डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा एलान- ग्लोबल टैरिफ़ 10 से बढ़ाकर 15 फ़ीसदी करेंगे

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्लोबल टैरिफ़ को 10 फ़ीसदी से बढ़ाकर 15 फ़ीसदी करने का फ़ैसला किया है.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, रौनक भैड़ा

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को रोकने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त.

    कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  2. डोनाल्ड ट्रंप का बड़ा एलान- ग्लोबल टैरिफ़ 10 से बढ़ाकर 15 फ़ीसदी करेंगे

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Aaron Schwartz/Getty Images

    इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप ने सुप्रीम कोर्ट के फ़ैसले को अमेरिका विरोधी बताया (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ग्लोबल टैरिफ़ को 10 फ़ीसदी से बढ़ाकर 15 फ़ीसदी करने का फ़ैसला किया है.

    इससे पहले उन्होंने सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ़ पर दिए फ़ैसले के बाद 10 फ़ीसदी टैरिफ़ लगाया था..

    डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म ट्रुथ सोशल पर लिखा, "कल अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने टैरिफ़ पर जो फ़ैसला दिया है, वह बेकार और बेहद अमेरिका विरोधी है. इस बयान के ज़रिए मैं बताना चाहता हूं कि मैं अमेरिका का राष्ट्रपति होने के नाते, 10 फ़ीसदी वर्ल्डवाइड टैरिफ़ को बढ़ाकर 15 फ़ीसदी कर रहा हूं."

    ट्रंप ने आगे लिखा, "कई देश वर्षों से अमेरिका को नुक़सान पहुंचा रहे थे और कोई जवाब नहीं मिल रहा था (जब तक मैं नहीं आया). लेकिन अब इसे पूरी तरह से क़ानूनी तौर पर आगे बढ़ाया जा रहा है. आने वाले कुछ महीनों में ट्रंप प्रशासन नए और क़ानूनी तौर पर सही टैरिफ़ तय करेगा, जिससे हमारा 'अमेरिका को फिर से महान बनाने' का काम और भी ज़्यादा सफल होगा."

    अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को ही ग्लोबल टैरिफ़ रद्द किए थे. जजों ने 6-3 के बहुमत से टैरिफ़ के ख़िलाफ़ फ़ैसला दिया था. अपने फ़ैसले में अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ट्रंप ने अपनी सीमा से बाहर जाकर अधिकारों का इस्तेमाल किया और नेशनल इमरजेंसी के लिए बने क़ानून का सहारा लिया.

  3. टी-20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड का मैच बारिश की वजह से रद्द, दोनों टीमों को एक-एक अंक मिला

    पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड

    इमेज स्रोत, Ishara S. KODIKARA / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, ढाई घंटे के इंतज़ार के बाद भी बारिश नहीं रुकी तो रद्द हुआ मैच

    टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड के बीच का सुपर-8 मुक़ाबला बारिश की वजह से रद्द हो गया. दोनों टीमों को एक-एक प्वाइंट दिया गया.

    अब अगर दोनों टीमें सेमीफ़ाइनल मुक़ाबले में पहुंचना चाहती हैं तो बचे हुए दोनों मैच जीतने होंगे. इन दोनों टीमों को इंग्लैंड और श्रीलंका के ख़िलाफ़ खेलना है.

    सुपर-8 के पहले मुक़ाबले के लिए पाकिस्तान ने टॉस जीतकर बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया था, लेकिन फिर बारिश शुरू हो गई.

    मैच रेफ़री ने क़रीब ढाई घंटे का इंतज़ार किया, लेकिन कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में बारिश नहीं थमी. आख़िरकार मैच को रद्द करने का फ़ैसला लिया गया.

    यह दूसरी बार है, जब इस टूर्नामेंट में मैच रद्द हुआ है. इससे पहले ज़िम्बाब्वे और आयरलैंड के बीच का मैच भी रद्द हो गया था.

