लाइव, तस्वीरों में सऊदी के एयर बेस पर अमेरिकी सैन्य विमान क्षतिग्रस्त हालत में दिखा
बीबीसी वैरिफ़ाई ने कुछ तस्वीरें वैरिफ़ाई की हैं जिनमें सऊदी अरब के एक एयर बेस पर एक अमेरिकी कमांड और कंट्रोल विमान दो हिस्सों में टूटा हुआ दिखाई दे रहा है.
तस्वीरों में सऊदी अरब के एयर बेस पर अमेरिकी सैन्य विमान क्षतिग्रस्त हालत में दिखा, एमा पेंगेली और शयान सरदारिज़ादेह
इमेज स्रोत, Facebook
इमेज कैप्शन, यह तस्वीर सबसे पहले एक फ़ेसबुक पेज पर साझा की गई थी
बीबीसी वैरिफ़ाई ने कुछ तस्वीरें वैरिफ़ाई की हैं जिनमें सऊदी अरब के एक एयर बेस पर एक अमेरिकी कमांड और कंट्रोल विमान दो हिस्सों में टूटा हुआ दिखाई दे रहा है.
ये तस्वीरें सबसे पहले एक फ़ेसबुक पेज पर साझा की गई थीं, जो अमेरिकी सेना से जुड़ी ख़बरें देता है. इनमें ई-3 सेंट्री विमान दो हिस्सों में टूटा हुआ दिखाई दे रहा है.
बीबीसी वैरिफ़ाई ने पुष्टि की है कि ये तस्वीरें सऊदी अरब की राजधानी रियाद से लगभग 100 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित प्रिंस सुल्तान एयर बेस की हैं.
तस्वीरों में दिख रहे खंभे, स्टोरेज यूनिट और पक्की जगहों पर बने निशान सैटेलाइट तस्वीरों से मेल खाते हैं.
बीबीसी वैरिफ़ाई ने 11 मार्च को ली गई एक सैटेलाइट तस्वीर में इसी जगह पर एक ई-3 विमान भी देखा है. यह कहना संभव नहीं है कि दोनों तस्वीरों में एक ही विमान हैं या नहीं.
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, नष्ट हुआ विमान इस फ़ाइल फ़ोटो में दिख रहे विमान के जैसा था
वैरिफ़ाइड तस्वीरों में से एक में विमान का टेल नंबर दिखाई देता है. इसके आधार पर बीबीसी वैरिफ़ाई ने फ़्लाइट-ट्रैकिंग वेबसाइट 'फ़्लाइट राडार 24' की जांच की, जिसमें दिखा कि 18 मार्च को यह विमान बेस के पास उड़ान भर रहा था.
शुक्रवार को ली गई एक सैटेलाइट तस्वीर में एयर बेस के एप्रन पर आग दिखाई देती है, जो ई-3 विमान से लगभग 1600 मीटर पूर्व में है. यह स्पष्ट नहीं है कि यह उसी हमले का हिस्सा था जिसमें ई-3 को नुक़सान पहुंचा.
एक अमेरिकी अधिकारी ने शुक्रवार को रॉयटर्स को बताया कि एयर बेस पर ईरानी सैन्य हमले में 12 अमेरिकी कर्मी घायल हुए, जिनमें से दो की हालत गंभीर है.
रेमंड के पूर्व चेयरमैन विजयपत सिंघानिया की मौत पर वायु सेना ने जताया शोक
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रेमंड के पूर्व चेयरमैन विजयपत सिंघानिया का शनिवार शाम मुंबई में निधन हो गया (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय वायु सेना ने उद्योगपति विजयपत सिंघानिया की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है.
पद्म भूषण से सम्मानित, रेमंड के पूर्व चेयरमैन विजयपत सिंघानिया का शनिवार शाम मुंबई में निधन हो गया था. वह 87 साल के थे.
भारतीय वायु सेना ने एक्स पर एक पोस्ट में शोक व्यक्त करते हुए लिखा, “वह एक प्रतिष्ठित उद्योगपति, विमानन के प्रति गहरा जुनून रखने वाले व्यक्ति और भारतीय वायु सेना के मानद एयर कमोडोर थे.”
