You’re viewing a text-only version of this website that uses less data. View the main version of the website including all images and videos.

Take me to the main website

लाइव, ट्रंप बोले एफ़-15 गिराए जाने का ईरान से बातचीत पर नहीं होगा असर - एनबीसी की रिपोर्ट

एनबीसी न्यूज़ के मुताबिक़, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका के लड़ाकू विमान को गिराए जाने की घटना का ईरान के साथ किसी भी बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह

  1. ईरान के साथ युद्ध में अब तक कितने अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं, सामने आया आंकड़ा

    पेंटागन की ओर से जारी आँकड़ों के मुताबिक़, अमेरिका-इसराइल और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने से अब तक कुल 365 अमेरिकी सैन्य कर्मी घायल हुए हैं.

    सशस्त्र बलों की अलग-अलग शाखाओं के हिसाब से घायलों की संख्या इस प्रकार है:

    • आर्मी - 247
    • नेवी - 63
    • मरीन - 19
    • एयर फ़ोर्स - 36

    आँकड़ों के अनुसार, युद्ध में मरने वाले सैनिकों की संख्या 13 है.

  2. ट्रंप बोले एफ़-15 गिराए जाने का ईरान से बातचीत पर नहीं होगा असर - एनबीसी की रिपोर्ट

    एनबीसी न्यूज़ के मुताबिक़, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि अमेरिका के लड़ाकू विमान को गिराए जाने की घटना का ईरान के साथ किसी भी बातचीत पर कोई असर नहीं पड़ेगा.

    रिपोर्ट के अनुसार, एक संक्षिप्त फ़ोन इंटरव्यू में राष्ट्रपति से पूछा गया कि क्या आज की घटनाओं का बातचीत पर कोई असर होगा. इसके जवाब में उन्होंने कहा, "नहीं, बिल्कुल नहीं. नहीं, यह जंग है. हम जंग में हैं."

    ईरान ने शुक्रवार को एक अमेरिकी एफ़-15 लड़ाकू विमान को गिराने का दावा किया था. बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस न्यूज़ ने दो सूत्रों से इसकी पुष्टि की थी.

    सूत्रों ने सीबीएस न्यूज़ को यह भी बताया कि गिराए गए एफ़-15 लड़ाकू विमान के चालक दल के एक सदस्य को बचा लिया गया है और दूसरे पायलट को खोजने के लिए अब भी अभियान जारी है.

  3. ईरानी मीडिया का एक और अमेरिकी विमान को मार गिराने का दावा

    बीबीसी फ़ारसी सेवा की संवाददाता ग़ोंचेह हबीबीआज़ाद के मुताबिक़, ईरान की सरकारी मीडिया का कहना है कि ईरानी सेना ने कहा है कि उसने एक अमेरिकी ए-10 विमान को मार गिराया है.

    वहीं बीबीसी न्यूज़ के अमेरिकी सहयोगी सीबीएस न्यूज़ से अमेरिका के दो अधिकारियों ने कहा है कि ईरान में एफ़-15 लड़ाकू विमान के रेस्क्यू मिशन में शामिल दो अमेरिकी विमान भी गोलीबारी की चपेट में आए हैं.

    सीबीएस न्यूज़ के मुताबिक़, सर्च और रेस्क्यू में शामिल एक ए-10 वॉरथोग विमान पर हमला हुआ, जिसके बाद पायलट ने खाड़ी के ऊपर इजेक्ट किया, जहां उसे बचा लिया गया.

    हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि क्या यह वही ए-10 वॉरथोग है, जिसके बारे में सीबीएस न्यूज़ ने कहा है कि उसे एफ़-15ई के सर्च और रेस्क्यू अभियान के दौरान निशाना बनाया गया था.

    सीबीएस का कहना है कि इस तलाशी अभियान में दो हेलिकॉप्टर भी शामिल थे, जिन्होंने पहले हुए हादसे में एफ़-15ई के दो पायलटों में से एक को बचाया.

    रिपोर्ट में कहा गया है कि बचाए गए पायलट को ले जा रहे हेलिकॉप्टर पर छोटे हथियारों से फ़ायरिंग हुई, जिससे उसमें सवार क्रू सदस्य घायल हो गए. हेलिकॉप्टर सुरक्षित उतर गया और कर्मचारियों का इलाज किया जा रहा है.

    रिपोर्ट के मुताबिक़, गिराए गए एफ़-15 के दूसरे पायलट की तलाश अब भी जारी है.

    बीबीसी फ़ारसी सेवा की संवाददाता ग़ोंचेह हबीबीआज़ाद के मुताबिक़, ईरान के सरकारी टीवी ने ईरानी सेना के हवाले से बताया है कि 'एक अमेरिकी ए-10 विमान को आर्मी एयर डिफ़ेंस फ़ोर्स के डिफ़ेंस सिस्टम ने निशाना बनाया और वह दक्षिणी ईरान में फ़ारस की खाड़ी में गिरा'.

    रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि इसे होर्मुज़ स्ट्रेट के आसपास मार गिराया गया.

  4. अमेरिकी पायलट की तलाश 'अब भी जारी', ईरान के डिप्टी गवर्नर का बयान, ग़ोंचेह हबीबीआज़ाद, बीबीसी फ़ारसी

    ईरान के दक्षिणी प्रांत कोहगिलुयेह-बोयेरअहमद के डिप्टी गवर्नर ने कहा है कि मार गिराए गए अमेरिकी एफ़-15 लड़ाकू विमान के 'लापता पायलट' की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन अब भी 'पूरी ताक़त' के साथ जारी है.

    उधर मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक़ अमेरिका की ओर से भी लड़ाकू विमानों और हेलिकॉप्टरों के ज़रिए पायलट को खोजने की 'व्यापक कोशिशें' की जा रही हैं.

    ईरान की सरकारी न्यूज़ एजेंसी फ़ार्स की एक रिपोर्ट के अनुसार, डिप्टी गवर्नर का कहना है कि 'पुलिस, सुरक्षा बल और स्थानीय लोग पायलट की पहचान करने और उसे पकड़ने की कोशिश में अब भी जुटे हैं' और उन्होंने लोगों से अपील की है कि अगर 'लापता पायलट' के बारे में कोई जानकारी मिले तो वे अधिकारियों से संपर्क करें.

    हालांकि, यह ठीक-ठीक पता नहीं है कि विमान कहां गिरा, लेकिन अब तक ईरान के सरकारी मीडिया में जिन दो प्रांतों के नाम बार-बार सामने आए हैं, वे हैं कोहगिलुयेह-बोयरअहमद और खुज़ेस्तान.

    शुक्रवार को एक अमेरिकी एफ़-15 लड़ाकू विमान के ईरान के दक्षिणी हिस्से में गिराए जाने की ख़बर आई थी. बीबीसी के अमेरिकी साझेदार सीबीएस न्यूज़ को दो सूत्रों ने इसकी पुष्टि की थी.

    सूत्रों ने सीबीएस न्यूज़ को यह भी बताया कि गिराए गए एफ़-15 लड़ाकू विमान के चालक दल के एक सदस्य को बचा लिया गया है.

  5. नमस्कार!

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के लाइव पेज पर आपका स्वागत है. मैं बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह अब से दोपहर दो बजे तक आप तक अहम ख़बरें पहुंचाऊंगा.

    कल के लाइव पेज की ख़बरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें.

    हमारे पेज पर मौजूद कुछ अहम ख़बरों को पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

Trending Now