सौरभ भारद्वाज ने केजरीवाल की गिरफ़्तारी के वक़्त राघव चड्ढा पर 'छिपने' का आरोप लगाया

इमेज स्रोत, ANI
आम आदमी पार्टी की ओर से राज्यसभा में पार्टी के डिप्टी लीडर की ज़िम्मेदारी राघव चड्ढा की जगह अशोक कुमार मित्तल को सौंपे जाने के बाद से आरोपों का दौर जारी है.
शुक्रवार को राघव चड्ढा ने एक वीडियो जारी कर आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी ने राज्यसभा सचिवालय को कहा है कि उनके राज्यसभा में 'बोलने पर रोक लगा दी जाए'.
उन्होंने कहा, "ख़ामोश करवाया गया हूँ, हारा नहीं हूँ."
इसके बाद दिल्ली में आम आदमी पार्टी के अध्यक्ष और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता सौरभ भारद्वाज ने राघव चड्ढा पर गंभीर आरोप लगाए हैं.
उन्होंने अरविंद केजरीवाल की गिरफ़्तारी के वक़्त राघव चड्ढा के 'देश में नहीं होने' और 'छिपने' का आरोप लगाया.
सौरभ भारद्वाज ने कहा, "अरविंद केजरीवाल जी को बतौर मुख्यमंत्री सरकार ने एक झूठे मुक़दमे में गिरफ़्तार किया, आप उस समय भी देश में नहीं थे. आप कहीं जाकर छिप गए."
इसके अलावा सौरभ भारद्वाज ने राघव चड्ढा पर संसद में 'सॉफ़्ट पीआर करने' का आरोप लगाते हुए कहा, "संसद में एक छोटी पार्टी के पास बहुत ही सीमित समय होता है और उसमें अगर कोई समोसों की बात उठा रहा है तो उससे ज़रूरी है कि देश के बड़े मुद्दों की बात उठाए."
उन्होंने कहा, "अभी सारी विपक्षी पार्टियों ने मुख्य चुनाव आयुक्त के महाभियोग के लिए प्रस्ताव लाना चाहा, आपने उस पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया. जब भी कोई मुद्दा हो, जिसको लेकर विपक्ष वॉकआउट करता है, आप वॉकआउट नहीं करते."
"पिछले कई अरसे से मैंने देखा कि आपने कोई भी मुद्दा सदन में नहीं उठाया, जिसमें आपने प्रधानमंत्री या भारतीय जनता पार्टी की सरकार से सवाल किया हो. ऐसे डर के राजनीति कैसे चलेगी?"
सौरभ भारद्वाज ने आगे कहा, "हम लोगों को पंजाब के मुद्दे उठाने हैं, जहाँ से आप चुनकर आते हैं. आप वे मुद्दे भी उठाने से घबराते हैं. गुजरात में पार्टी के क़रीब 160 कार्यकर्ताओं पर झूठे मुक़दमे के तहत एफ़आईआर दर्ज की गई, कइयों को गिरफ़्तार किया गया. आप उस पर भी चुप रहे."
संबंधित कहानियाँ:









