ट्रंप के घर के सुरक्षित दायरे में घुसने वाले शख़्स को गोली मारी, अब तक सामने आईं ये अहम बातें

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के घर के सुरक्षित दायरे में घुसने वाले शख़्स को सीक्रेट सर्विस ने गोली मार दी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. यह घटना ट्रंप के फ़्लोरिडा स्थित घर मार-आ-लागो की है. हालांकि, उस समय ट्रंप वॉशिंगटन डीसी में थे.

सारांश

लाइव कवरेज

सुमंत सिंह, रौनक भैड़ा

  1. अब इस लाइव ब्लॉग को विराम देने का वक़्त आ गया है. बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा को दीजिए इजाज़त.

    कल एक नए लाइव ब्लॉग के साथ फिर हाज़िर होंगे. तब तक आप बीबीसी हिन्दी की वेबसाइट पर मौजूद अहम ख़बरों को उनके साथ दिए गए लिंक पर क्लिक कर विस्तार से पढ़ सकते हैं.

  2. ट्रंप के घर के सुरक्षित दायरे में घुसने वाले शख़्स को गोली मारी, अब तक सामने आईं ये अहम बातें

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Kyle Mazza/Anadolu via Getty Images

    इमेज कैप्शन, घटना ट्रंप के फ़्लोरिडा स्थित घर मार-आ-लागो की है (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के घर के सुरक्षित दायरे में घुसने वाले शख़्स को सीक्रेट सर्विस ने गोली मार दी, जिसके बाद उसकी मौत हो गई. यह घटना ट्रंप के फ़्लोरिडा स्थित घर मार-आ-लागो की है. हालांकि, उस समय ट्रंप वॉशिंगटन डीसी में थे.

    एजेंट्स और पाम बीच काउंटी शेरिफ़ ऑफ़िस के एक अधिकारी ने उस युवक को रोका. शेरिफ़ रिक ब्रैडशॉ ने पत्रकारों को बताया कि सुरक्षा टीम को शख़्स के पास से पेट्रोल का डिब्बा और एक शॉटगन मिले हैं.

    ब्रैडशॉ ने बताया कि पहले युवक को हथियार छोड़ने का आदेश दिया गया, उसने पेट्रोल का डिब्बा तो नीचे रखा लेकिन शॉटगन को चलाने की पोज़ीशन में उठा लिया. उसी समय एजेंट्स ने गोली चलाई ताकि 'ख़तरे को ख़त्म किया जा सके'.

    घटना के दौरान दो एजेंसियां सक्रिय थीं, सीक्रेट सर्विस और शेरिफ़ ऑफ़िस. किसी अधिकारी को चोट नहीं लगी.

    ट्रंप और उनका परिवार सुरक्षित

    ट्रेज़री सेक्रेटरी स्कॉट बेसेंट ने फ़ॉक्स न्यूज़ को बताया कि उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप से बात की है. ट्रंप और उनका परिवार सुरक्षित हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि बार-बार ऐसे हमले नहीं होने चाहिए.

    "राष्ट्रपति के चारों ओर सुरक्षा घेरे पहले से कहीं ज़्यादा मज़बूत हैं और सीक्रेट सर्विस अब 2024 में पेंसिल्वेनिया के बटलर में हुए हत्या के प्रयास के समय से कहीं बेहतर है."

    बेसेंट ने इस तरह की राजनीतिक हिंसा के लिए 'लेफ़्ट को ज़िम्मेदार' ठहराया

    मार-आ-लागो में रहती है कड़ी सुरक्षा

    बीबीसी के व्हाइट हाउस रिपोर्टर बर्नड डेबसमैन जूनियर का कहना है कि ट्रंप अपने मार-आ-लागो के घर से दूर थे. फिर भी यह गोलीबारी चौंकाने वाली है.