“उनकी अग्रणी सोच, रिकॉर्ड बनाने वाली उड़ानों और भारत में विमानन को बढ़ावा देने के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता ने वायुसेना के कई जांबाज़ों और विमानन प्रेमियों की पीढ़ियों को प्रेरित किया. उनकी विरासत उन आसमानों में हमेशा ऊंची उड़ान भरती रहेगी, जिन्हें वे दिल से प्यार करते थे.”
“हम उनके परिवार और मित्रों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हैं.”
हूती गुट के इसराइल पर मिसाइल दागने के बाद यूरोपियन यूनियन ने यह चेतावनी दी
इमेज स्रोत, Wisam Hashlamoun/Anadolu via Getty
इमेज कैप्शन, वेस्ट बैंक के हेब्रोन शहर के ऊपर आसमान में यमन से इसराइल की ओर दागी गई मिसाइल के निशान देखे गए (28 मार्च की तस्वीर)
यूरोपियन यूनियन के मैरिटाइम सिक्योरिटी बॉडी ने जहाज़ों को यमन के जलक्षेत्र में जाने से बचने की चेतावनी दी है.
आशंका जताई जा रही है कि इस इलाक़े में, ख़ासकर लाल सागर और अदन की खाड़ी में ईरान समर्थित हूती समूह "व्यापारिक जहाज़ों पर हमले" फिर से शुरू कर सकता है.
इससे पहले शुक्रवार और शनिवार को हूती विद्रोहियों ने इसराइल पर मिसाइलें दागीं, जिसको लेकर इसराइल ने दावा किया कि इन मिसाइलों को रोक लिया गया है.
यूरोपियन यूनियन के नौसेना बल के एस्पिडेस मिशन का कहना है कि जब तक "ख़तरा कम नहीं हो जाता", अमेरिका या इसराइल से जुड़े व्यापारिक जहाज़ों को यमन के जलक्षेत्र से दूर रहना चाहिए.
शनिवार को जारी रिपोर्ट में इसराइली हितों से जुड़े जहाज़ों के लिए ख़तरे का स्तर "अधिक" बताया गया है. वहीं "इसराइल या अमेरिका से संबंध नहीं रखने वाले" जहाज़ों के लिए ख़तरे का स्तर "मध्यम" बताया गया.
ईरान समर्थित हूती विद्रोही नवंबर 2023 से लाल सागर में जहाज़ों पर हमले कर रहे हैं और उनका कहना है कि वे फ़लस्तीनियों का समर्थन और एकजुटता जताने के लिए ऐसा कर रहे हैं.
ईरान के मिसाइल हमले के बाद इसराइल के औद्योगिक क्षेत्र में लगी आग
इमेज स्रोत, Wisam Hashlamoun/Anadolu via Getty
इमेज कैप्शन, ईरान से दागी गई मिसाइलों पर इसराइली एयर डिफ़ेंस सिस्टम की ओर से जवाबी कार्रवाई (तस्वीर वेस्ट बैंक के हेब्रोन शहर के ऊपर 28 मार्च की)
इसराइली मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, देश के दक्षिणी इलाक़े में स्थित नेगेव रेगिस्तान के एक औद्योगिक क्षेत्र में आग लगी हुई है.
इसराइल की सरकारी मीडिया कान, चैनल 12 और टाइम्स ऑफ़ इसराइल ने ऐसे वीडियो शेयर किए हैं, जिनमें काले, घने धुएँ के गुबार उठते दिखाई दे रहे हैं. उनका कहना है कि यह बेर्शेबा शहर के दक्षिण में स्थित नेओत होवाव औद्योगिक परिसर है.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक़, इस घटना में किसी के घायल होने की ख़बर नहीं है.
एएफ़पी न्यूज़ एजेंसी ने इसराइली सेना के हवाले से कहा है कि यह आग मिसाइल के टुकड़ों की वजह से लगी हो सकती है.
इससे पहले इसराइली सेना ने कहा था कि वह ईरान से दागी गई मिसाइलों को रोकने के लिए काम कर रही है.