  4. जावेद अख़्तर ने तालिबान को लेकर भारत के मौलवी-मुफ़्ती से क्या मांग की

    जावेद अख़्तर

    इमेज स्रोत, Vishal Bhatnagar/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, जावेद अख़्तर ने कहा कि तालिबान को मान्यता या इज़्ज़त नहीं देनी चाहिए (फ़ाइल फ़ोटो)

    गीतकार और पटकथा लेखक जावेद अख़्तर ने भारत के मौलवियों-मुफ़्तियों से अपील की है कि वे अफ़ग़ानिस्तान-तालिबान के महिलाओं को लेकर दिए गए नए आदेश की निंदा करें.

    जावेद अख़्तर ने एक्स हैंडल पर पोस्ट किया, "तालिबान ने पतियों को पत्नी को मारने की इजाज़त दे दी है, लेकिन हड्डी टूटनी नहीं चाहिए. अगर पत्नी बिना पति की इजाज़त के अपने मायके चली जाए, तो उसे तीन महीने जेल में रखा जाएगा.

    "मैं भारत के मुफ़्ती और मौलाना से गुज़ारिश करता हूं कि इसे बिना किसी शर्त के निंदा करें, क्योंकि ये सब उनके धर्म के नाम पर किया जा रहा है."

    इसके बाद जावेद अख़्तर ने एक और पोस्ट में लिखा, "चाहे कोई भी राजनीतिक मजबूरी हो, जंगली और बेरहम तालिबान को हमें कोई मान्यता या इज़्ज़त नहीं देनी चाहिए. वे दुनिया के सबसे घटिया लोग हैं."

    दरअसल, कुछ मीडिया रिपोर्टों में ये कहा गया है कि तालिबान की दंड संहिता में अब महिलाओं के साथ घरेलू हिंसा को सामान्य बना दिया गया है. ख़बरों के मुताबिक, दंड संहिता के तहत 'पति अपनी पत्नी को अगर बिना हड्डी तोड़े मारता है तो उसे अपराध नहीं माना जाएगा.' जावेद अख़्तर का यह पोस्ट भी इन्हीं ख़बरों के संदर्भ में आया है.

  5. अविमुक्तेश्वरानंद ने अपने ऊपर यौन शोषण के मामले में एफ़आईआर दर्ज करने के आदेश पर ये कहा

    अविमुक्तेश्वरानंद

    इमेज स्रोत, Santosh Kumar/Hindustan Times via Getty Images

    इमेज कैप्शन, स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद ने मामले को झूठा बताया (फ़ाइल फ़ोटो)

    प्रयागराज की एक पॉक्सो कोर्ट ने पुलिस को आदेश दिया है कि स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य स्वामी मुकुंदानंद गिरी पर यौन शोषण के आरोपों में एफ़आईआर दर्ज की जाए.

    इस पर शंकराचार्य अविमुक्तेश्वरानंद ने कहा, "तभी हमारे ख़िलाफ़ दर्ज किए गए झूठे केस की सच्चाई सबके सामने आएगी और दोषियों को सज़ा मिल सकेगी. इसलिए केस दर्ज होना और आगे की जांच होना ज़रूरी है."

    "कोर्ट को इस पर जल्दी काम करना चाहिए और ज़्यादा समय नहीं लेना चाहिए, क्योंकि बहुत लोग इस मामले को देख रहे हैं. गवाही दर्ज हो और जल्द फ़ैसला लिया जाए. जो ग़लत है वह ग़लत ही रहेगा, जो झूठा केस दर्ज किया गया है वह आख़िरकार झूठा साबित होगा.”

    अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के ख़िलाफ़ शिकायत करने वाले आशुतोष ब्रह्मचारी ने एएनआई से कहा, "अविमुक्तेश्वरानंद और उनके शिष्य मुकुंदानंद के ख़िलाफ़ एफ़आईआर करने का आदेश दिया है. प्रथम दृष्ट्या हमें न्याय मिला है. छोटे बच्चों के साथ अविमुक्तेश्वरानंद कुकर्म करते थे, लैंगिक अपराध करते थे. कोर्ट ने उन साक्ष्य की जांच करने के भी आदेश दिए हैं, हमने दिए थे."

  6. एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का समापन, 88 देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने डिक्लेरेशन पर हस्ताक्षर किए

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Ludovic MARIN / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत मंडपम में सोमवार को शुरू हुआ था एआई इम्पैक्ट समिट (फ़ाइल फ़ोटो)

    दिल्ली के भारत मंडपम में एआई इम्पैक्ट समिट 2026 का समापन हो गया है. 88 देशों और अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने इस समिट के डिक्लेरेशन पर हस्ताक्षर किए.

    केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने एक्स पर लिखा, "पूरी दुनिया ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ह्यूमन सेंट्रिक एआई सोच को समर्थन दिया है. यह डिक्लेरेशन ‘सर्वजन हिताय, सर्वजन सुखाय’ के सिद्धांत से प्रेरित है, ताकि एआई संसाधन पूरी दुनिया के लोगों के लिए उपलब्ध हो सकें."

    वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक अलग कार्यक्रम के दौरान एआई समिट को लेकर कहा, "ये सप्ताह भारत के लिए ऐतिहासिक सिद्ध हो रहा है. ग्लोबल एआई इम्पैक्ट समिट में दुनिया के अनेक देशों के राष्ट्राध्यक्ष, टेक्नॉलॉजी जगत के दिग्गज सभी दिल्ली में जुटे थे. इस समिट में दुनिया ने भारत के एआई सामर्थ्य को देखा, विज़न को समझा और सराहा."

    भारत मंडपम में हुआ एआई इम्पैक्ट समिट विवादों के कारण भी चर्चा रहा. यहां पर यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया. इसके अलावा, एक निजी यूनिवर्सिटी के रोबोट को लेकर किए गए दावे पर भी विवाद हुआ.

  7. टी-20 वर्ल्ड कप: पाकिस्तान ने न्यूज़ीलैंड के साथ सुपर-8 मुक़ाबले में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी चुनी

    पाकिस्तान बनाम न्यूज़ीलैंड

    इमेज स्रोत, Dibyangshu SARKAR / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में हो रहा है

    पाकिस्तान और न्यूज़ीलैंड के बीच टी-20 वर्ल्ड कप 2026 का सुपर-8 राउंड मुक़ाबला हो रहा है. पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करने का फ़ैसला किया है. यह सुपर-8 का पहला मुक़ाबला है.

    यह मैच कोलंबो के आर प्रेमदासा स्टेडियम में हो रहा है. टी-20 वर्ल्ड कप में न्यूज़ीलैंड और पाकिस्तान ने अब तक सात मैच खेले हैं. पाकिस्तान ने पांच और न्यूज़ीलैंड ने दो मैच जीते हैं.

    दोनों टीमें कुछ यूं हैं-

    पाकिस्तान: साहिबज़ादा फ़रहान, सैम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आज़म, फ़ख़र ज़मान, उस्मान ख़ान (विकेट कीपर), शादाब ख़ान, मोहम्मद नवाज़, फ़हीम अशरफ़, सलमान मिर्ज़ा, उस्मान तारिक.

    न्यूज़ीलैंड: टिम सीफ़र्ट (विकेट कीपर), फ़िन एलन, रचिन रविंद्र, ग्लेन फ़िलिप्स, मार्क चैपमैन, डेरिल मिचेल, मिचेल सैंटनर (कप्तान), जेम्स नीशम, मैट हेनरी, ईश सोढ़ी, लॉकी फ़र्ग्यूसन.

  8. टी-20 वर्ल्ड कप में अभिषेक शर्मा की फॉर्म पर बोले सूर्यकुमार यादव

    अभिषेक शर्मा और सूर्यकुमार यादव

    इमेज स्रोत, Santanu Banik/MB Media/Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत और दक्षिण अफ़्रीका बीच रविवार को सुपर-8 स्टेज का मैच है (फ़ाइल फ़ोटो)

    भारतीय क्रिकेट टीम के टी-20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बल्लेबाज़ अभिषेक शर्मा के लिए कहा है कि मुझे उनकी चिंता है, जो अभिषेक शर्मा को लेकर चिंतित हैं.

    सूर्यकुमार यादव ने अहमदाबाद में प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए कहा, "मुझे ज़्यादा चिंता उन टीमों की है जो आगे जाकर उनका (अभिषेक शर्मा) सामना करेंगी. उन्होंने पिछले साल सब कुछ किया था, अब हमारी बारी है उनका साथ देने की."