    उन्होंने कहा, "मैं कई दफ़ा मार-आ-लागो गया हूं. दो बार तो हाल ही में दिसंबर और जनवरी में गया था. वहां बहुत कड़ी सुरक्षा रहती है. बाहर का सुरक्षा घेरा स्थानीय पाम बीच शेरिफ़्स संभालते हैं और अंदर का सीक्रेट सर्विस. आने वाले लोगों की तलाशी होती है, गाड़ियों और बैग्स को डॉग्स और मेटल डिटेक्टर से जांचा जाता है."

    "इतनी सख़्त सुरक्षा ही वजह हो सकती है कि हमलावर को जल्दी ही रोका गया और अंदर तक नहीं जा पाया. भले ही ट्रंप और उनकी निजी सुरक्षा टीम वहां न हो, लेकिन सुरक्षा बनी रहती है. मार-आ-लागो में अक्सर बड़े रिपब्लिकन नेता और अमीर कारोबारी आते रहते हैं. अभी भी मारे गए शख़्स और उसके मक़सद को लेकर कई सवाल बाकी हैं."

    बर्नड डेबसमैन ने कहा कि यह घटना अमेरिका में राजनीतिक हिंसा को लेकर चिंता बढ़ाएगी. पहले भी ट्रंप पर दो हमले हुए और दक्षिणपंथी राजनीतिक कार्यकर्ता चार्ली किर्क पर गोली चलाई गई थी.

  3. अफ़ग़ानिस्तान तालिबान के विदेश मंत्रालय ने पाकिस्तानी राजदूत को तलब किया

    अफ़ग़ानिस्तान

    इमेज स्रोत, AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, अफ़ग़ानिस्तान ने पाकिस्तानी राजदूत को विरोध पत्र सौंपा

    पाकिस्तान की ओर से अफ़ग़ानिस्तान पर हमले के बाद तालिबान ने पाकिस्तान के राजदूत को तलब किया है. पाकिस्तानी राजदूत को अफ़ग़ानिस्तान की तरफ़ से विरोध पत्र सौंपा गया है.

    बीबीसी पश्तो के मुताबिक़, तालिबान के विदेश मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया है, "पाकिस्तानी सेना ने अफ़ग़ानिस्तान के नंगरहार और पकतीका प्रांतों पर हमले किए, जिनमें दर्जनों आम लोग मारे गए और घायल हुए. इसके जवाब में विदेश मंत्रालय ने काबुल में पाकिस्तानी राजदूत को तलब किया और अफ़ग़ानिस्तान की तरफ़ से विरोध पत्र सौंपा."

    "पाकिस्तानी पक्ष को स्पष्ट रूप से बता दिया गया है कि अफ़ग़ानिस्तान की ज़मीन की रक्षा करना शरीअत ज़िम्मेदारी है. ऐसे हमलों के नकारात्मक नतीजों की ज़िम्मेदारी दूसरे पक्ष पर होगी."

    दरअसल, पाकिस्तान ने दावा किया था कि उसने अफ़ग़ान सीमा क्षेत्र में 'सात आतंकवादी शिविरों' को निशाना बनाया है. जबकि अफ़ग़ानिस्तान का कहना है कि इस हमले में उसके कई आम नागरिक मारे गए हैं. इनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं.

  4. टी-20 वर्ल्ड कप: दक्षिण अफ़्रीका की पारी संभली, मिलर ने लगाया अर्धशतक

    दक्षिण अफ़्रीका बनाम भारत

    इमेज स्रोत, Prakash Singh/Getty Images

    इमेज कैप्शन, दक्षिण अफ़्रीका की ओर से डेविड मिलर ने अर्धशतक लगाया

    अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में शुरुआती झटकों के बाद दक्षिण अफ़्रीका की पारी संभल गई है.

    पहले बल्लेबाज़ी करते हुए दक्षिण अफ़्रीका की टीम चार ओवर में 20 रन पर तीन विकेट गंवाकर दबाव में आती हुई दिखी थी.