सऊदी अरब के विदेश मंत्री की पाकिस्तानी पीएम से मुलाक़ात, शहबाज़ शरीफ़ बोले- हमेशा साथ रहेंगे
इमेज स्रोत, PAK PMO
इमेज कैप्शन, बैठक में पाकिस्तान के विदेश मंत्री इसहाक़ डार भी मौजूद थे
सऊदी अरब के विदेश मंत्री फ़ैसल बिन फ़रहान ने पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ से इस्लामाबाद में मुलाक़ात की है.
बीबीसी उर्दू सेवा के मुताबिक़, यह मुलाक़ात प्रधानमंत्री आवास में हुई है.
प्रधानमंत्री आवास की ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि बैठक में प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने मध्य-पूर्व में जारी संकट के दौरान "सऊदी अरब की ओर से दिखाए गए असाधारण संयम की सराहना की और आश्वासन दिया कि पाकिस्तान हमेशा सऊदी अरब के साथ खड़ा रहेगा."
बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री शहबाज़ शरीफ़ ने सऊदी विदेश मंत्री को मौजूदा संकट के दौरान पाकिस्तान के कूटनीतिक प्रयासों के बारे में जानकारी दी, जिनमें तनाव कम करने और अमेरिका और ईरान को बातचीत की मेज़ पर लाने के प्रयास शामिल हैं.
इस बैठक में पाकिस्तान के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री इसहाक़ डार, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार लेफ़्टिनेंट जनरल मुहम्मद आसिम मलिक और प्रधानमंत्री के विशेष सहायक तारिक़ फ़ातेमी भी मौजूद थे.
इससे पहले एक अन्य बैठक में पाकिस्तान, तुर्की, मिस्र और सऊदी अरब के विदेश मंत्रियों ने मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के मुद्दे पर महत्वपूर्ण बैठक की.
कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, कांग्रेस ने ममता बनर्जी की सीट भवानीपुर से प्रदीप प्रसाद को चुनावी मैदान में उतारा है
कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता अधीर रंजन चौधरी को बहरामपुर से उम्मीदवार बनाया है. वहीं ममता बनर्जी की सीट भवानीपुर से प्रदीप प्रसाद को चुनावी मैदान में उतारा गया है.
पश्चिम बंगाल में दो चरणों में चुनाव होने हैं. पहले चरण का मतदान 23 अप्रैल को, जबकि दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा.
चुनावी नतीजे चार मई को जारी किए जाएंगे.
नेपाल: पूर्व पीएम केपी ओली और रमेश लेखक को कोर्ट ने पांच दिन की हिरासत में भेजा, फणींद्र दहल, बीबीसी न्यूज़ नेपाली
इमेज स्रोत, RSS
इमेज कैप्शन, 'जेन ज़ी' आंदोलन के दौरान केपी शर्मा ओली प्रधानमंत्री और रमेश लेखक गृह मंत्री थे (फ़ाइल फ़ोटो)
नेपाल के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को काठमांडू जिला न्यायालय ने पांच दिन तक हिरासत में रखने की अनुमति दे दी है.
दोनों नेताओं को 'जेन ज़ी' आंदोलन की जांच के लिए बने आयोग की रिपोर्ट के आधार पर शनिवार को गिरफ़्तार किया गया था. इन नेताओं की 10 दिन की हिरासत और जांच की मांग वाली याचिका पर शनिवार को काठमांडू जिला न्यायालय में बहस हुई.
बीबीसी नेपाली सेवा के मुताबिक़, काठमांडू जिला न्यायालय के सूचना अधिकारी दीपक कुमार श्रेष्ठ ने बताया कि अदालत ने दोनों नेताओं को पांच दिनों तक हिरासत में रखने की अनुमति दी है.
इसके अलावा अदालत ने केपी शर्मा ओली के बीमार होने के कारण उन्हें ज़रूरी इलाज मुहैया कराने का आदेश भी दिया है.
आदेश में कहा गया, "चूंकि अभियुक्त केपी शर्मा ओली अस्वस्थ हैं और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती हैं, इसलिए उनके प्रभावी और आवश्यक उपचार की व्यवस्था करने के लिए भी यह आदेश जारी किया गया है."
