रूस के विपक्षी नेता एलेक्सी नवेलनी की मां ने कहा- हमें पता था कि हमारे बेटे की हत्या हुई थी
रूसी विपक्षी नेता एलेक्सी नवेलनी की मौत को दो साल हो गए हैं. नवेलनी की मां ने कहा है कि उनके बेटे की मौत ज़हर से हुई थी, जो यह साबित करता है कि उनकी हत्या की गई थी.
अब इस लाइव ब्लॉग को यहीं विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त.
कल सुबह एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर मिलेंगे. तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद अहम ख़बरों के साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर उन्हें विस्तार से पढ़ सकते हैं.
रूस के विपक्षी नेता एलेक्सी नवेलनी की मां ने कहा- हमें पता था कि बेटे की हत्या हुई थी, लौरा गोज़ी
इमेज स्रोत, ALEXANDER NEMENOV/AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, रूसी विपक्षी नेता एलेक्सी नवेलनी की मां ने सरकार पर लगाए आरोप
रूसी विपक्षी नेता एलेक्सी नवेलनी की मौत को दो साल हो गए हैं. नवेलनी की मां ने कहा है कि उनके बेटे की मौत ज़हर से हुई थी, जो यह साबित करता है कि उनकी हत्या की गई थी.
एलेक्सी नवेलनी की मां ल्यूडमिला नवलनाया ने सोमवार को मॉस्को में अपने बेटे की कब्र पर जाते वक्त कहा, "यह वही है जो हम शुरू से जानते थे. हमें पता था कि हमारा बेटा जेल में बस यूं ही नहीं मरा, उसकी हत्या की गई थी."
वहीं नवेलनी की पत्नी यूलिया ने सोशल मीडिया पर लिखा, "हमने सच हासिल कर लिया है और एक दिन न्याय भी मिलेगा."
दरअसल, शनिवार को ब्रिटेन और यूरोपीय देशों ने बयान दिया कि नवेलनी को उस ज़हर से मारा गया जो डार्ट फ़्रॉग (एक प्रकार का मेंढक) से निकाला गया था. बयान में कहा गया कि सिर्फ़ रूसी सरकार के पास इस ज़हर को इस्तेमाल करने का साधन, वजह और मौका था.
क्रेमलिन प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने ब्रिटेन और यूरोपीय देशों के इस आरोप को खारिज़ किया है. उन्होंने कहा, "हम ऐसे आरोपों को बिल्कुल स्वीकार नहीं करते. हम उनसे असहमत हैं और आरोपों को पक्षपाती और बेबुनियाद मानते हैं."
अखिलेश यादव का आरोप- एसआईआर में पीडीए के वोटों की डकैती हुई
इमेज स्रोत, Deepak Gupta/Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव ने एसआईआर की प्रक्रिया पर उठाए सवाल (फ़ाइल फ़ोटो)
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान उनकी पार्टी के समर्थकों के नाम बड़ी संख्या में हटाए गए. उन्होंने इस मामले में निर्वाचन आयोग से दख़ल देने की मांग की.
अखिलेश यादव ने प्रेस वार्ता में कहा, "आंकड़े ग़लत नहीं बोल रहे, ये तो उन्हीं का डेटा है. आंकड़ों से स्पष्ट है कि पीडीए के वोटों की ही डकैती है. वोटों को लक्षित करते हुए काटा गया है, यह तय किया गया कि इस बूथ पर यह वोट कटवाना ही है."
"इससे स्पष्ट है कि बैकग्राउंड में ऐसे लोग हैं जिनसे यह डेटा साझा किया जा रहा है. डेटा शेयर हो रहा है, इसीलिए वोटों को टारगेट कर पा रहे हैं."
उन्होंने कहा, "जब चुनाव आयोग ने एसआईआर की प्रक्रिया शुरू की थी, तब कहा था कि बीएलओ गांव-गांव जाकर सत्यापन करेंगे और ग़लत वोट हटाएंगे. ड्राफ्ट रोल में 49 हज़ार वोट फ़ॉर्म-7 के ज़रिए बीएलओ की ओर से हटाए गए."
उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि ये 49 हज़ार वोट भी बीजेपी की जीत के लिए नाकाफ़ी थे, इसलिए ऐसी व्यवस्था कर दी गई कि फॉर्म-7 सिर्फ़ बीएलओ नहीं बल्कि कोई भी भर सकता है.