    लेकिन इसके बाद डेवाल्ड ब्रेविस ने डेविड मिलर के साथ मिलकर अफ़्रीका की पारी को संभालने की कोशिश की और काउंटर अटैक शुरू कर दिया. डेविड मिलर ने अर्धशतक भी लगा दिया. हालांकि, वह 35 गेंदों में 63 रन बनाकर आउट हो गए हैं.

    भारत के लिए बुमराह ने दो और अर्शदीप सिंह और वरुण चक्रवर्ती ने एक-एक विकेट लिया है.

  5. ब्रेकिंग न्यूज़, डोनाल्ड ट्रंप के घर के सुरक्षित दायरे में घुसने वाले शख्स को सीक्रेट सर्विस ने मारी गोली, मौत

    डोनाल्ड ट्रंप

    इमेज स्रोत, Kevin Dietsch/Getty Images

    इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सार्वजनिक शेड्यूल के अनुसार व्हाइट हाउस में हैं (फ़ाइल फ़ोटो)

    अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के फ़्लोरिडा स्थित घर मार-आ-लागो में एक शख़्स घुसने की कोशिश कर रहा था, जिसे गोली मार दी गई और उसकी मौत हो गई. हालांकि, घटना के वक्त डोनाल्ड ट्रंप मार-आ-लागो में नहीं थे.

    सीक्रेट सर्विस का कहना है कि शख़्स को नॉर्थ गेट के पास देखा गया था, उसके पास शॉटगन जैसी चीज़ और एक फ़्यूल कैन था.

    मारे गए युवक की उम्र 20 साल के आसपास है. अभी तक मृतक की पहचान जारी नहीं की गई है.

    यूएस सीक्रेट सर्विस एजेंट और पाम बीच काउंटी शेरिफ़ ऑफ़िस के एक डिप्टी ने शख़्स का सामना किया, इस दौरान गोली चली.

    हालांकि, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सार्वजनिक शेड्यूल के अनुसार वे इस वीकेंड व्हाइट हाउस में रह रहे हैं.

  6. पाकिस्तान: बलूचिस्तान में अज्ञात हथियारबंद लोगों ने 14 मज़दूरों का अपहरण किया

    बलूचिस्तान

    इमेज स्रोत, Asim Hafeez/Bloomberg via Getty Images

    इमेज कैप्शन, कंस्ट्रक्शन कंपनियों के लिए काम करते थे मज़दूर (फ़ाइल फ़ोटो)

    पाकिस्तान के बलूचिस्तान में 14 मज़दूरों का अज्ञात हथियारबंद लोगों ने अपहरण कर लिया है. मज़दूरों का अपहरण दो अलग-अलग इलाक़ों से हुआ हुआ है. ये मज़दूर कंस्ट्रक्शन कंपनियों के लिए काम करते थे.

    बीबीसी उर्दू के मुताबिक़, पहली घटना बारख़ान ज़िले के ऐशानी इलाक़े के पास धोला नदी में हुई. यहां हथियारबंद लोगों ने जबरन एक क्रशिंग प्लांट पर काम कर रहे तीन मज़दूरों को अग़वा कर लिया. पुलिस सूत्रों के अनुसार, अग़वा किए गए मज़दूर मुसाख़ेल ज़िले के रहने वाले हैं.

    इसी इलाक़े में एक पुलिस चौकी पर भी हमले की ख़बर है, जहां तीन पुलिसकर्मियों से हथियार छीन लिए गए. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई.

    दूसरी घटना ख़ुज़दार ज़िले के मुल्ला इलाक़े में हुई, जहां से 11 मज़दूरों को अग़वा कर लिया गया. ख़ुज़दार पुलिस अधिकारी यूसुफ़ बलोच के अनुसार, घटना के पीछे की वजह अभी साफ़ नहीं है, लेकिन जांच शुरू कर दी गई है.

    एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि अग़वा किए गए मज़दूरों में से छह सिंध के रहने वाले हैं और वे वर्ल्ड बैंक परियोजना के तहत नालियों को पक्का करने का काम कर रहे थे.