अधिकारियों के अनुसार, पुलिस ने पूर्व गृह मंत्री लेखक को अदालत में पेश किया है. जबकि केपी शर्मा ओली ने वर्चुअल माध्यम से अदालत की कार्यवाही में हिस्सा लिया. ओली त्रिभुवन विश्वविद्यालय शिक्षण अस्पताल में भर्ती हैं.
ईरान युद्ध: इस्लामाबाद में पाकिस्तान, तुर्की, सऊदी अरब और मिस्र के विदेश मंत्रियों की बैठक
इमेज स्रोत, Pakistan Foreign Ministry
इमेज कैप्शन, चार देशों के विदेश मंत्री इस्लामाबाद में मिले हैं
मध्य-पूर्व में जारी संघर्ष के मुद्दे पर पाकिस्तान की राजधानी इस्लामाबाद में चार देशों के विदेश मंत्रियों की महत्वपूर्ण बैठक हुई है.
इस बैठक में पाकिस्तान, तुर्की, मिस्र और सऊदी अरब के विदेश मंत्री शामिल हुए.
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने बताया था कि बैठक के दौरान चारों देशों के विदेश मंत्री मध्य-पूर्व में बदलती स्थिति और आपसी हित के मामलों पर चर्चा करेंगे.
पाकिस्तान ने इस संघर्ष को सुलझाने के लिए मध्यस्थता की पेशकश की थी.
बीते दिनों अमेरिकी और इसराइली मीडिया में यह दावा किया गया था कि अमेरिका ने समझौते के लिए पाकिस्तान के ज़रिए ईरान को 15 सूत्रीय प्लान सौंपा है.
नोएडा पर पीएम मोदी और अखिलेश यादव के बाद अब मायावती का आया बयान
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, मायावती ने यूपीए सरकार पर जेवर एयरपोर्ट के काम में अड़चन डालने का आरोप लगाया (फ़ाइल फ़ोटो)
बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने नोएडा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अखिलेश यादव के बयान के बाद प्रतिक्रिया दी है.
मायावती ने दावा किया, "काफ़ी लंबे इंतज़ार के बाद जेवर में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का कल (शनिवार) उद्घाटन हुआ, जबकि इसकी रूपरेखा ही नहीं बल्कि इसके सभी ज़रूरी बुनियादी कार्य बीएसपी की मेरी सरकार में ही शुरू हो गए थे."
उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा, "उस समय केंद्र में रही कांग्रेस पार्टी की सरकार अगर रोड़ा नहीं अटकाती तो विकास का यह कार्य, यमुना एक्सप्रेसवे की तरह काफ़ी पहले मेरी सरकार में ही पूरा हो गया होता."
उत्तर प्रदेश में मायावती की सरकार साल 2007 से 2012 तक रही. उस वक़्त केंद्र में कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार थी.
मायावती ने अपने बयान में समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार का ज़्यादातर समय 'बीएसपी सरकार के समय समाज के कमज़ोर तबक़ों के हित, कल्याण और उनके उत्थान के लिए हुए ऐतिहासिक फ़ैसलों और महत्वपूर्ण कार्यों को निष्क्रिय करने' में गया.
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने 'बहुजन समाज में जन्में महान संतों, गुरुओं और महापुरुषों के आदर-सम्मान में बने शिक्षण और मेडिकल संस्थानों और ज़िलों के नाम बदलने' का काम किया.
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी के बयानों पर अखिलेश यादव ने कहा, "समाजवादी पार्टी ने सबसे अधिक विकास नोएडा में किया"
नोएडा पर पीएम मोदी और अखिलेश यादव ने क्या कहा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को जेवर स्थित नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण के उद्घाटन समारोह के दौरान कहा, "पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था. लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा, यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है."
उन्होंने कहा, "जिस नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था. कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे. मुझे याद है यहां सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वो उस कार्यक्रम में नहीं आए."
पीएम मोदी के इन बयानों पर अखिलेश यादव ने कहा, "समाजवादी पार्टी ने सबसे अधिक विकास नोएडा में किया. कोई अंधविश्वास नहीं. यहां तो मुख्यमंत्री कार्यालय भी बना था, किसी मुख्यमंत्री ने कार्यालय नहीं बनाया, घर नहीं बनाया. समाजवादियों ने घर और कार्यालय बनाया. उसमें भी घास और झाड़ लगाकर इस सरकार ने बर्बाद कर दिया."
