टी-20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान ने बताया, भारत के ख़िलाफ़ मैच खेलने पर क्यों हुआ राजी
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर हुसैन अंद्राबी ने कहा कि क्रिकेट में राजनीति को शामिल करना या इसे हथियार के रूप में इस्तेमाल करना दुखद है.
सारांश
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि 'एफ़आईआर हो, मुक़दमा दर्ज हो या प्रिविलेज मोशन लाएं, मैं किसानों के लिए लड़ूंगा.'
अब इस लाइव ब्लॉग को यहीं रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर मिलेंगे. तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद अहम ख़बरों के साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर उन्हें विस्तार से पढ़ सकते हैं.
टी-20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान ने बताया, भारत के ख़िलाफ़ मैच खेलने पर क्यों हुआ राजी
इमेज स्रोत, PCB
इमेज कैप्शन, पीसीबी चेयरमैन मोहसिन नक़वी (बीच में) ने कहा था कि 'अगर बांग्लादेश के साथ न्याय नहीं हुआ, तो आईसीसी चाहे तो 22वीं टीम जोड़ सकती है.' (फ़ाइल फ़ोटो)
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ताहिर हुसैन अंद्राबी ने कहा है कि पाकिस्तान ने भारत के ख़िलाफ़ मैच न खेलने का फैसला इसलिए किया था ताकि खेल को हथियार बनने से रोका जा सके.
बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, गुरुवार को साप्ताहिक ब्रीफ़िंग के दौरान उन्होंने कहा कि क्रिकेट में राजनीति को शामिल करना या इसे हथियार के रूप में इस्तेमाल करना दुखद है.
उन्होंने कहा, ''भारत बांग्लादेश के ख़िलाफ़ क्रिकेट को हथियार के रूप में इस्तेमाल करने की कोशिश कर रहा है. हमारा फैसला था कि हम क्रिकेट में राजनीति को नहीं आने देंगे.''
इससे पहले पाकिस्तान ने इस महीने की शुरुआत में बांग्लादेश का समर्थन करते हुए 15 फरवरी को कोलंबो में भारत के साथ होने वाले टी-20 विश्व कप मैच में खेलने से इनकार कर दिया था.
पाकिस्तान का कहना था कि भारत में खेलने को लेकर बांग्लादेश की सुरक्षा चिंताओं को नजरअंदाज करते हुए उसे टूर्नामेंट से बाहर करना अनुचित था.
लेकिन 8 फरवरी को लाहौर में आईसीसी के उपाध्यक्ष इमरान ख्वाजा, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष अमीनुल इस्लाम और पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों के बीच हुई बैठकों के बाद, पाकिस्तान ने अपना फैसला बदल दिया और भारत के ख़िलाफ़ खेलने के लिए सहमत हो गया.
पाकिस्तान ने दावा किया था कि आईसीसी ने बांग्लादेश क्रिकेट के साथ हुए अन्याय को दूर करने का आश्वासन दिया था, जिसके बाद पाकिस्तान ने भारत के साथ मैच खेलने का फ़ैसला किया.
लाल क़िला ब्लास्ट मामले में संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट पर विदेश मंत्रालय ने ये कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, रणधीर जायसवाल ने कहा है कि संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में भारत की चिंताओं पर ध्यान दिया गया है
यूनाइटेड नेशंस की एक सैंक्शन मॉनिटरिंग रिपोर्ट में जैश-ए-मोहम्मद का नाम पिछले साल दिल्ली के लाल क़िले के पास हुए जानलेवा हमले से जोड़ा गया है.
संयुक्त राष्ट्र की इस रिपोर्ट के बारे में मीडिया के एक सवाल के जवाब में विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा, “मॉनिटरिंग टीम की यह ख़ास रिपोर्ट सार्वजनिक तौर पर उपलब्ध है और ऑनलाइन है. यह एनालिटिकल एंड सपोर्ट सैंक्शन्स मॉनिटरिंग टीम की 37वीं रिपोर्ट थी, जो 4 फरवरी 2026 को प्रकाशित हुई थी.”
उन्होंने कहा, “हमने देखा है कि उन्होंने क्रॉस-बॉर्डर टेररिज्म और टेररिज्म के ख़िलाफ़ वैश्विक लड़ाई को मजबूत करने पर हमारी चिंताओं के बारे में भारत के इनपुट्स पर ध्यान दिया है.”