    पुलिस सूत्रों के मुताबिक़, अपहरण के बाद हथियारबंद लोग मुल्ला टाउन भी गए और वहां पुलिस स्टेशन से हथियार लेने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाए.

  7. टी-20 वर्ल्ड कप: भारत के ख़िलाफ़ दक्षिण अफ़्रीका की ख़राब शुरुआत, तीन बल्लेबाज़ पवेलियन लौटे

    भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, क्विंटन डी कॉक की विकेट लेने के बाद जश्न मनाते जसप्रीत बुमराह

    भारत के ख़िलाफ़ अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत खराब रही है.

    भारतीय तेज गेंदबाजों जसप्रीत बुमराह और अर्शदीप सिंह ने शुरुआत में कसी हुई गेंदबाजी की. दक्षिण अफ्रीका के ओपनर्स के बल्ले से मैच की 10वीं गेंद पर पहली बाउंड्री निकली. पर अगली ही बॉल पर जसप्रीत बुमराह ने डी कॉक को बोल्ड कर भारत को पहली सफलता दिला दी.

    अर्शदीप ने भी अगले ओवर में कमाल दिखाया और उन्होंने तीसरे ओवर की चौथी गेंद पर कप्तान मारक्रम का विकेट ले लिया.

    2.4 ओवर के बाद दक्षिण अफ्रीका का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 12 रन था. वहीं, चौथा ओवर की आखिरी गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने रयान रिकल्टन को भी चलता कर दिया.

    अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया.

    भारतीय क्रिकेट टीम ने अपनी प्लेइंग 11 में कोई बदलाव नहीं किया. उपकप्तान अक्षर पटेल को पिछले मैच के बाद इस मुकाबले में भी प्लेइंग 11 से बाहर ही रहना पड़ा.

    वहीं दक्षिण अफ्रीका की टीम ने प्लेइंग 11 में चार बदलाव किए. डेविड मिलर, मार्को यानसन, केशव महाराज और लुंगी एनगिडी की प्लेइंग 11 में वापसी हुई. ग्रुप स्टेज के दौरान भारत और दक्षिण अफ्रीका दोनों ने ही अपने सभी चारों मुकाबलों में जीत दर्ज की.

  8. टी-20 वर्ल्ड कप: श्रीलंका ने गंवाया सुपर-8 का मुक़ाबला, इंग्लैंड के सामने 95 रनों पर हो गई ऑल आउट

    इंग्लैंड की टीम

    इमेज स्रोत, Dibyangshu SARKAR / AFP via Getty Images

    इमेज कैप्शन, इंग्लैंड ने 9 विकेट गंवाकर 146 रन बनाए थे

    टी-20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 मुक़ाबले में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 51 रनों से हरा दिया है.

    दोनों के बीच पल्लेकेले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मुक़ाबला हुआ. इंग्लैंड ने 9 विकेट गंवाकर 146 रन बनाए थे.

    लेकिन श्रीलंका की टीम 95 रन ही बना पाई. श्रीलंकाई टीम 16.4 ओवर में ही ऑल आउट हो गई. टॉस जीतने के बाद श्रीलंका ने गेंदबाज़ी चुनी.

    इंग्लैंड की ओर से सर्वाधिक स्कोर फ़िल साल्ट का रहा, उन्होंने 40 गेंदों में 62 रन की पारी खेली. जबकि श्रीलंका की ओर से सबसे ज़्यादा स्कोर कप्तान दासुन शनाका का रहा, उन्होंने 24 गेंदों में 30 रन बनाए.

    147 रनों के लक्ष्य को चेज़ करते हुए श्रीलंका ने 5 विकेट पावरप्ले में ही खो दिए थे.

    इस मैच में जीत दर्ज कर इंग्लैंड ग्रुप 2 में टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है.