सऊदी अरब पर हुए कई ड्रोन हमले, रक्षा मंत्रालय ने दी यह जानकारी
इमेज स्रोत, Christopher Pike/Getty
इमेज कैप्शन, पाँच मार्च को यूएई के फ़ुजैराह में एक ड्रोन को इंटरसेप्ट किए जाने के बाद उठता हुआ धुआँ
सऊदी अरब का कहना है कि उसने पिछले कुछ घंटों में 10 ड्रोन्स को इंटरसेप्ट किया है. यह जानकारी उसके रक्षा मंत्रालय ने सोशल मीडिया पर दी.
खाड़ी के अन्य देश संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) और कुवैत ने भी रातभर हमलों की जानकारी दी है.
पिछले 24 घंटों में इस क्षेत्र में बार-बार हमले हुए हैं, जिनमें प्रमुख इन्फ़्रास्ट्रक्चर को भी निशाना बनाया गया है.
दुबई में मौजूद बीबीसी संवाददाता अज़ादेह मोशीरी के मुताबिक़, यूएई पर शनिवार को कई बैलिस्टिक मिसाइल हमले हुए, जो पिछले कई हफ़्तों में सबसे ज़्यादा थे.
एमिरेट्स ग्लोबल एल्युमिनियम ने बताया कि अबू धाबी में उसके बड़े प्लांट पर हमला हुआ और उसे बुरी तरह से नुक़सान पहुंचा. इस हमले में कई कर्मचारी घायल हुए.
अखिलेश यादव ने नोएडा पर पीएम मोदी के बयान का दिया ये जवाब
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव ने कहा कि नोएडा में सबसे अधिक विकास समाजवादी पार्टी ने किया है (फ़ाइल फ़ोटो)
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने नोएडा पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बयानों का जवाब दिया है.
पीएम मोदी ने शनिवार को जेवर में बने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश की पूर्व समाजवादी सरकार पर जमकर निशाना साधा.
उन्होंने कहा, "पहले सपा वालों ने नोएडा को अपनी लूट का एटीएम बना लिया था. लेकिन आज भाजपा सरकार में वही नोएडा, यूपी के विकास का सशक्त इंजन बन रहा है."
प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी कहा कि 'अंधविश्वास के कारण सत्ताधारी नोएडा आने से डरते थे.'
उन्होंने कहा, "जिस नोएडा को पहले अंधविश्वास के कारण अपने हाल पर छोड़ दिया गया था. कुर्सी जाने के डर से पहले के सत्ताधारी यहां आने से डरते थे. मुझे याद है यहां सपा सरकार थी और मैंने नोएडा आने का कार्यक्रम बनाया तो मुख्यमंत्री इतने डरे हुए थे कि वो उस कार्यक्रम में नहीं आए."
पीएम मोदी के इन बयानों पर रविवार को अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी. वह रविवार को नोएडा दौरे पर आए थे.
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा, "समाजवादी पार्टी ने सबसे अधिक विकास नोएडा में किया. कोई अंधविश्वास नहीं. यहां तो मुख्यमंत्री कार्यालय भी बना था, किसी मुख्यमंत्री ने कार्यालय नहीं बनाया, घर नहीं बनाया. समाजवादियों ने घर और कार्यालय बनाया. उसमें भी घास और झाड़ लगाकर इस सरकार ने बर्बाद कर दिया."
पीएम मोदी ने 'मन की बात' में जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम की तारीफ़ में क्या कहा?
इमेज स्रोत, Sajjad HUSSAIN / AFP via Getty I
इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा और तेज़ गेंदबाज़ आक़िब नबी की भी तारीफ़ की (फ़ाइल फ़ोटो)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को 'मन की बात' में जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के रणजी ख़िताब जीतने पर तारीफ़ की है.
उन्होंने कहा, "क़रीब सात दशकों के लंबे इंतज़ार के बाद जम्मू-कश्मीर की टीम ने अपना पहला रणजी ख़िताब हासिल किया. यह अभूतपूर्व सफलता खिलाड़ियों के कई वर्षों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है."