बांग्लादेश चुनाव: नतीजे आने तक राजनीतिक दलों ने अपने कार्यकर्ताओं से की ये अपील
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बांग्लादेश में 13वें राष्ट्रीय संसद के साथ ही जुलाई चार्टर पर लोगों की राय जानने के लिए वोट डाले गए हैं
बांग्लादेश के चुनाव आयोग ने बताया कि गुरुवार को देश में हुए संसदीय चुनाव और जनमत संग्रह में दोपहर 2:00 बजे तक देशभर के 36,031 मतदान केंद्रों पर 47.91 प्रतिशत वोट डाले गए.
हालांकि, ख़बर लिखे जाने तक डाले गए वोटों का कुल प्रतिशत घोषित नहीं किया गया है.
बांग्लादेश में 13वें राष्ट्रीय संसद चुनाव में वोटों की गिनती जारी है. इस बीच बांग्लादेश जमात-ए-इस्लामी के अमीर शफ़ीकुर रहमान ने दावा किया है कि अब तक 11 दलों के उनके गठबंधन के उम्मीदवार नतीजों में आगे चल रहे हैं.
ढाका में एक ब्रीफिंग में जमात-ए-इस्लामी ने कहा कि वोटों की गिनती पर नज़र रखी जा रही है और उसके कार्यकर्ताओं और समर्थकों को मतदान केंद्रों को नहीं छोड़ना चाहिए.
वहीं बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी यानी बीएनपी चुनाव संचालन समिति के प्रवक्ता महदी अमीन ने अपने कार्यकर्ताओं और समर्थकों से अपील की है कि वे मतगणना पूरी होने तक मतदान केंद्रों को न छोड़ें.
कार्टून: काश कि वो बोलती
इमेज कैप्शन, मुंबई के म्यूजिकल रोड पर आज का कार्टून.
राहुल गांधी ने कहा, 'मोदी सरकार ने खेती के क्षेत्र को विदेशियों के लिए खोल दिया'
इमेज स्रोत, @RahulGandhi
इमेज कैप्शन, राहुल गांधी ने अपने वीडियो में मोदी सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं
कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा है कि ‘एफ़आईआर हो, मुक़दमा दर्ज हो या प्रिविलेज मोशन लाएं, मैं किसानों के लिए लड़ूंगा.’
राहुल गांधी ने कहा, “जो भी ट्रेड डील किसानों की रोज़ी-रोटी छीने या देश की खाद्य सुरक्षा को कमजोर करे, वह किसान-विरोधी है. अन्नदाताओं के हितों से किसान-विरोधी मोदी सरकार को समझौता नहीं करने देंगे.”
राहुल गांधी ने एक वीडियो संदेश जारी कर आरोप लगाया, “नरेंद्र मोदी जी ने हमारी फ़ूड सिक्योरिटी, हमारे किसानों को धोखा दिया है. अमेरिका के साथ समझौता कर उन्होंने कपास के किसानों को, सोया के किसानों को, सेब के किसानों को, फल के किसानों को बेच दिया है.”
उन्होंने कहा, हिन्दुस्तान के कृषि बाज़ार पर सालों से विदेश के लोग क़ब्ज़ा पाने की कोशिश में लगे हैं. नरेंद्र मोदी जी ने उनके लिए दरवाज़ा खोला है. ये सच्चाई है. वो भी जानते हैं और मैं भी जानता हूं.”
अजित पवार विमान हादसा: अब फ़्लाइट अटेंडेंट पिंकी के पिता ने जताई आशंका
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, फ़्लाइट अटेंडेंट पिंकी के पिता शिवकुमार माली
बारामती विमान हादसे में 28 जनवरी को महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के साथ कैप्टन सुमित कपूर, कैप्टन शाम्भवी पाठक, अजित पवार के सुरक्षा गार्ड विदिप जाधव और फ़्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली की मौत हो गई थी.
अब इस हादसे पर पिंकी माली के पिता शिवकुमार माली ने आशंका जताई है.
समाचार एजेंसी पीटीआई से बातचीत में शिवकुमार माली ने कहा, “रोहित दादा पवार का प्रेज़ेंटेशन देखने के बाद हम लोगों के मन में भी शंका आने लगी. उनकी कुछ बातों से हम भी सहमत हैं. सच्चाई सामने आनी चाहिए.”