    दरअसल, आईसीसी टूर्नामेंट में अभिषेक शर्मा की फ़ॉर्म पर सवाल उठ रहे हैं. उन्होंने तीन मुक़ाबले खेले और तीनों में ही ख़ाता नहीं खोल पाए हैं. हालांकि, टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने अभिषेक शर्मा पर भरोसा जताया है.

    भारत और दक्षिण अफ़्रीका बीच रविवार को शाम 7:00 बजे से सुपर 8 का मुक़ाबला है. यह मैच गुजरात में अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होना है.

  9. अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ़ पर दिए फ़ैसले को लेकर भारत ने ये कहा

    नरेंद्र मोदी और डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Andrew Harnik/Getty Image

    इमेज कैप्शन, भारत ने कहा कि हम सभी घटनाक्रम का असर समझने के लिए उनका अध्ययन कर रहे (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से लगाए गए ग्लोबल टैरिफ़ वहां के सुप्रीम कोर्ट ने रद्द कर दिए हैं. इस पर अब भारत की ओर से वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने बयान जारी किया है.

    मंत्रालय ने प्रेस वक्तव्य जारी करते हुए कहा, "हमने कल अमेरिकी सुप्रीम कोर्ट के टैरिफ़ पर दिए गए फ़ैसले को देखा है. राष्ट्रपति ट्रंप ने इस बारे में प्रेस कॉन्फ़्रेंस भी की है. अमेरिकी प्रशासन ने कुछ क़दमों का एलान किया है. हम इन सभी घटनाक्रम का असर समझने के लिए उनका अध्ययन कर रहे हैं."

    टैरिफ़ रद्द होने के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने नए 10 फ़ीसदी ग्लोबल टैरिफ़ लागू करने का एलान किया था. ट्रंप ने अदालत के फ़ैसले को 'भयानक' और व्यापार नीति को ख़ारिज करने वाले जजों को 'बेवक़ूफ़' बताया था.

    एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में ट्रंप से पूछा गया कि भारत के साथ हुई ट्रेड डील पर क्या असर पड़ेगा? इसके जवाब में ट्रंप ने कहा, "कुछ भी नहीं बदला है, भारत टैरिफ़ का भुगतान करेगा. हम टैरिफ़ का भुगतान नहीं करेंगे.''

  10. महिला टी-20 मुक़ाबला: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 17 रन से हराकर सिरीज़ जीती

    स्मृति मंधाना

    इमेज स्रोत, Mark Brake/Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 177 रन का लक्ष्य दिया था

    भारत की महिला क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया को हरकार तीन मैचों की टी-20 सिरीज़ अपने नाम कर ली है. भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 17 रनों से हराया है.

    दोनों टीमों के बीच ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड ओवल स्टेडियम में मैच खेला गया, जहां पर भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी की.

    भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 177 रन का लक्ष्य दिया था. लेकिन ऑस्ट्रेलिया की टीम 9 विकेट गंवाकर, 159 रन ही बना पाई.

    ऑस्ट्रेलिया की टीम में सर्वाधिक स्कोर एश्ले गार्डनर का रहा, उन्होंने 45 गेंदों में 57 रन बनाए. उनके बाद फ़ोएबे लीचफ़ील्ड ने 17 गेंदों में 26 रन बनाए.

    जबकि भारत की ओर से स्मृति मंधाना ने अच्छी पारी खेलते हुए 55 गेंदों में 82 रन बनाए. इससे पहले सिरीज़ में दोनों टीमों ने एक-एक मैच जीता था.

  11. भारत दौरे पर ब्राज़ील के राष्ट्रपति ने की पहलगाम हमले की निंदा, पीएम मोदी से मुलाकात में इन मुद्दों पर बनी बात

    लूला डी सिल्वा और नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Sajjad HUSSAIN / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत और ब्राज़ील के बीच क्रिटिकल मिनरल्स को लेकर समझौता हुआ

    ब्राज़ील के राष्ट्रपति लूला डी सिल्वा 18 से 22 फ़रवरी तक भारत के दौरे पर हैं. उन्होंने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ द्विपक्षीय बैठक की.