पीएम मोदी ने जम्मू-कश्मीर के कप्तान पारस डोगरा और तेज़ गेंदबाज़ आक़िब नबी का विशेष तौर पर ज़िक्र करते हुए उनकी तारीफ़ की.
उन्होंने कहा, "टीम के कप्तान पारस डोगरा ने अद्भुत कौशल दिखाया. अपने नेतृत्व से इस जीत में उन्होंने अहम योगदान दिया. आज देश में कश्मीर के युवा गेंदबाज़ आक़िब नबी के प्रदर्शन की भी चर्चा हो रही है, जिन्होंने रणजी सीज़न में 60 विकेट लिए हैं."
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि क्रिकेट के मैदान में जम्मू-कश्मीर टीम के इस शानदार प्रदर्शन के बाद वहां के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और बढ़ गया है.
उन्होंने कहा, "आने वाले समय में यह कई युवाओं को स्पोर्ट्स को अपनाने के लिए प्रेरित करेगा."
जम्मू-कश्मीर ने इस साल रणजी ट्रॉफ़ी के फ़ाइनल में कर्नाटक को हराकर पहली बार ख़िताब जीता है.
श्रीलंकाई राष्ट्रपति दिसानायके ने बताया भारत से तेल की सहायता मिली
इमेज स्रोत, ISHARA S. KODIKARA/AFP via Getty
इमेज कैप्शन, दिसानायके ने विदेश मंत्री एस जयशंकर को धन्यवाद दिया है (फ़ाइल फ़ोटो)
श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके ने भारत से तेल की सहायता मिलने पर आभार जताया है.
उन्होंने अपने बयान में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और विदेश मंत्री एस जयशंकर का भी ज़िक्र किया.
श्रीलंकाई राष्ट्रपति ने एक्स पर लिखा, "कुछ दिन पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बात हुई थी, जिसमें उनसे मध्य-पूर्व संघर्ष के कारण श्रीलंका को ईंधन आपूर्ति में हो रही बाधाओं के बारे में चर्चा हुई."
उन्होंने कहा, "भारत की ओर से तत्काल सहायता मिलने पर आभारी हूं. 38 हज़ार मीट्रिक टन ईंधन कल कोलंबो पहुंचा. विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर को भी उनके समन्वय के लिए धन्यवाद."
भारत की ओर से अब तक इस मामले में कोई बयान नहीं आया है.
तेहरान में क़तर के अल-अरबी नेटवर्क के दफ़्तर पर हमला, टीवी चैनल ने क्या बताया
इमेज स्रोत, Artur Widak/NurPhoto via Getty
इमेज कैप्शन, इस हमले में अब तक किसी के घायल होने या मारे जाने की ख़बर नहीं है (सांकेतिक तस्वीर)
क़तर के अल-अरबी टीवी ने बयान में कहा है कि उसके तेहरान स्थित ऑफ़िस को इसराइली मिसाइल से निशाना बनाया गया.
टीवी चैनल ने एक्स पर बताया कि उसकी तेहरान वाली बिल्डिंग को 'भारी नुक़सान' हुआ है और लाइव प्रसारण रोक दिए गए हैं.
जारी हुई तस्वीरों में दिख रहा है कि नेटवर्क के ऑफ़िस की खिड़कियां टूटी हुई हैं, अंदरूनी हिस्सा तबाह है और आसपास की इमारतों को भी नुक़सान पहुंचा है.
हालांकि, अब तक किसी के मारे जाने या घायल होने की ख़बर नहीं है.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
खाड़ी देशों में इन अहम जगहों पर हुए हमले, यूएई पर दागी गईं बैलिस्टिक मिसाइलें, अज़ादेह मोशीरी, बीबीसी संवाददाता
इमेज स्रोत, Issam Rimawi/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, बहरीन एल्युमिनियम पर भी हमला हुआ है, जिसमें दो कर्मचारियों को हल्की चोटें आईं (सांकेतिक तस्वीर)
अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध में खाड़ी देशों के इन्फ्रास्ट्रक्चर को भी निशाना बनाया जा रहा है. खाड़ी देशों के ज़रूरी ढांचों पर बीते 24 घंटे में कई हमले हुए हैं.