अखिलेश यादव ने कहा, "बीएलओ की ओर से हटाए गए वोटों से तीन गुना अधिक वोट अज्ञात लोगों ने फ़ॉर्म-7 जमा कर कटवा दिए हैं."
उन्होंने पूछा कि ये अज्ञात लोग कौन हैं, इसमें बहुत सारे नकली साइन भी हैं.
टी-20 वर्ल्ड कप: ऑस्ट्रेलिया ने श्रीलंका को 182 रन का लक्ष्य दिया
इमेज स्रोत, Sameera Peiris-ICC/ICC via Getty Images
इमेज कैप्शन, ऑस्ट्रेलिया ने 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 181 रन बनाए
टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का 30वां मैच ऑस्ट्रेलिया और श्रीलंका के बीच हो रहा है.
श्रीलंका ने टॉस जीतकर गेंदबाज़ी चुनी. ऑस्ट्रेलिया ने बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 9 विकेट गंवाकर 181 रन बनाए.
यह मुक़ाबला पल्लेकेले अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में हो रहा है. ऑस्ट्रेलिया की टीम की ओर से सबसे अधिक रन ट्रेविस हेड ने बनाए. उन्होंने 29 गेंदों में 56 रन बनाए. इसके बाद कप्तान मिचेल मार्श ने 27 गेंदों में 54 रन बनाए.
टी-20 वर्ल्ड कप: सूर्यकुमार यादव ने कुलदीप यादव से कहा, 'गुस्सा छोड़ दो भाई'
इमेज स्रोत, Noah SEELAM / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, सूर्यकुमार यादव ने सोशल मीडिया पर वीडियो साझा किया
टी-20 वर्ल्ड कप के भारत-पाकिस्तान मुक़ाबले के दौरान हार्दिक पंड्या की गेंद पर कुलदीप यादव ने शाहीन अफ़रीदी का कैच छोड़ दिया था जिसके बाद हार्दिक झल्लाते नज़र आए थे.
अब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने इस मामले को शांत करने के लिए सोशल मीडिया एक मज़ाकिया वीडियो साझा किया है.
सूर्यकुमार यादव के साझा किए गए वीडियो में वह कुलदीप यादव के कंधे पर हाथ रखते हुए दिखाई दे रहे हैं और कुलदीप यादव तेज़ी से आगे निकल जाते हैं. बैकग्राउंड में 'हेरा-फेरी' मूवी का डायलॉग चल रहा है. कैप्शन में सूर्यकुमार यादव ने लिखा- "गुस्सा छोड़ दो भाई."
पाकिस्तान की बल्लेबाज़ी के दौरान 18वें ओवर में शाहीन अफ़रीदी ने हार्दिक पंड्या के ख़िलाफ़ हवाई शॉट खेला. लेकिन कुलदीप यादव से कैच छूट गया और गेंद बाउंड्री रोप के पार जा गिरी. कैच तो छूटा ही, साथ ही पाकिस्तान को 6 रन भी मिले.
जैसे ही कुलदीप से कैच छूटा हार्दिक झल्ला गए. इससे पहले ईशान किशन से भी एक कैच छूट गया था, इस कारण हार्दिक पहले से ही कुछ ख़फ़ा थे.
देहरादून में कांग्रेस का ‘राजभवन घेराव’, पुलिस से कार्यकर्ताओं की तीखी झड़प, आसिफ अली, बीबीसी हिन्दी के लिए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, उत्तराखंड कांग्रेस का प्रदेश की बीजेपी सरकार के ख़िलाफ़ 'राजभवन घेराव'
उत्तराखंड में कांग्रेस ने सोमवार को देहरादून में शक्ति प्रदर्शन किया. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में हज़ारों कार्यकर्ता लोक भवन (राजभवन) की ओर कूच के लिए परेड ग्राउंड में जुटे.
बढ़ते अपराध, बेरोज़गारी और भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर कांग्रेस ने 'राजभवन घेराव' किया.
कूच में प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा और अलका लांबा समेत प्रदेशभर से कार्यकर्ता शामिल हुए. पुलिस से कार्यकर्ताओं की तीखी झड़प हुई.