    लूला ने कश्मीर के पहलगाम में 22 अप्रैल, 2025 को हुए हमले की निंदा की. लूला डी सिल्वा ने कहा, "आतंकवाद किसी धर्म या राष्ट्रीयता से जुड़ा नहीं है."

    पीएम मोदी ने साझा प्रेस वार्ता में कहा, "हम मानते हैं कि हर समस्या का हल डायलॉग और डिप्लोमेसी से होना चाहिए. भारत और ब्राज़ील इस बात पर एकजुट हैं कि आतंकवाद और उसके समर्थक इंसानियत के दुश्मन हैं."

    "हम इस बात पर भी सहमत हैं कि वैश्विक संस्थाओं में सुधार ज़रूरी है ताकि हमारे समय की चुनौतियों का सामना किया जा सके. हम इस दिशा में मिलकर काम करते रहेंगे."

    भारत और ब्राज़ील के बीच क्रिटिकल मिनरल्स और रेयर अर्थ एलिमेंट्स से जुड़ा समझौता हुआ. विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि दोनों नेताओं ने अगले पांच साल में द्विपक्षीय व्यापार को 20 अरब अमेरिकी डॉलर से ऊपर ले जाने के लिए प्रतिबद्धता जताई.

    उन्होंने एक्स पर लिखा, "कुल 10 आउटकम तय हुए हैं, जिनमें क्रिटिकल मिनरल्स, डिजिटल सहयोग, टेडिशनल नॉलेज साझा करना, स्वास्थ्य, एमएसएमई, उद्यमिता और जनसंचार जैसे क्षेत्र शामिल हैं."

  12. अजित पवार के प्लेन क्रैश पर रोहित पवार ने फिर उठाए सवाल, उड्डयन मंत्री के इस्तीफ़े की भी मांग

    रोहित पवार

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी को ईमेल के ज़रिए चिट्ठी भेजेंगे रोहित पवार

    अजित पवार के भतीजे और नेशनलिस्ट कांग्रेस पार्टी- शरदचंद्र पवार (एनसीपी-एससीपी) के नेता रोहित पवार ने एक बार फिर अजित पवार के प्लेन हादसे पर सवाल खड़े किए हैं. उन्होंने नागरिक नागरिक उड्डयन मंत्री के इस्तीफ़े की भी मांग की है.

    रोहित पवार ने प्रेस वार्ता में कहा, "अगर हम साज़िश की बात करें तो दो तरह की साज़िश हो सकती है, पॉलिटिकल और कमर्शियल. हमें पता करना है कि इनमें से कौन-सी है. इस हादसे के लिए ज़िम्मेदार वीएसआर कंपनी को यदि कोई बचा रहा है या उसका साथ दे रहा है, तो यह भी साज़िश हो सकती है. इस कंपनी के पीछे बहुत ताक़तवर लोग हैं. डीजीसीए के अधिकारी भी इसके पीछे हैं."

    "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमित शाह ही अजित दादा को इंसाफ़ दिला सकते हैं. मैं उनसे निवेदन करता हूं कि वे इस जांच को ख़ुद देखें. मैं आज पीएम मोदी को ईमेल के ज़रिए एक चिट्ठी भेजने वाला हूं. हमारी मांग है कि नागरिक उड्डयन मंत्री से इस्तीफ़ा लेना चाहिए."

    रोहित पवार ने एक प्रेज़ेंटेशन दिखाते हुए कहा, "मैंने ब्लैक बॉक्स को लेकर शक जताया था. जब हादसा हुआ तो सिर्फ़ एक धमाका नहीं हुआ, कई धमाके हुए. फ़्लाइट की कंपनी में भी काफ़ी दिक़्क़तें रही हैं, जो मैकेनिकल और मेंटेनेंस संबंधी हैं."

    "फ़्लाइट में एक जगह होती है जहां बैग रखे जाते हैं, वहां एक्स्ट्रा पेट्रोल के कैन रखे गए थे, उसी वजह से आग लगी. इसलिए इसकी जांच होना ज़रूरी है."

    पिछले महीने 28 जनवरी को पुणे की बारामती हवाई पट्टी पर लैंडिंग की कोशिश के दौरान महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार का विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था. इस हादसे में अजित पवार के अलावा चार अन्य लोगों की जान चली गई थी.

