युद्धविराम के बावजूद इसराइली सेना ने लेबनान के लोगों को दी ये चेतावनी

इमेज स्रोत, Jack Guez -Pool/Getty Images
इसराइली सेना ने लेबनान के दक्षिणी शहर 'टायर' में रहने वाले लोगों के लिए चेतावनी जारी की है. उन्हें तुरंत घर खाली करने के लिए कहा गया है.
इसराइली सेना ने कहा है, "लोग अपने घर तुरंत खाली करें और ज़हरानी नदी के उत्तर की ओर चले जाएं ताकि आप सुरक्षित रहें."
बीबीसी के मध्य पूर्व संवाददाता ह्यूगो बाशेगा की रिपोर्ट के मुताबिक़, लेबनान में अब तक 12 लाख से ज़्यादा लोग अपने घर छोड़ने पर मजबूर हुए हैं, जो देश की आबादी का लगभग पांचवां हिस्सा है. इसके अलावा 1,500 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी है.
सीमा के पास बसे गांव तबाह हो गए हैं क्योंकि इसराइली सेना उस जगह को 'सुरक्षा क्षेत्र' बनाने की कोशिश कर रही है, ताकि हिज़्बुल्लाह को ख़त्म किया जा सके. इस वजह से डर है कि कुछ इलाकों पर जंग ख़त्म होने के बाद भी क़ब्ज़ा बना रह सकता है और परिवार शायद ही अपने घर लौट पाएं.
गौरतलब है कि सीज़फ़ायर के एलान के बाद इसराइल ने कहा था कि वह युद्धविराम का समर्थन करता है, लेकिन यह 'लेबनान पर लागू नहीं होता'.
जबकि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने कहा था कि 'लेबनान में भी युद्धविराम' लागू होगा.

