पुलिस ने तीन लेयर्स में बैरिकेडिंग की थी, जिन्हें पार करने की कोशिश में धक्का-मुक्की हुई. प्रशासन ने रैली से पहले शहर में लगे पोस्टर और बैनर हटवा दिए थे, जिसे कांग्रेस ने "सरकार की घबराहट" बताया.
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने इसे सरकार की नीतियों के ख़िलाफ़ "हल्ला-बोल" क़रार देते हुए कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार और महंगाई चरम पर हैं, महिला के ख़िलाफ़ अपराध बढ़ रहे हैं और जंगली जानवरों के हमलों से गांव खाली हो रहे हैं.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि भाजपा का "भय और भ्रष्टाचार-मुक्त" शासन का वादा पूरा नहीं हुआ. नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य और हरक सिंह रावत ने भी क़ानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए.
कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा मेहरा दसौनी ने कहा, “हमने राजभवन घेराव इसलिए रखा क्योंकि प्रदेश में महिला अपराध बढ़ रहे हैं और क़ानून-व्यवस्था चरमराई हुई है. लेकिन कार्यक्रम से पहले ही हमारे बैनर-पोस्टर हटवाकर लोकतांत्रिक अधिकारों का दमन किया जा रहा है.” कांग्रेस ने इसे 90 दिन के सरकार-विरोधी अभियान की शुरुआत बताया है.
महाराष्ट्र: पुणे में बीजेपी-कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में झड़प, 7 लोग घायल हुए
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, पुणे कांग्रेस शहर अध्यक्ष अरविंद शिंदे
महाराष्ट्र के पुणे में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में झड़प हुई है.
झड़प पुणे के कांग्रेस भवन में बीजेपी के विरोध प्रदर्शन के दौरान हुई. इस घटना में 7 लोग घायल हुए, जिनमें पुलिस कॉन्स्टेबल और पत्रकार भी शामिल हैं.
विरोध प्रदर्शन महाराष्ट्र कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष हर्षवर्धन सपकाल के बयान के बाद किया गया. उन्होंने कथित तौर पर टीपू सुल्तान की तुलना छत्रपति शिवाजी महाराज से की थी. बीजेपी शहर अध्यक्ष धीरज घाटे ने शनिवार को इस बयान के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी और इसके बाद आंदोलन का एलान किया.
रविवार दोपहर बड़ी संख्या में बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस भवन के बाहर इकट्ठा हुए. शुरुआत में प्रदर्शन शांतिपूर्ण था. लेकिन बाद में भारतीय जनता युवा मोर्चा के कार्यकर्ता गेट की ओर दौड़े और ज़ोरदार नारेबाज़ी शुरू कर दी.
पुलिस उन्हें हटाने की कोशिश कर रही थी, तभी कथित तौर पर एक बोतल कांग्रेस भवन के अंदर फेंकी गई. इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चप्पलें फेंकीं. जल्द ही दोनों तरफ़ से पत्थरबाज़ी शुरू हो गई.
जॉइंट कमिश्नर रंजनकुमार शर्मा ने बताया कि इस घटना में 2 पुलिस कॉन्स्टेबल, 3 कांग्रेस कार्यकर्ता, 2 बीजेपी कार्यकर्ता और 2 पत्रकार घायल हुए हैं. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर जाँच शुरू कर दी है.
बीजेपी शहर अध्यक्ष धीरज घाटे ने आरोप लगाया कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जानबूझकर हंगामा किया ताकि हमारी पार्टी की छवि ख़राब हो और शांतिपूर्ण प्रदर्शन बिगड़ जाए.
पुणे कांग्रेस शहर अध्यक्ष अरविंद शिंदे ने कहा, "प्रदर्शन कांग्रेस ऑफिस से 100 मीटर दूर होना था, लेकिन वे (बीजेपी कार्यकर्ता) ऑफिस में घुस आए और पत्थरबाज़ी शुरू कर दी, हमारी महिला कार्यकर्ताओं को गाली दी. हमने एफआईआर दर्ज कराई है और मांग करते हैं कि उन्हें कोर्ट में लाया जाए. अगर ऐसा नहीं हुआ तो हम पूरे पुणे शहर में आंदोलन करेंगे."
कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने राहुल गांधी और पवन खेड़ा पर ऐसा क्या कहा, जो हो रहा है वायरल?