  13. महिला टी-20 मुक़ाबला: भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 177 रन का लक्ष्य दिया

    भारत बनाम ऑस्ट्रेलिया

    इमेज स्रोत, Jason McCawley - CA/Cricket Australia via Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारतीय टीम ने 6 विकेट गंवाकर 176 रन बनाए

    भारत और ऑस्ट्रेलिया की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन टी-20 मैचों की सिरीज़ का आख़िरी मुक़ाबला खेला जा रहा है. भारत ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 177 रन का लक्ष्य दिया है.

    टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए भारतीय टीम ने 6 विकेट गंवाकर 176 रन बनाए.

    सबसे अधिक स्कोर स्मृति मंधाना का रहा, उन्होंने 55 गेंदों में 82 रन बनाए. उनके बाद जेमिमा रॉड्रिग्स ने 46 गेंदों में 59 रन की पारी खेली. मैच ऑस्ट्रेलिया के एडिलेड ओवल स्टेडियम में खेला जा रहा है. दोनों टीमों ने सिरीज़ में एक-एक मैच जीते हैं. आज का मैच जीतने वाले के नाम सिरीज़ भी होगी.

    दोनों देशों की टीमें कुछ यूं है-

    भारत: स्मृति मंधाना, शेफ़ाली वर्मा, जेमिमा रॉड्रिग्स, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, श्रेयंका पाटिल, अरुंधति रेड्डी, श्री चरणी, रेणुका सिंह ठाकुर.

    ऑस्ट्रेलिया: बेथ मूनी (विकेटकीपर), जॉर्जिया वोल, फ़ोएबे लीचफ़ील्ड, एलिस पेरी, एश्ले गार्डनर, जॉर्जिया वारेहम, एनाबेल सदरलैंड, ग्रेस हैरिस, किम गार्थ, सोफ़ी मोलिन्यूक्स (कप्तान), डार्सी ब्राउन.

  14. मायावती ने एआई समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन को देश की छवि बिगाड़ने वाला बताया

    मायावती

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, मायावती ने यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के टी-शर्ट उतारने को 'अशोभनीय' बताया (फ़ाइल फ़ोटो)

    उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री और बहुजन समाज पार्टी की अध्यक्ष मायावती ने एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के प्रदर्शन की निंदा की है. उन्होंने इसे 'अशोभनीय' कहा है.

    शुक्रवार को एआई समिट में यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता टी-शर्ट उतारकर पहुंचे थे और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की थी.

    इस पर मायावती ने कहा, "नई दिल्ली में आयोजित एआई इम्पैक्ट समिट में देश-विदेश के काफ़ी प्रमुख लोग आमंत्रित थे. यह इवेंट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में था. इस दौरान जिन भी लोगों ने अर्धनग्न होकर अपना रोष प्रकट किया है, उनमें अधिकतर कांग्रेसी युवा बताए जा रहे हैं. यह बहुत ही अशोभनीय और निंदनीय है."

    उन्होंने कहा, "अगर यह सम्मेलन अंतरराष्ट्रीय स्तर का नहीं होता तो अलग बात थी. लेकिन समिट के दौरान ऐसा आचरण करना यह चिंता की बात है. अपने देश की गरिमा और इमेज को न बिगाड़ा जाए तो यह उचित होगा."

    यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के ख़िलाफ़ शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) ने भी प्रदर्शन किया.

  15. एआई समिट में प्रदर्शन करने वाले यूथ कांग्रेस के चार कार्यकर्ता पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजे गए

    पटियाला हाउस कोर्ट

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, पटियाला हाउस कोर्ट ने इस मामले में दर्ज ज़मानत याचिकाएं ख़ारिज कर दीं

    इंडियन यूथ कांग्रेस के जिन कार्यकर्ता़ओं ने एआई समिट में टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया था, उनमें से चार अभियुक्तों को पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है.

    यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता कृष्ण हरि, कुंदन यादव, अजय कुमार और नरसिम्हा यादव को शनिवार को पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया, जहां सभी की ज़मानत याचिकाएं ख़ारिज कर दी गईं.