संयुक्त अरब अमीरात पर शनिवार को कई बैलिस्टिक मिसाइल हमले हुए, जो पिछले कई हफ़्तों में सबसे ज़्यादा थे. एमिरेट्स ग्लोबल एल्युमिनियम ने बताया कि अबू धाबी में उसका बड़ा प्लांट निशाना बना और बुरी तरह से नुक़सान हुआ, जिसमें कई कर्मचारी घायल हुए.
खाड़ी में बहरीन एल्युमिनियम पर भी हमला हुआ है, जिसमें दो कर्मचारियों को हल्की चोटें आईं.
कुवैत में अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे का रडार सिस्टम बुरी तरह से ख़राब कर दिया गया.
खाड़ी देशों का कहना है कि उन्हें आने वाली शांति वार्ताओं में अपनी बात रखने का हक़ होना चाहिए.
हालांकि, खाड़ी देश इस पर बंटे हुए हैं कि आगे की राह क्या हो और ईरान या अमेरिका से रिश्ते कैसे हों.
मध्य पूर्व की ओर बढ़ रहे हज़ारों अमेरिकी सैनिक, क्या ईरान की ज़मीन पर सेना उतारेंगे ट्रंप?
इमेज स्रोत, VANO SHLAMOV/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने शनिवार को कहा कि युद्धपोत 'यूएसएस त्रिपोली' इलाक़े में पहुंच गया है (फ़ाइल फ़ोटो)
अंग्रेज़ी अख़बार वॉशिंगटन पोस्ट के मुताबिक़ पेंटागन ईरान में कई हफ़्तों तक ज़मीनी कार्रवाई करने की तैयारी कर रहा है.
अख़बार ने ख़बर दी है कि कि राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ज़मीनी सैनिकों को भेजने की योजना को मंज़ूरी देंगे या नहीं, यह अभी तय नहीं है.
अमेरिकी सेंट्रल कमांड ने शनिवार को कहा कि युद्धपोत यूएसएस त्रिपोली इस इलाक़े में पहुँच गया है.
सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया गया कि इस जहाज़ में क़रीब 3,500 नाविक और नौसैनिक हैं. इसमें ट्रांसपोर्ट और स्ट्राइक फ़ाइटर विमान भी हैं.
माना जा रहा है कि अमेरिकियों के पास 4,000 से ज़्यादा नौसैनिक जहाज़ों पर खाड़ी की ओर जा रहे हैं और इसके 82वीं एयरबॉर्न डिवीज़न के पैराट्रूपर भी तैयार हैं.
हालांकि, इस बीच तीन देशों (मिस्र, सऊदी अरब और तुर्की) के विदेश मंत्री पाकिस्तान में मध्य पूर्व के हालात पर चर्चा करने के लिए जुटे हैं.
पाकिस्तान ने अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत की मेज़बानी की पेशकश भी की थी.
आईआरजीसी ने अमेरिकी और इसराइली विश्वविद्यालयों को लेकर दी चेतावनी
इमेज स्रोत, Morteza Nikoubazl/NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, यह धमकी तेहरान की यूनिवर्सिटी ऑफ़ साइंस एंड टेक्नोलॉजी पर हुए हमले के बाद दी गई (आईआरजीसी जवान की फ़ाइल फ़ोटो)
ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने धमकी दी है कि वह मिडिल ईस्ट में मौजूद इसराइल और अमेरिकी यूनिवर्सिटी को निशाना बनाएगी.
यह धमकी तेहरान की यूनिवर्सिटी ऑफ़ साइंस एंड टेक्नोलॉजी पर हुए हमले के बाद दी गई है.
आईआरजीसी ने कहा, "जब तक ईरानी यूनिवर्सिटी पर हुए हमलों का बदला नहीं लिया जाएगा, तब तक पूरे क्षेत्र के विश्वविद्यालय 'वैध निशाना' मानी जाएंगी."
आईआरजीसी ने चेतावनी दी, "अमेरिकी विश्वविद्यालयों के सभी स्टाफ़, फ़ैकल्टी, छात्र और आसपास रहने वाले लोग अपनी सुरक्षा के लिए इन विश्वविद्यालयों से कम से कम एक किलोमीटर दूर रहें."