“ये षडयंत्र है या हादसा है? अगर ये षडयंत्र है तो इसकी जांच होनी चाहिए, चाहे वो सीबीआई के माध्यम से हो, चाहे सरकार की तरफ से एसआईटी के माध्यम से हो या न्यायिक जांच हो? षडयंत्र का पता लगाना सरकार का काम है.”
उन्होंने कहा, “अगर यह हादसा है तो जांच में यह भी सामने आना चाहिए कि फ़्लाइट में क्या कमी थी? महाराष्ट्र के इतने बड़े नेता उप मुख्यमंत्री के साथ ही हमने अपनी बेटी पिंकी को गंवा दिया. पूरा देश जानना चाहता है कि क्या हुआ था?”
महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री अजित पवार की एक विमान हादसे में मौत के बाद 10 फरवरी को एक बार फिर इस मामले को लेकर चर्चाओं का एक नया दौर शुरू हो गया.
दरअसल अजित पवार के भतीजे और विधायक रोहित पवार ने अजित पवार की आकस्मिक मृत्यु में साज़िश की आशंका जताई है.
रोहित पवार ने मंगलवार को मुंबई में दावा किया कि कई स्रोतों से विस्तृत जानकारी जुटाने के बाद ही वो ऐसा कह रहे हैं.
रोहित पवार ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि, उन्हें एयरलाइन कंपनी वीएसआर, बुकिंग संभालने वाली कंपनी एरो और पायलट सुमित कपूर पर संदेह है.
टी-20 वर्ल्ड कप: नामीबिया के ख़िलाफ़ ईशान किशन ने सिर्फ़ 20 गेंदों में बनाया अर्धशतक
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, ईशान किशन शानदार फ़ॉर्म में नज़र आ रहे हैं
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले जा रहे मुक़ाबले में नामीबिया के ख़िलाफ़ भारत की शुरुआत तेज तर्रार रही है.
नामीबिया ने इस मुक़ाबले में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया.
भारत की तरफ से संजू सैमसन ने 8 गेंद में 22 रन की पारी खेलकर तेज शुरुआत की नींव रखी. इसके बाद तिलक वर्मा और ईशान किशन ने मिलकर 4.3 ओवर में ही भारत का स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया.
ईशान किशन ने छठे ओवर की पहली गेंद खाली जाने के बाद लगातार चार छक्के जड़े. किशन ने 20 गेंद में ही अपनी फिफ्टी पूरी कर ली.
ईशान किशन 24 गेंद पर 61 रन बनाकर आउट हुए. उन्होंने 6 चौके और पांच छक्के लगाए हैं.
नए रफ़ाल लड़ाकू विमान ख़रीदने की मंज़ूरी, राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में हुआ फ़ैसला
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रफ़ाल लड़ाकू विमान (फ़ाइल फ़ोटो)
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में डिफेंस एक्विजिशन काउंसिल ने गुरुवार को डिफेंस फोर्सेज़ में ज़रूरी क्षमता बढ़ाने के लिए 3.60 लाख करोड़ रुपये के एक्सेप्टेंस ऑफ़ नेसेसिटी (एओएन) को मंज़ूरी दी.
इसमें एयर फ़ोर्स के लिए जो मंज़ूरी दी गई है उसमें रफ़ाल लड़ाकू विमान, कॉम्बैट मिसाइल और एएस-एचएपीएस शामिल हैं.
रक्षा मंत्रालय ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में बताया है कि इसका मक़सद एयर डॉमिनेंस, डीप स्ट्राइक और परसिस्टेंट आईएसआई को मज़बूत करना है और इनमें से ज़्यादातर का निर्माण भारत में होगा.
इसके तहत आर्मी और नेवी को भी अपनी ताक़त बढ़ाने का अवसर मिलेगा. जबकि कोस्ट गार्ड भी समुद्री सर्विलांस को मज़बूत कर सकेगा.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने बताया है कि भारत ने 114 रफ़ाल जेट और दूसरे प्रोजेक्ट्स की खरीद को मंज़ूरी दी, जिनकी कुल कीमत 3.6 लाख करोड़ रुपये होगी.
रक्षा मंत्रालय ने गुरुवार को फ्रांस के साथ 114 रफ़ाल फाइटर जेट ख़रीदने के लंबे समय से रुके हुए प्रस्ताव को मंज़ूरी दे दी. लगभग 13 साल पहले इसी तरह की एक ख़रीद लगभग पक्की हो गई थी, लेकिन उस पर मुहर नहीं लग पाई थी.
