों कहा?

    ईरान में युद्ध ख़त्म करने के सवाल पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान में अमेरिकी सेना का अभियान जल्द ख़त्म हो सकता है, लेकिन यह इस हफ्त़े ख़त्म नहीं होगा.

    ट्रंप ने कहा, "ईरान के पास जो कुछ था वह लगभग ख़त्म हो चुका है, यहां तक कि उनकी लीडरशिप भी."

    उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के नए नेता के तौर पर जिस नाम की चर्चा हो रही है, उससे ज़्यादातर लोग परिचित भी नहीं हैं.

    गौरतलब है कि ईरान में आयतुल्लाह अली ख़ामेनेई के बेटे मोजतबा ख़ामेनेई नए सुप्रीम लीडर चुने गए हैं. उनके चुनाव पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि वो ख़ुश नहीं हैं.

    वहीं ट्रंप ने यह भी बताया कि उनकी रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से फ़ोन पर बातचीत हुई. उन्होंने कहा कि इस बातचीत में यूक्रेन में चल रहे युद्ध पर भी चर्चा हुई.

    ट्रंप ने कहा, "यूक्रेन का युद्ध एक ऐसा संघर्ष है जो ख़त्म होता नहीं दिख रहा. राष्ट्रपति पुतिन और राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की के बीच गहरी दुश्मनी है और वे किसी समझौते पर नहीं पहुंच पा रहे हैं. लेकिन मुझे लगता है कि उस मुद्दे पर बातचीत सकारात्मक रही."

    उन्होंने कहा कि बातचीत में मध्य पूर्व की स्थिति पर भी चर्चा हुई और पुतिन ने कहा कि वह मदद करना चाहते हैं.

    ट्रंप के मुताबिक़ उन्होंने पुतिन से कहा, "अगर आप यूक्रेन का युद्ध ख़त्म कराने में मदद करें तो वह ज़्यादा मददगार होगा."

    रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने सोमवार को मोजतबा ख़ामेनेई को ईरान का नया सुप्रीम लीडर बनने पर बधाई दी है.

    रूसी राष्ट्रपति ने कहा था, "तेहरान के लिए रूस अपना अटूट समर्थन और ईरानी दोस्तों के साथ एकजुटता को दोहराता है. वादा करते हैं कि हम एक भरोसेमंद साथी बने रहेंगे."

    अमेरिका और इसराइल ने पिछले महीने के आख़िर में ईरान पर हमला किया था, जिसके बाद से मध्य पूर्व के देशों में तनाव बना हुआ है.

  13. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता इफ़्तेख़ार अली अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

Trending Now