    दरअसल, यूथ कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता शुक्रवार को एआई इम्पैक्ट समिट में टी-शर्ट उतारकर विरोध करने पहुंच गए थे. यहां पर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की, जिसके बाद पुलिस ने इनको हिरासत में ले लिया था.

    एआई समिट में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भी कांग्रेस नेता राहुल गांधी के घर के बाहर प्रदर्शन किया था.

    शनिवार को राजधानी दिल्ली समेत देश के कई इलाक़ों में कांग्रेस के ख़िलाफ़ बीजेपी ने प्रदर्शन किया.

    एआई समिट में हुए विरोध प्रदर्शन को कांग्रेस ने 'लोकतांत्रिक अधिकार' बताया था, जबकि बीजेपी ने इसे 'शर्मिंदा करने वाला कृत्य' करार दिया था.

  16. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  17. बांग्लादेश जमात-ए इस्लामी के अमीर ने पहली बार भाषा आंदोलन में मारे गए लोगों को दी श्रद्धांजलि

    जमात और उसके सहयोगी दल के नेता

    इमेज स्रोत, PID

    इमेज कैप्शन, जमात अमीर 11 सहयोगी दलों के नेताओं के साथ श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचे

    बांग्लादेश के विपक्ष के नेता और जमात-ए-इस्लामी प्रमुख शफ़ीकुर रहमान ने सेंट्रल शहीद मीनार पर जाकर भाषा आंदोलन में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि दी है.

    उनके अलावा बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन और प्रधानमंत्री तारिक़ रहमान श्रद्धांजलि देने पहुंचे. इन सभी नेताओं ने 20 और 21 फ़रवरी की रात 12 बजे के बाद श्रद्धांजलि दी.

    बांग्लादेश में 21 फ़रवरी को भाषा आंदोलन में मारे गए लोगों को याद किया जाता है. यह पहली बार है जब जमात प्रमुख श्रद्धांजलि देने पहुंचे.

    साल 1952 में इसी दिन ढाका विश्वविद्यालय में स्टूडेंट्स पर पुलिस ने गोली चलाई थी, जिसमें कई लोग मारे गए थे. ये लोग बंगाली को तत्कालीन पाकिस्तान की राज्य भाषाओं में से एक बनाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे.

    जमात प्रमुख के श्रद्धांजलि देने को दशकों पुरानी राजनीतिक और वैचारिक परंपरा में एक बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है. जमात ने परंपरागत तौर पर इसका विरोध किया है.

  18. जेएनयू की कुलपति ने ऐसा क्या कहा जिस पर स्टूडेंट यूनियन ने मांगा इस्तीफ़ा

    शांतिश्री पंडित

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, प्रोफ़ेसर शांतिश्री पंडित ने यूजीसी के नियम को 'ग़ैर-ज़रूरी' बताया (फ़ाइल फ़ोटो)

    जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी के स्टूडेंट यूनियन (जेएनयूएसयू) ने कुलपति शांतिश्री डी पंडित की हालिया टिप्पणियों की निंदा की है और उनके इस्तीफ़े की मांग की है.

    जेएनयू की कुलपति ने 'द संडे गार्डियन' के पॉडकास्ट में कथित तौर पर जातिवादी टिप्पणी की और ख़ुद के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) से जुड़ा होने पर गर्व जताया.

    जेएनयू स्टूडेंट यूनियन ने कहा कि वह इन टिप्पणियों से स्तब्ध है और इसे 'शर्मनाक' बताया. इसके साथ ही संगठन ने शनिवार, 21 फ़रवरी को कुलपति के इस्तीफ़े की मांग को लेकर प्रदर्शन का आह्वान किया है.

    'द संडे गार्डियन' के पॉडकास्ट में जेएनयू की कुलपति शांतिश्री पंडित ने कहा था कि यूजीसी के नियम 'ग़ैर-ज़रूरी' थे.

    उन्होंने कहा, "ख़ुद को पीड़ित के तौर पर पेश करने का एक चलन है. आप हमेशा पीड़ित बने रहकर या विक्टिम कार्ड खेलकर आगे नहीं बढ़ सकते. यह अश्वेतों के लिए किया जाता था. वही चीज़ यहां दलितों के लिए लाई गई. किसी को बुरा बनाकर आगे बढ़ना आसान नहीं है. यह एक तरह का ड्रग है."

    शांतिश्री पंडित ने आरएसएस और राष्ट्रीय सेविका समिति से उनके संबंधों पर भी बात की. उन्होंने कहा कि उन्हें राष्ट्रीय सेविका समिति से जुड़े होने पर गर्व है.

  19. एआई समिट में यूथ कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन के ख़िलाफ़ दिल्ली में बीजेपी का प्रदर्शन

    बीजेपी का प्रदर्शन

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, बीजेपी ने कांग्रेस पर देश की छवि ख़राब करने का आरोप लगाया

    यूथ कांग्रेस की ओर से दिल्ली में चल रही एआई समिट में शुक्रवार को हुए विरोध प्रदर्शन के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) शनिवार को प्रदर्शन कर रही है.

    एआई समिट में हुए प्रदर्शन में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता टी-शर्ट उतारकर पहुंचे थे और उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी की थी.

    कांग्रेस ने इस विरोध को अपना कर्तव्य बताया था, जबकि बीजेपी ने कांग्रेस पर देश की छवि ख़राब करने का आरोप लगाया था.

    दिल्ली में शनिवार को बीजेपी की ओर से विरोध प्रदर्शन किया गया. इस दौरान बीजेपी कार्यकर्ता कांग्रेस और राहुल गांधी के ख़िलाफ़ नारेबाज़ी करते दिखे.

    दिल्ली बीजेपी के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा, "बीजेपी और पूरा देश इस घटना से स्तब्ध है कि राहुल गांधी इतने गिर गए हैं कि वह प्रधानमंत्री का विरोध करते-करते देश का विरोध करने लगे हैं."

    उन्होंने कहा, "एआई समिट किसी राजनीतिक दल का इवेंट नहीं, यह देश का इवेंट है."

  20. ब्रिटेन की सरकार एंड्रयू माउंटबेटन के ख़िलाफ़ शाही उत्तराधिकार से जुड़ा ले सकती है यह फ़ैसला, रिचर्ड व्हीलर और निक एर्डली

    एंड्रयू माउंटबेटन

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एंड्रयू माउंटबेटन पर यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन से संबंध होने का आरोप है

    ब्रिटेन की सरकार एंड्रयू माउंटबेटन-विंडसर को शाही उत्तराधिकार की पंक्ति से हटाने के लिए क़ानून लाने पर विचार कर रही है.

    सरकार के इस क़दम से एंड्रयू कभी भी राजा नहीं बन सकेंगे. एंड्रयू, ब्रिटेन के किंग चार्ल्स के भाई हैं. पिछले साल अक्तूबर में उनके "प्रिंस" समेत सभी ख़िताब छीन लिए जाने के बावजूद उत्तराधिकार की सूची में आठवें स्थान पर हैं.

    ब्रिटेन के रक्षा मंत्री ल्यूक पोलार्ड ने बीबीसी रेडियो से कहा कि यह क़दम पुलिस जांच के परिणाम से इतर "सही काम" होगा.

    उन्होंने कहा कि यह "ऐसा मामला है, जिसे मैं उम्मीद करता हूं कि सभी दलों का समर्थन मिलेगा, लेकिन यह तभी होना चाहिए जब पुलिस जांच पूरी हो जाए."

    एंड्रयू माउंटबेटन पर यौन अपराधी जेफ़री एपस्टीन से संबंध होने का आरोप है. पुलिस ने पहले कहा था कि वह एपस्टीन के साथ उनके संबंधों से जुड़े आरोपों के संदर्भ में जांच पर विचार कर रही है.

    इसके बाद पुलिस ने गुरुवार शाम एंड्रयू को सार्वजनिक पद पर कदाचार के संदेह में गिरफ़्तार कर लिया. हालांकि 11 घंटे बाद उन्हें रिहा कर दिया गया. उनके ख़िलाफ़ पुलिस जांच जारी रहेगी.

    एंड्रयू माउंटबेटन ने किसी भी ग़लत काम से इनकार किया है. उन्होंने उन पर लगे आरोपों को लगातार और सख़्ती से ख़ारिज किया है.

Trending Now