टी-20 वर्ल्ड कप: नामीबिया ने जीता टॉस, पहले भारत की बल्लेबाज़ी
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, भारत की टीम नामीबिया के ख़िलाफ़ पहले बल्लेबाज़ी कर रही है (फ़ाइल फ़ोटो)
टी-20 वर्ल्ड कप के एक मुक़ाबले में भारत के ख़िलाफ़ नामीबिया ने टॉस जीत लिया है.
टॉस जीतने के बाद नामीबिया के कप्तान जेरहार्ड इरास्मस ने भारत को पहले बल्लेबाज़ी करने के लिए कहा है.
भारत और नामीबिया के बीच यह मुक़ाबला दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेला जा रहा है.
इस मैच में भारतीय टीम में तेज़ गेंदबाज़ जसप्रीत बुमराह टीम में वापस आ गए हैं.
वोटिंग ख़त्म, मतगणना शुरू: तस्वीरों में देखिए बांग्लादेश का चुनाव
इमेज स्रोत, Tarekuzzaman Shimul/BBC Bangla
इमेज कैप्शन, वोट डालने के बाद सेल्फ़ी लेतीं महिला वोटर्स
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, बांग्लादेश के कई इलाक़ों में मतदाताओं में काफ़ी उत्साह देखा गया
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, 13वें संसदीय चुनाव और जनमत संग्रह के लिए वोटिंग ख़त्म हो चुकी है
इमेज स्रोत, Chief Adviser Press wing
इमेज कैप्शन, मुख्य सलाहकार मोहम्मद यूनुस ने संसदीय चुनावों और जुलाई राष्ट्रीय चार्टर को लागू करने के मुद्दे पर हुए जनमत संग्रह के शांतिपूर्ण पूरा होने पर देश का आभार जताया है
इमेज कैप्शन, चटगांव-13 निर्वाचन क्षेत्र में गुआपंचक हाई स्कूल मतदान केंद्र. इस निर्वाचन क्षेत्र में दो गुटों के बीच हुई झड़पों में आठ लोगों के घायल होने की ख़बर है
इमेज कैप्शन, जमात-ए-इस्लामी समेत 11 दलों के गठबंधन ने ढाका-8 समेत तीन निर्वाचन क्षेत्रों में चुनाव स्थगित करने की मांग की है
टी-20 वर्ल्ड कप: इटली ने नेपाल को दी करारी मात
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, इटली के एंथनी मोस्का अर्धशतक बनाने के बाद
टी-20 वर्ल्ड कप के एक मुक़ाबले में इटली ने नेपाल को दस विकेट से हरा दिया है.
पहले बल्लेबाज़ी करने उतरी नेपाल की टीम 123 रन पर ऑल ऑउट हो गई. नेपाल की तरफ से कोई भी बल्लेबाज़ 25 रन के स्कोर तक भी नहीं पहुंच पाया.
नेपाल की पूरी टीम 19.3 ओवर में पवेलियन लौट गई.
इसके बाद बल्लेबाज़ी करने उतरी इटली की टीम ने बिना विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया. इटली की तरफ से दोनों ओपनर बल्लेबाज़ों ने अर्धशतक लगाए.
इटरी की तरफ से जे मोस्का ने 60 रन जबकि ए मोस्का ने 62 रनों की पारी खेली.
बांग्लादेश: चुनावों के बाद वोटों की गिनती की प्रक्रिया शुरू
इमेज कैप्शन, बांग्लादेश के कई इलाक़ों में मतपत्रों को अलग-अलग करने का काम शुरू हो गया है
13वें संसदीय चुनाव और जनमत संग्रह के लिए वोटिंग के बाद, बांग्लादेश में कई जगहों पर वोटों की गिनती शुरू हो गई है.
बीबीसी के संवाददाताओं ने देश के विभिन्न हिस्सों में मतपेटियों को मतगणना के लिए ले जाते हुए देखा.
बीबीसी के पत्रकारों ने कई स्थानों पर मतगणना गतिविधियों की शुरुआत देखी.
इस वर्ष संसदीय चुनाव और जनमत संग्रह के मतपत्र एक ही पेटी में रखे गए हैं. संसदीय चुनाव के मतपत्र काले और सफेद रंग के हैं, जबकि जनमत संग्रह के मतपत्र गुलाबी रंग के हैं.
सबसे पहले दोनों रंगों के मतपत्रों को अलग किया जाएगा. फिर उनकी गिनती अलग-अलग की जाएगी.