बयान में यह भी कहा गया है, "अमेरिका को ईरानी विश्वविद्यालयों पर हुए बम हमलों की निंदा करनी होगी, वरना क्षेत्र में अमेरिकी संस्थानों पर हमला किया जाएगा."
इसके लिए मंगलवार, 30 मार्च को दोपहर 12:00 बजे तक की समयसीमा दी गई है.
ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाग़ेई ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म एक्स पर ईरान के दो विश्वविद्यालयों 'इस्फ़हान यूनिवर्सिटी ऑफ़ टेक्नोलॉजी (मध्य ईरान) और तेहरान की यूनिवर्सिटी ऑफ़ साइंस एंड टेक्नोलॉजी' पर हुए हमलों की निंदा की है.
बाग़ेई ने अमेरिका और इसराइल पर आरोप लगाया है कि वे "विश्वविद्यालयों, रिसर्च सेंटर्स, ऐतिहासिक धरोहरों और प्रमुख वैज्ञानिकों को निशाना बनाकर देश की वैज्ञानिक नींव और सांस्कृतिक धरोहर को कमज़ोर करने की कोशिश कर रहे हैं."
धनबाद रामनवमी जुलूस हिंसा: अभियुक्तों के ‘परेड’ कराने के आरोप पर पुलिस ने क्या कहा?, मोहम्मद सरताज आलम, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, Sartaz Alam
इमेज कैप्शन, पुलिस ने कहा है कि स्थिति को नियंत्रण करने के लिए प्रशासन ने धारा 163 लागू कर दी है
झारखंड के धनबाद में शुक्रवार शाम रामनवमी जुलूस के दौरान हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने 20 अभियुक्तों को गिरफ़्तार किया है.
अभियुक्तों का परेड कराए जाने के आरोप पर पुलिस ने सफ़ाई दी है.
पुलिस ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में रखने के लिए प्रशासन ने धारा 163 लागू की है, जो अगले दो से तीन दिनों तक प्रभावी रहेगी.
इस मामले में बीएनएस की धारा 115(2), 195(1), 196, 299, 191(2), 191(3), 190, 121(1), 121(2), 324(5), 109, 132, 118(2) और 61(2) के तहत 58 लोगों के ख़िलाफ़ एफ़आईआर दर्ज की गई है.
दरअसल, हर साल धनबाद के बलियापुर थाना क्षेत्र के बाघमारा, दूधिया, सिंदूतपुर, रखितपुर, आमझर और बलियापुर समेत अन्य गांवों के रामनवमी अखाड़े अपने तय रास्तों से जाते हैं.
इस बार पुलिस प्रशासन की मौजूदगी में सौ से अधिक बाइक की एक रैली भी निकली, जो मुस्लिम आबादी वाले गांव भीखराजपुर से गुज़री, लेकिन बाद में हालात तनावपूर्ण हो गए.
यहां के एक स्थानीय युवक मोहम्मद कलीम ने बीबीसी न्यूज़ हिन्दी को बताया, “उन युवकों की बाइक रैली कुछ देर बाद दोबारा गुज़री. जब वह तीसरी बार गुज़री, तो उन्होंने धार्मिक नारे लगाए, जिस पर भीखराजपुर के ग्रामीणों ने ऐतराज़ किया.”
वहीं, अन्य स्थानीय लोगों के अनुसार, मामला देखते-देखते तनावपूर्ण हो गया और इस दौरान पथराव की घटना भी हुई.
परेड कराने का आरोप
स्थानीय प्रशासन ने शुक्रवार रात ही दोनों पक्षों से कुल 20 लोगों को गिरफ़्तार किया.
मामला तब सुर्ख़ियों में आया, जब पुलिस पर अभियुक्तों को घटनास्थल पर ले जाकर ‘परेड’ कराने का आरोप लगा और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
हालांकि, इस आरोप पर धनबाद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कहा, “परेड नहीं कराई गई. पुलिस उन्हें जांच के लिए ‘प्लेस ऑफ अकरेंस’ (घटनास्थल) पर लेकर गई थी.”
वहीं, भीखराजपुर से बाइक रैली के तीन बार गुज़रने के आरोप पर एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि इसकी जांच चल रही है.