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, कांग्रेस के बड़े नेताओं पर मणिशंकर अय्यर के तीखे हमले
कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने पार्टी के कई बड़े नेताओं पर हमला बोला है. उनके बयान सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं और कई नेताओं की प्रतिक्रिया आ रही है.
दरअसल, मणिशंकर अय्यर ने कहा था कि पिनाराई विजयन फिर से केरल के सीएम बनेंगे. इस पर पवन खेड़ा ने एक्स पोस्ट में लिखा, "मणिशंकर अय्यर का पिछले कुछ सालों से कांग्रेस से कोई संबंध नहीं रहा है. वह जो भी बोलते या लिखते हैं, वह पूरी तरह उनकी निजी राय होती है."
इस पर मणिशंकर अय्यर ने एएनआई से कहा, "मैं चाहता हूं कि आप पवन खेड़ा को एक संदेश भेजें. उसने दिल्ली में एम.ए. बेबी से हाथ मिला लिया है और यहां मेरे पिनाराई विजयन से हाथ मिलाने पर नाराज़ हो रहा है. वह कैसा कांग्रेसी है?"
उन्होंने पवन खेड़ा को 'कठपुतली' क़रार दिया.
मणिशंकर अय्यर ने राहुल गांधी और पार्टी महासचिव केसी वेणुगोपाल पर भी निशाना साधा. मणिशंकर अय्यर ने कहा, "क्या आप सोच सकते हैं कि एक पार्टी की हालत कैसी होगी जो के.सी. वेणुगोपाल जैसे आदमी को सरदार पटेल और राहुल गांधी के स्तर पर उठा देती है? यही मेरा जवाब है."
उन्होंने कहा, "राहुल गांधी यह भूल गए हैं कि मैं पार्टी का सदस्य हूं. इसलिए मैं गांधीवादी हूं, मैं नेहरूवादी हूं, मैं राजीववादी हूं, लेकिन मैं राहुलवादी नहीं हूं."
विपक्षी नेताओं की प्रतिक्रिया
तमिलनाडु बीजेपी के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने मणिशंकर अय्यर के बयान पर कहा, "उनके पिछले कई सालों के बयानों को देखें. ये वही व्यक्ति हैं जिन्होंने मोदी को 'चायवाला' कहा था और कहा था कि उन्हें बाहर जगह देंगे. उन्होंने कई बार अपमान किया. फिर भी कांग्रेस ने उन्हें पार्टी में बनाए रखा."
"मेरा मानना है कि कांग्रेस को पता है कि वह जीत नहीं सकती और बीजेपी केरल में आगे बढ़ रही है, इसलिए मैं इस बयान को कांग्रेस और कम्युनिस्टों के बीच एक छुपे हुए समझौते के रूप में देखता हूं. मुझे पूरा यकीन है कि तिरुवनंतपुरम में जो हुआ, वही पूरे केरल में दोहराया जाएगा."
बीजेपी नेता सी.आर. केसवन ने कहा, "मणिशंकर अय्यर का अपनी ही पार्टी पर तीखा हमला यह साबित करता है कि राहुल गांधी भारतीय राजनीति में सबसे बड़ी 'लायबिलिटी' हैं."
पाकिस्तान: इमरान ख़ान की पार्टी के 7 सांसदों समेत 55 लोगों पर आतंकवाद निरोधी क़ानून के तहत केस दर्ज, शहजाद मलिक, बीबीसी उर्दू
इमेज स्रोत, Hussain Ali/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, इस्लामाबाद पुलिस ने पीटीआई के 7 सांसदों के खिलाफ भी केस दर्ज किया (फ़ाइल फ़ोटो)
इस्लामाबाद पुलिस ने 55 लोगों के ख़िलाफ़ केस दर्ज किया है. इनमें पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान की पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ़ (पीटीआई) के सात सांसद भी शामिल हैं.
आरोप है कि ये लोग रेड ज़ोन में विरोध कर रहे थे और पुलिस को गंभीर नतीजे भुगतने की धमकी दे रहे थे.
यह केस सेक्रेटेरिएट पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है. शिकायत एक पुलिस अफ़सर ने दी थी. केस आतंकवाद निरोधी क़ानून के तहत दर्ज किया गया है.
संगजानी पुलिस स्टेशन के एसएचओ मोहम्मद इसहाक ने कहा कि वह 15 फ़रवरी को पार्लियामेंट लॉज और पार्लियामेंट हाउस के सामने ड्यूटी पर थे. उस समय पीटीआई के सात सांसद और अन्य कार्यकर्ता विरोध कर रहे थे.
शिकायतकर्ता के अनुसार, जब पुलिस ने उन्हें रोका तो उन्होंने गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी. उन्होंने कहा कि अगर किसी ने उन्हें रोकने की कोशिश की तो वह यहां से ज़िंदा नहीं जाएगा.
दर्ज मुक़दमे में लिखा गया है कि विरोध करने वालों की संख्या क़रीब 50-55 थी. इनमें से कई के पास बंदूक़ें, डंडे और बाक़ी चीज़ें थीं.
दूसरी तरफ़, पुलिस ने संसद भवन के बाहर विरोध करने वाले चार लोगों को गिरफ़्तार किया है. इन्हें आतंकवाद निरोधी अदालत में पेश किया गया, जहां से पुलिस को पांच दिन का रिमांड मिला है.
सीबीएसई ने दिया बड़ा अपडेट, 10वीं की पहली बोर्ड परीक्षा में उपस्थिति ज़रूरी
इमेज स्रोत, Sunil Ghosh /Hindustan Times via Getty Images
इमेज कैप्शन, सीबीएसई ने कहा कि 10वीं के छात्रों के लिए पहले बोर्ड एग्ज़ाम में बैठना ज़रूरी (फ़ाइल फ़ोटो)
केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने स्पष्ट किया है कि कक्षा 10 के छात्रों के लिए पहले बोर्ड एग्ज़ाम में बैठना ज़रूरी है. जिन छात्रों ने पहले एग्ज़ाम में कम से कम तीन विषयों में परीक्षा नहीं दी होगी, उन्हें 'एसेंशियल रिपीट' कैटेगरी में रखा जाएगा.
'एसेंशियल रिपीट' का मतलब है कि छात्र अनिवार्य रूप से उस कक्षा को अगले साल दोहराएंगे.
दरअसल, सीबीएसई साल 2026 से कक्षा 10 के लिए दो बोर्ड एग्ज़ाम शुरू कर रहा है. बोर्ड ने पहली परीक्षा में अनिवार्य उपस्थिति की बात तब कही है, जब कुछ छात्रों से ऐसे अनुरोध मिले कि वे कुछ कारणों से पहले बोर्ड एग्ज़ाम में नहीं बैठ पाएंगे और उन्हें सिर्फ दूसरे बोर्ड एग्ज़ाम में बैठने की अनुमति दी जाए.
पीटीआई के मुताबिक़, सीबीएसई एग्ज़ामिनेशन कंट्रोलर संयम भारद्वाज ने कहा, "सभी छात्रों के लिए पहले बोर्ड एग्ज़ाम में बैठना ज़रूरी है. अगर कोई छात्र पहले एग्ज़ाम में तीन या उससे ज़्यादा विषयों की परीक्षा में नहीं बैठा है, तो उसे दूसरे एग्ज़ाम में बैठने की अनुमति नहीं दी जाएगी."
"ऐसे छात्रों को 'एसेंशियल रिपीट' कैटेगरी में रखा जाएगा और वे केवल अगले साल फ़रवरी में होने वाले मुख्य एग्ज़ाम में ही परीक्षा दे पाएंगे."
सैटेलाइट तस्वीरों में दिखा अमेरिकी एयरक्राफ़्ट कैरियर 'यूएसएस अब्राहम लिंकन', ओमान के तट से क़रीब 150 मील दूर
इमेज स्रोत, US CENTCOM/Handout/Anadolu via Getty Images
इमेज कैप्शन, ओमान के तट से क़रीब 150 मील दूर है 'यूएसएस अब्राहम लिंकन' (फ़ाइल फ़ोटो)
मिडिल ईस्ट में अमेरिकी सेना की मौजूदगी लगातार बढ़ती जा रही है. अमेरिकी एयरक्राफ़्ट कैरियर 'यूएसएस अब्राहम लिंकन' अरब सागर में दिखाई दिया है.
26 जनवरी को ख़बर आई थी कि अमेरिकी एयरक्राफ़्ट कैरियर 'यूएसएस अब्राहम लिंकन' ख़ाड़ी क्षेत्र में पहुंच गया है. बीबीसी वेरिफ़ाई ने रविवार को सैटेलाइट तस्वीरों में इसे ढूंढ लिया.
इससे पहले की तस्वीरों में यह जहाज़ दिखाई नहीं दे रहा था. जहाज़ ओमान के तट से क़रीब 150 मील (240 किलोमीटर) दूर था.
तस्वीरों से स्पष्ट है कि अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में अपनी सैन्य मौजूदगी बढ़ाई है, ताकि ईरान पर उसके न्यूक्लियर प्रोग्राम को लेकर दबाव बनाया जा सके.
इससे पहले ईरान के उप विदेश मंत्री माजिद तख़्त-रवांची ने बीबीसी से कहा है कि अगर अमेरिका ईरान पर प्रतिबंध हटाने पर चर्चा के लिए इच्छुक हो तो उनका देश न्यूक्लियर डील तक पहुंचने के लिए कुछ समझौते करने पर विचार करने को तैयार है.
माजिद तख़्त-रवांची ने कहा कि समझौता करने की इच्छा साबित करना अब अमेरिका के हाथ में है. अगर वे ईमानदार हैं तो मुझे यक़ीन है कि हम समझौते की ओर आगे बढ़ेंगे.
इमेज स्रोत, BBC Verify
इमेज कैप्शन, सैटेलाइट तस्वीर में दिखती एयरक्राफ़्ट कैरियर 'यूएसएस अब्राहम लिंकन' की मौज़ूदगी
LIVE: BBCISWOTY का मंच है तैयार, बस कुछ पलों का और इंतज़ार…
भारत-पाकिस्तान मैच पर बोलीं प्रियंका चतुर्वेदी, 'पहलगाम जैसे हमले के बाद भी हम क्यों पाकिस्तान से खेलते हैं'
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, प्रियंका चतुर्वेदी ने बीसीसीआई पर हमला बोला
शिवसेना (यूबीटी) की राज्यसभा सांसद प्रियंका चतुर्वेदी ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) पर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि बीसीसीआई को केवल मुनाफ़े से मतलब है.
प्रियंका चतुर्वेदी ने एएनआई से बात करते हुए कहा, "बीसीसीआई हमेशा पाकिस्तान के साथ खेलने के लिए बहुत उत्सुक रहता है क्योंकि उन्हें लगता है कि इससे उनका फ़ायदा और बढ़ेगा. भारत का राष्ट्रीय हित पीछे रह जाता है."
"हम किस बात की ख़ुशी मना रहे हैं. मैं उस दिन ख़ुशी मनाऊंगी जब हम सही तरीक़े से 'आतंकिस्तान' से निपटेंगे."
उन्होंने आगे कहा, "आप कह रहे हैं कि क्रिकेट की पिच पर हमने उनको रौंद दिया, जबकि पाकिस्तान को लेकर हमारे देश में इतनी सारी दिक़्क़तें हैं. पाकिस्तान की ओर से आतंकी हमले हुए, पहलगाम हमले के 26 परिवारों ने कहा कि उनके साथ मैच मत खेलो. लेकिन लगातार उनके साथ मैच खेलते हैं."
प्रियंका चतुर्वेदी ने सवाल किया कि 26 पीड़ित परिवारों को बीसीसीआई से कितनी मदद मिली? बीसीसीआई का एक ही स्टैंड रहा है प्रॉफ़िट, प्रॉफ़िट और अधिक प्रॉफ़िट.
गौरतलब है कि रविवार को हुए टी-20 वर्ल्ड कप मैच में भारत ने पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया था. पाकिस्तान ने पहले भारत के साथ खेलने से इनकार किया था, लेकिन इसके बाद उसने अपना फ़ैसला पलट दिया था.
सौरव गांगुली बोले, 'अब ये वसीम अकरम और जावेद मियांदाद वाली पाकिस्तानी टीम नहीं रही'
इमेज स्रोत, Debajyoti Chakraborty/NurPhoto via Getty Images
इमेज कैप्शन, सौरव गांगुली ने कहा कि 'भारत बनाम पाकिस्तान' बड़ा मैच नहीं रह गया (फ़ाइल फ़ोटो)
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली ने कहा है कि अब 'भारत बनाम पाकिस्तान' बड़ा मैच नहीं रह गया है. टीमों के बीच बहुत फ़र्क है, इसलिए नतीजा पहले से तय जैसा होता है.
सौरव गांगुली ने न्यूज़ एजेंसी आईएएनएस से कहा, "अब बड़ा मैच जैसी कोई चीज़ नहीं है, बड़े मैच पहले हुआ करते थे. हम ग़लती करते हैं जब पाकिस्तान को जावेद मियांदाद, वसीम अकरम और शाहिद तनवीर वाली टीम समझते हैं, लेकिन वो पाकिस्तान अब नहीं है."
उन्होंने आगे कहा कि मेरी नज़र में ये बड़ा मैच नहीं है, असली बड़े मैच भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया, भारत बनाम साउथ अफ़्रीका, भारत बनाम इंग्लैंड हैं. भारत और पाक की टीमों के बीच बहुत फ़र्क है, इसलिए नतीजा पहले से तय जैसा होता है. क्वालिटी में कितना फ़र्क है, यह नतीजे से साफ़ दिखता है.
भारत ने रविवार को टी-20 वर्ल्ड कप के मैच में पाकिस्तान को 61 रन से हरा दिया था.
टी-20 वर्ल्ड कप: अफ़ग़ानिस्तान ने यूएई को 5 विकेट से हराया
इमेज स्रोत, Arun SANKAR / AFP via Getty Images
इमेज कैप्शन, अफ़ग़ानिस्तान ने यूएई को हराया
टी-20 वर्ल्ड कप मैच में अफ़ग़ानिस्तान ने यूएई को 5 विकेट से हरा दिया है. अफ़ग़ानिस्तान ने 161 रन का लक्ष्य 19.2 ओवर में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया.
अफ़ग़ानिस्तान की ओर से इब्राहिम ज़ादरान ने सबसे ज़्यादा 53 रन बनाए. जबकि अजमतुल्लाह उमरज़ई ने नाबाद 40 रन बनाए.
यूएई ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 160 रन बनाए थे. यूएई की टीम में सबसे अधिक स्कोर शोएब शराफ़ू का रहा, उन्होंने 68 रन बनाए.
राजस्थानः पटाखा फ़ैक्ट्री में आग से बिहार के सात मज़दूरों की मौत, पीएम मोदी ने जताई संवेदना, मोहर सिंह मीणा, बीबीसी हिन्दी के लिए जयपुर से
इमेज स्रोत, Lokesh Bhardwaj
राजस्थान के भिवाड़ी के खुशखेड़ा करौली इंडस्ट्रीयल एरिया की एक केमिकल और पटाखे बनाने की फै़क्ट्री में सोमवार सुबह आग लग गई. आग में जलने से सात मज़दूरों की मौत हो गई है.
इस हादसे में गंभीर दो घायल मज़दूरों को दिल्ली के एम्स अस्पताल के लिए रेफ़र किया गया है.
घटना स्थल पर मौजूद अतिरिक्त ज़िला मजिस्ट्रेट (एडीएम) सुमित्रा मिश्रा ने बीबीसी से सात मौतों की पुष्टि की है. उन्होंने बताया, "हमने सात शव निकाले हैं. सभी मृतक बिहार के मोतिहारी ज़िले के रहने वाले थे."
एफएसएल टीम ने मौक़े से सबूत जुटाए हैं. जांच चल रही है और जांच के हादसे की वजहों का खुलासा होगा.
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर मारे गए लोगों के परिवार के प्रति संवेदनाए व्यक्त की. उन्होंने एक्स पर लिखा, “राजस्थान के भिवाड़ी में हुई आगजनी की घटना बेहद दुखद और दर्दनाक है. जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं. घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं.”
राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा ने हादसे को दुखद बताते हुए स्थानीय प्रशासन को राहत और बचाव कार्य के लिए निर्देश दिए हैं.
नमस्कार!
अब तक बीबीसी संवाददाता अरशद मिसाल आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.
बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.
एआई इम्पैक्ट समिट शुरू, केंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद ने ये कहा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, क्रेंद्रीय राज्य मंत्री जितिन प्रसाद
नई दिल्ली एआई इम्पैक्ट समिट 2026 की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है. मुख्य रूप से इसका आयोजन भारत मंडपम में किया जाएगा.
एआई इम्पैक्ट समिट की शुरुआत आज यानी 16 फ़रवरी को हुई और ये 20 फ़रवरी तक चलेगा.
इस कार्यक्रम में टेक्नोलॉजी और एआई जगत के कई बड़े नाम भारत आएंगे. इसके अलावा 20 देशों के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और उपराष्ट्रपति शामिल होंगे.
सोमवार को केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने कहा, "यह पहली बार है जब ग्लोबल साउथ का कोई देश, पूरे ग्लोबल साउथ के साथ-साथ पूरी दुनिया की मेजबानी कर रहा है."
उन्होंने कहा कि, "एआई सिर्फ भारत के लिए नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के लिए है. हम सेवाएं प्रदान करेंगे और भारत पूरे विश्व के लिए सेवा प्रदान करने की भूमिका निभाएगा."
उन्होंने कहा कि, "हमें दुनिया के साथ-साथ ग्लोबल साउथ और विकासशील देशों के लिए भी योगदान देना है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विज़न, उनका समर्पण और उनकी स्पष्ट सोच को देखते हुए हमें पूरा विश्वास है कि भारत, जो पहले ही दुनिया की एआई प्रतिभा की राजधानी और कौशल की राजधानी के रूप में उभर चुका है, इसे और आगे बढ़ाएगा."
कांग्रेस के पूर्व असम अध्यक्ष भूपेन बोरा के इस्तीफ़े पर सीएम हिमंत बिस्वा सरमा ने किया ये दावा
इमेज स्रोत, ANI
इमेज कैप्शन, असम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेन बोरा
असम में होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले असम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेन बोरा ने पार्टी से इस्तीफ़ा दे दिया है.
इस्तीफ़ा देने के बाद उन्होंने कहा, “आज सुबह 8 बजे मैंने अपना इस्तीफ़ा कांग्रेस हाई कमान को भेज दिया और विस्तार से बताया कि मुझे यह कदम क्यों उठाना पड़ा. यह कोई व्यक्तिगत निर्णय नहीं है."
उन्होंने आगे कहा कि, "मैंने पार्टी को 32 साल दिए हैं. मैं 1994 में इससे जुड़ा था. यह सिर्फ़ निजी सिद्धांत का मामला नहीं है, बल्कि पार्टी के भविष्य की चिंता से जुड़ा है. इसलिए मैंने कांग्रेस हाई कमान को हर बात विस्तार से बताई है.”
भूपेन के इस्तीफ़े के बाद, असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने पत्रकारों से बात करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा.
उन्होंने कहा, “भूपेन बोरा असम कांग्रेस के आख़िरी ऐसे हिंदू नेता थे, जिनके पिता या माता कभी विधायक या मंत्री नहीं रहे. उनका इस्तीफ़ा एक प्रतीकात्मक संदेश देता है कि कांग्रेस में सामान्य परिवार से आने वाला कोई भी व्यक्ति आगे नहीं बढ़ सकता."
उन्होंने कांग्रेस पर तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाते हुए कहा, “मैं उनके इस्तीफ़े का स्वागत करता हूं. हालांकि, उन्होंने हमसे किसी तरह के शामिल होने के लिए संपर्क नहीं किया है. मैं कल शाम उनके घर जाऊंगा. तीन साल पहले भी हम भूपेन बोराह का स्वागत करने और उन्हें एक सुरक्षित सीट देने के लिए तैयार थे.”
पाकिस्तान: पूर्व पीएम इमरान ख़ान की आंख़ों की रोशनी पर उनकी बहन ने दिया ये अपडेट
इमेज स्रोत, Getty Images
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान ख़ान (फ़ाइल फोटो)
इमरान ख़ान की बहन नोरीन ख़ानम ने कहा कि पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री का रविवार दोपहर अडियाला जेल के अंदर मेडिकल चेकअप किया गया.
उन्होंने लिखा कि, "पीआईएमएस हॉस्पिटल के डॉक्टर आरिफ़ और अल-शिफ़ा हॉस्पिटल के डॉक्टर नदीम क़ुरैशी जेल के अंदर गए और उन्होंने (इमरान ख़ान का) मेडिकल चेकअप किया."
एक्स पोस्ट में नोरीन ख़ानम ने लिखा, “शुरुआती जांच के मुताबिक, इमरान ख़ान की आंख की सूजन कम हो गई है, रोशनी में सुधार हो रहा है और अभी तक कोई बड़ी परेशानी सामने नहीं आई है.”