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह का आरोप, 'राहुल गांधी देश में भ्रम फ़ैला रहे हैं'
इमेज स्रोत, ANI
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर ग़लत जानकारी फ़ैलाने का आरोप लगाया है.
राहुल गांधी भारत-अमेरिका ट्रेड डील, एपस्टीन फ़ाइल और आम बजट के मुद्दे पर लगातार सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं और वो सत्ता पक्ष के निशाने पर हैं.
गिरिराज सिंह ने कहा, “आप (राहुल गांधी) देश में किसानों में भ्रम फ़ैलाना चाहते हैं. आप देश में गृह युद्ध कराना चाहते हैं और झूठ भी सत्य के मंदिर (लोकसभा) में जाकर बोलते हैं.”
उन्होंने कहा, “नरेंद्र मोदी के रहते किसानों का अहित ना हुआ है और न होगा. जब देश का कृषि मंत्री मंत्री कह रहा हो, और जब देश का वाणिज्य मंत्री कह रहा हो तो आपके पास कौन सा सूत्र है जो आप देश में भ्रम फैला रहे हैं.”
गिरिराज सिंह ने कहा, “अभी जॉइंट सिग्नेचर नहीं हुआ है और आप देश में भ्रम फैला रहे हैं. दूसरे को फ़ाइल दिखा रहे हैं… ”
लेम्बोर्गिनी एक्सीडेंट केस: शिवम मिश्रा को मिली ज़मानत
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, अभियुक्त शिवम मिश्रा को आज ही गिरफ़्तार किया गया था
उत्तर प्रदेश के कानपुर में लेम्बोर्गिनी कार एक्सीडेंट केस में अभियुक्त शिवम मिश्रा को ज़मानत मिल गई है.
शिवम मिश्रा के वकील नरेश चंद्र त्रिपाठी ने कहा, "... कोर्ट ने रिमांड देने से मना कर दिया है. उन्हें (शिवम मिश्रा) अब बीस हज़ार रुपये की अंडरटेकिंग और बीस हज़ार रुपये के पर्सनल बॉन्ड पर रिहा किया जा रहा है.”
वकील नरेश चंद्र त्रिपाठी ने आरोप लगाया, “पुलिस सरकार के दबाव में काम कर रही थी... पुलिस ने उन्हें (शिवम मिश्रा) ग़लत तरीके से गिरफ़्तार किया था..."
समाचार एजेंसी पीटीआई के मुताबिक़ अभियुक्त शिवम मिश्रा को आज ही गिरफ़्तार किया गया था.
उत्तर प्रदेश के कानपुर में बीते रविवार को एक करोड़पति व्यवसायी की कार ने कई लोगों को टक्कर मार दी थी.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार गाड़ी तंबाकू कारोबारी केके मिश्रा के बेटे शिवम मिश्रा चला रहे थे.
लेकिन दुर्घटना के दो दिन बाद बुधवार को शिवम मिश्रा के ड्राइवर ने पुलिस के सामने दावा किया कि गाड़ी वह चला रहे थे.
इस हाई-प्रोफ़ाइल मामले में पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं और दुर्घटना के बाद शिवम मिश्रा को छोड़ देने के मामले में थाना प्रभारी को निलंबित भी कर दिया गया है.
अखिलेश यादव ने लिखा, “ये डील हमारे देश की सिर्फ़ ख़ेती-मज़दूरी ही नहीं बल्कि हर तरह से पैदावार-उत्पादन, काम-कारोबार और रोज़गार के ख़िलाफ़ है...”
अखिलेश यादव ने आगे लिखा, “जिन्होंने पहले हमारे लोगों को साक्षात ज़ंजीर में बांधकर भेजा था, अब उन्होंने डील का जाल फेंककर भ्रष्ट बीजेपी सरकार को मजबूर कर दिया है. अब भाजपा के वो संगी-साथी क्या भूमिगत हो गये हैं या परदेसी हो गये हैं, जो स्वदेशी का नारा लगाते थे."
टी-20 वर्ल्ड कप: श्रीलंका ने ओमान को बड़े अंतर से हराया
इमेज स्रोत, Getty Images
टी 20 वर्ल्ड कप के एक मैच में श्रीलंका ने ओमान को 105 रनों से हरा दिया है.
श्रीलंका ने निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुक़सान पर 225 रन बनाए थे.
टीम की तरफ से सबसे ज़्यादा 61 रन कुसाल मेंडिस ने बनाए. जबकि पी रत्नायके ने 60 रनों का योगदान दिया.
इसके जवाब में बल्लेबाज़ी करने उतरी ओमान की टीम 20 ओवर में नौ विकेट के नुक़सान पर 120 रन ही बना पायी. ओमान की तरफ से एम नदीम ने सबसे ज़्यादा 53 रनों की पारी खेली और वो अंत तक नॉटआउट रहे.
रूस पर व्हाट्सएप को ब्लॉक करने की कोशिश का आरोप, ओसमंड चिया, बिज़नेस रिपोर्टर, बीबीसी न्यूज़
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, रूसी नियामक व्हाट्सएप के विकल्प के रूप में सरकार की ओर से विकसित एक एप को बढ़ावा दे रहे हैं
रूस की ओर से मैसेजिंग एप्स पर सख़्त पाबंदियां बढ़ाई जा रही हैं. व्हाट्सएप ने एक बयान जारी कर कहा कि रूस ने देश के अंदर व्हाट्सएप को "पूरी तरह ब्लॉक करने की कोशिश" की है.
मेटा के स्वामित्व वाले व्हाट्सएप ने कहा कि इस क़दम का मक़सद रूस में उसके 10 करोड़ से अधिक यूज़र्स को एक "सरकार नियंत्रित निगरानी एप" की ओर धकेलना है.
यह क़दम ऐसे समय उठाया गया है जब रूसी नियामकों ने सुरक्षा की कमी का हवाला देते हुए टेलीग्राम की पहुंच भी अधिक सीमित कर दी है. रूस में टेलीग्राम के यूज़र्स की संख्या व्हाट्सएप के बराबर मानी जाती है.
बीबीसी ने इस मामले पर रूस से प्रतिक्रिया जाननी चाही, लेकिन इस पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली.
व्हाट्सएप ने अपने बयान में कहा, "10 करोड़ से अधिक यूज़र्स को निजी और सुरक्षित संवाद से अलग करने की कोशिश पीछे की ओर ले जाने वाला क़दम है और इससे रूस में लोगों की सुरक्षा कम होगी."
कंपनी ने कहा, "हम यूज़र्स के जुड़े रहने के लिए हर संभव प्रयास करते रहेंगे."
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता चंदन कुमार जजवाड़े आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
बांग्लादेश चुनाव: खुलना में मतदान केंद्र पर 'झड़प के बाद' बीएनपी नेता की मौत
इमेज स्रोत, AHM Shamimuzzaman
बांग्लादेश के खुलना सदर इलाक़े के आलिया मदरसा मतदान केंद्र पर दो गुटों के बीच हुई 'झड़प में' बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के एक नेता की मौत हो गई है.
बीबीसी बांग्ला सेवा के मुताबिक़, बीएनपी के स्थानीय नेताओं का आरोप है कि धक्का लगने के बाद मोहिबुज़्ज़मान कोची की तबीयत ख़राब हो गई थी. वह खुलना मेट्रोपॉलिटन बीएनपी के पूर्व सचिव थे.
यह घटना गुरुवार सुबह की है. केएमपी कमिश्नर मोहम्मद ज़हीदुल हसन ने बीबीसी बांग्ला से इस जानकारी की पुष्टि की.
उन्होंने बताया कि सुबह दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई. इसी दौरान उनकी तबीयत ख़राब हो गई. बाद में जब उन्हें अस्पताल ले जाया गया तो डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
इसी बीच, खुलना-2 निर्वाचन क्षेत्र से बीएनपी उम्मीदवार के मुख्य प्रतिनिधि मोहम्मद मोनिरुज़्ज़मान मोनी ने बताया कि सुबह क़रीब 8 बजे आलिया मदरसा के कार्यवाहक प्रधानाध्यापक मोहम्मद अब्दुर रहीम जमात के लिए प्रचार करने लगे. उसी दौरान कोची ने उन्हें रोका.
इसके बाद दोनों के बीच बहस छिड़ गई. इसी दौरान कोची को धक्का लगा और वे एक पेड़ से टकरा गए, जिससे वे बीमार पड़ गए. उन्हें खुलना सिटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
हालांकि, पुलिस ने अब तक स्पष्ट तौर पर यह नहीं बताया है कि बीएनपी नेता को पेड़ से चोट लगी थी या नहीं.