  9. टी-20 वर्ल्ड कप: दक्षिण अफ़्रीका ने जीता टॉस, पहले गेंदबाज़ी करेगी भारतीय टीम

    टी-20 वर्ल्ड कप

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, एडन मारक्रम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला लिया

    अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत आज दक्षिण अफ़्रीका के ख़िलाफ़ मुक़ाबले से अपने सुपर-8 स्टेज की शुरुआत कर रहा है.

    दक्षिण अफ़्रीका के कप्तान एडन मारक्रम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला लिया है.

    ये दोनों टीमें पिछले विश्व कप की फ़ाइनलिस्ट हैं. भारत ने 2024 का टी-20 विश्व कप दक्षिण अफ़्रीका को हराकर ही जीता था.

    कप्तान सूर्यकुमार यादव ने बताया कि आज के मुक़ाबले में उपकप्तान अक्षर पटेल बाहर हैं.

  10. यूक्रेन का दावा- रूस ने 50 मिसाइलों और 297 ड्रोन से हमले किए

    यूक्रेन पर हमला

    इमेज स्रोत, Maxym Marusenko/NurPhoto via Getty Images

    इमेज कैप्शन, वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने कहा कि आम लोगों के घर भी क्षतिग्रस्त हुए हैं

    यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने दावा किया है कि रूस की ओर से यूक्रेन पर 50 मिसाइलों और 297 ड्रोन से हमले हुए हैं. उन्होंने कहा कि इनमें से अधिकतर मिसाइलों और ड्रोन को गिरा दिया गया है.

    वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की ने एक्स पर लिखा, "रूस ने इस बार ऊर्जा केंद्रों के साथ-साथ लॉजिस्टिक्स को भी निशाना बनाया, ख़ासकर रेलवे और पानी सप्लाई व्यवस्था को. हमने क्षेत्रीय प्रतिनिधियों के साथ विस्तार से चर्चा की, रूस के हमलों से बचाव को और मज़बूत करना होगा और उनकी बदलती रणनीति को ध्यान में रखना होगा."

    "कीएव क्षेत्र के बोरीस्पिल ज़िले में एक चर्च को रूसी हमले में नुकसान पहुंचा. कई अन्य इलाकों में आम लोगों के घर भी क्षतिग्रस्त हुए. पीड़ितों की मदद दी जा रही है. मैंने यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय को आदेश दिया है कि सुमी क्षेत्र की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त बल तैनात किए जाएं."

    ज़ेलेंस्की ने दावा किया कि एक दिन पहले शोस्तका ज़िले में रूसी ड्रोन ने एक एम्बुलेंस को निशाना बनाया, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई.

    ज़ेलेंस्की ने सहयोगी देशों का धन्यवाद देते हुए लिखा, "मैं उन सभी साझेदार देशों का धन्यवाद करता हूं, जो हमें रोज़ाना और हर हफ़्ते एयर डिफ़ेंस मिसाइलें उपलब्ध कराते हैं. सुरक्षा हर दिन ज़रूरी है."

  11. LIVE: भारत और दक्षिण अफ़्रीका के मैच से पहले कैसा है माहौल, क्या कर रहे हैं फ़ैंस?

    टी20 क्रिकेट वर्ल्ड कप के सुपर 8 स्टेज में भारत का मुकाबला दक्षिण अफ़्रीका से है. ये मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा. इस मैच को लेकर क्रिकेट फ़ैंस में कैसा जोश है, बता रहे हैं बीबीसी संवाददाता रॉक्सी गागडेकर छारा.'

    छोड़िए YouTube पोस्ट
    Google YouTube सामग्री की इजाज़त?

    इस लेख में Google YouTube से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले Google YouTube cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.

    चेतावनी: बीबीसी दूसरी वेबसाइट्स की सामग्री के लिए ज़िम्मेदार नहीं है. YouTube सामग्री में विज्ञापन हो सकते हैं.

    पोस्ट YouTube समाप्त

  12. पाकिस्तानी हमले के बाद अफ़ग़ानिस्तान के गांवों की तस्वीरें

    पाकिस्तान ने दावा किया है कि उसने अफ़ग़ान सीमा क्षेत्र में 'सात आतंकवादी शिविरों' को निशाना बनाया है.

    वहीं अफ़ग़ानिस्तान का कहना है कि इस हमले में उसके कई नागरिक मारे गए हैं. इनमें बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं.

    देखिए पाकिस्तानी हमले के बाद अफ़ग़ानिस्तान के गांवों की तस्वीरें.

    पाकिस्तानी सेना का अफ़ग़ानिस्तान में हमले

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, बीबीसी पश्तो के मुताबिक़, तालिबान सरकार के अधिकारियों का कहना है कि पाकिस्तानी हमलों में कई लोग घायल हुए हैं
    पाकिस्तानी सेना का अफ़ग़ानिस्तान में हमले

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, पाकिस्तान का कहना है कि उसने यह हमला ख़ुफ़िया जानकारी के आधार पर किया
    पाकिस्तानी सेना का अफ़ग़ानिस्तान में हमले

    इमेज स्रोत, Taliban/BBC Pashto

    इमेज कैप्शन, बीबीसी पश्तो के मुताबिक़, अफ़ग़ानिस्तान के नंगरहार प्रांत के बेहसूद ज़िले में एक घर पर हुए हमले में कम से कम 18 नागरिकों के मारे जाने की ख़बर है
    पाकिस्तानी सेना का अफ़ग़ानिस्तान में हमले

    इमेज स्रोत, Getty Images

    इमेज कैप्शन, तालिबान सरकार के सूचना एवं संस्कृति विभाग के प्रमुख का कहना है कि मृतकों में 11 बच्चे शामिल हैं
    पाकिस्तानी सेना का अफ़ग़ानिस्तान में हमले

    इमेज स्रोत, Taliban/BBC Pashto

    इमेज कैप्शन, अधिकारी के मुताबिक़ पांच घायलों को अस्पताल में भर्ती किया गया है
  13. इंडियन कोस्ट गार्ड ने पकड़ी विदेशी नाव, तलाशी में मिली करोड़ों की सिगरेट

    इंडियन कोस्ट गार्ड

    इमेज स्रोत, X/@IndiaCoastGuard

    इमेज कैप्शन, संदिग्ध विदेशी नाव के चारों क्रू मेंबर ईरानी हैं

    भारतीय तटरक्षक बल (इंडियन कोस्ट गार्ड) ने भारतीय एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक ज़ोन में एक नाव से एक लाख पैकेट विदेशी ब्रांड की सिगरेट पकड़ी हैं. इनकी क़ीमत ढाई से पांच करोड़ के बीच मानी जा रही है.

    इंडियन कोस्ट गार्ड ने एक्स पर जानकारी देते हुए लिखा, "21 फ़रवरी को, भारतीय तटरक्षक बल के जहाज़ ने भारतीय एक्सक्लूसिव इकोनॉमिक ज़ोन के अंदर एक संदिग्ध विदेशी नाव को पकड़ा. इस नाव का नाम अल मुख़्तार था और इसमें चार ईरानी क्रू मेंबर थे."

    "तलाशी लेने पर इसमें 200 कार्टन मिले, जिनमें विदेशी ब्रांड की सिगरेट के लगभग एक लाख पैकेट छुपाकर रखे गए थे. इस माल की अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में क़ीमत लगभग ढाई से पांच करोड़ आंकी गई है."

    इंडियन कोस्ट गार्ड ने जानकारी दी कि नाव को आगे की जांच और संबंधित एजेंसियों के साथ पूछताछ के लिए पोरबंदर ले जाया जा रहा है. यह कार्रवाई द्वारका में समुद्र के पश्चिमी हिस्से में हुई.

  14. महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026: भारत की वीमेन ए टीम बांग्लादेश को हराकर बनी चैंपियन

    राधा यादव

    इमेज स्रोत, Abhishek Chinnappa/Getty Images

    इमेज कैप्शन, भारत-ए की टीम ने बांग्लादेश-ए टीम को 46 रनों से हराया (तस्वीर इंडिया-ए की कप्तान राधा यादव की है)

    महिला एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 का फ़ाइनल मैच इंडिया-ए ने जीत लिया. भारत-ए की टीम ने बांग्लादेश-ए टीम को 46 रनों से हराया है. यह मुक़ाबला थाईलैंड के बैंकॉक स्थित टर्डथाई क्रिकेट ग्राउंड में हुआ.

    इंडिया-ए की टीम ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 134 रन बनाए. भारत की ओर से सर्वाधिक स्कोर तेजल का रहा उन्होंने, 34 गेंदों में 51 रन बनाए.

    बांग्लादेश को जीत के लिए 135 रन का लक्ष्य हासिल करना था. लेकिन टीम 19.1 ओवरों में 88 रनों पर ही सिमट गई. बांग्लादेश-ए टीम में सबसे अधिक स्कोर शमीमा सुल्ताना ने बनाया, उन्होंने 16 गेंदों में 20 रन बनाए.

    भारत की टीम ने दूसरी बार इस टूर्नामेंट को जीता है. साल 2023 में विमेंस एशिया कप राइजिंग स्टार्स का पहला सीज़न हॉन्ग कॉन्ग में हुआ था. तब इंडिया-ए ने बांग्लादेश-ए को 31 रनों से हराया था और ख़िताब अपने नाम किया था.

  15. पीएम मोदी ने एआई समिट में हुए प्रदर्शन पर कहा- कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ दीं

    नरेंद्र मोदी

    इमेज स्रोत, Narendra Modi

    इमेज कैप्शन, पीएम मोदी ने कहा कि कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ दी

    एआई समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन किया था, जिसे अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'दुर्भाग्यपूर्ण' बताया है.

    पीएम मोदी ने रविवार को 82 किलोमीटर लंबे दिल्ली-मेरठ रीजनल रैपिड ट्रांज़िट सिस्टम के शेष हिस्सों का उद्घाटन किया. इस दौरान उन्होंने कहा, "एक तरफ़ देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन देश में ही कुछ राजनीतिक दल भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं."

    "अभी आपने देखा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा एआई इम्पैक्ट समिट हुआ. दुनिया भर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए. दुनिया के विकासशील देशों में ऐसा सम्मेलन आज तक नहीं हुआ. लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया."

    पीएम मोदी ने कहा, "एआई समिट भाजपा का समारोह नहीं था, ये देश का कार्यक्रम था, देश के सम्मान का कार्यक्रम था. लेकिन कांग्रेस ने सारी मर्यादाएं तोड़ दी. आज पूरे देश में कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू हो रही है, लेकिन दुर्भाग्य है कि इतनी पुरानी पार्टी के नेता लजाने के बजाय गरजते हैं."

    "दिल्ली (एआई सम्मेलन विरोध) में जो हुआ, उसके बाद कांग्रेस के सारे साथी दल चौंक गए हैं, सबने किनारा कर दिया."

    दरअसल, 20 फरवरी को एआई इम्पैक्ट समिट में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ता टी-शर्ट उतारकर विरोध प्रदर्शन करने पहुंच गए थे. उन्होंने पीएम मोदी के खिलाफ नारेबाज़ी की.

    चार प्रदर्शनकारियों को पटियाला हाउस कोर्ट ने पांच दिन की पुलिस हिरासत में भी भेज दिया. यूथ कांग्रेस के इस प्रदर्शन के बाद बीजेपी युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी के घर के बाहर प्रदर्शन किया था.

  16. अविमुक्तेश्वरानंद के ख़िलाफ़ हुई एफ़आईआर पर बोले अखिलेश यादव

    अखिलेश यादव

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, अखिलेश यादव ने सरकार पर शंकराचार्य को अपमानित करने का आरोप लगाया

    स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद पर यौन शोषण के आरोपों में दर्ज हुई एफ़आईआर पर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने सरकार पर शंकराचार्य को अपमानित करने का आरोप लगाया है.

    अखिलेश यादव ने प्रेस वार्ता में कहा, "यह सरकार 20 साल पुरानी घटना निकालकर शंकराचार्य को अपमानित कर रही है. अगर यह (शिकायतकर्ता) उनके (रामभद्राचार्य) शिष्य हैं, तो मैंने ग़लती की कि मैंने वह केस वापस लिया जो कभी रामभद्राचार्य पर था. मुझे उन्हें जेल भेजना चाहिए था."

    "विचारों पर मतभेद हो जाते हैं, लेकिन इस सीमा पर जाकर घटिया आरोप नहीं लगवाने चाहिए. इसलिए मैं कह रहा हूं कि यह सरकार बचने वाली नहीं है."

    दरअसल, यूपी पुलिस ने ज्योतिर्मठ के शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती और उनके शिष्य स्वामी मुकुंदानंद ब्रह्मचारी के अलावा 2-3 अज्ञात लोगों पर बाल यौन शोषण के आरोपों में एफ़आईआर दर्ज की है.

  17. नमस्कार!

    अब तक बीबीसी संवाददाता सुमंत सिंह आप तक ख़बरें पहुंचा रहे थे. अब से रात 10 बजे तक बीबीसी संवाददाता रौनक भैड़ा आप तक अहम ख़बरें पहुंचाएंगे.

    बीबीसी न्यूज़ हिन्दी के पन्ने पर लगी कुछ अहम ख़बरें पढ़ने के लिए नीचे दिए गए लिंक्स पर क्लिक करें.

  18. असम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेन बोरा बीजेपी में शामिल, सीएम हिमंत क्या बोले

    भूपेन बोरा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, भूपेन बोरा ने असम बीजेपी के अध्यक्ष दिलीप सैकिया की मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ली

    असम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा रविवार को भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) में शामिल हो गए.

    उन्होंने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया और चुनाव प्रभारी बैजयंत जय पांडा की मौजूदगी में बीजेपी की सदस्यता ली. असम में अगले कुछ महीनों में विधानसभा चुनाव होने हैं.

    भूपेन बोरा के बीजेपी में शामिल होने पर राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने उन्हें शुभकामनाएं दी हैं.

    उन्होंने कहा, "भूपेन बोरा जी का कांग्रेस के लिए बहुत बड़ा योगदान है. उन्होंने 33 साल तक कांग्रेस की सेवा की. आज से उनका नया जीवन शुरू होगा."

    वहीं प्रदेश कांग्रेस के नेता और राज्य के नेता प्रतिपक्ष देबब्रत सैकिया ने कहा कि भूपेन बोरा के कांग्रेस से जाने से पार्टी को 'कोई नुक़सान नहीं' होगा.

    वहीं प्रदेश कांग्रेस के उपाध्यक्ष घाना बुरागोहेन ने कहा कि कांग्रेस में आने और जाने, दोनों के लिए दरवाजा खुला है.

    घाना बुरागोहेन ने कहा कि भूपेन बोरा को कांग्रेस में सबकुछ मिला. उन्होंने कहा, "और क्या मिलना बाकी है? कोई अंदर की बात है जिसकी वजह से वह कांग्रेस छोड़कर बीजेपी में गए."

  19. गुरुग्राम: युवती के साथ यौन हिंसा मामले में 19 साल का युवक गिरफ़्तार, दिलनवाज़ पाशा, बीबीसी संवाददाता

    गुरुग्राम पुलिस

    इमेज स्रोत, Parveen Kumar/Hindustan Times via Getty

    इमेज कैप्शन, युवती दिल्ली के सफ़दरजंग अस्पताल में भर्ती है, जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है (सांकेतिक तस्वीर)

    गुरुग्राम पुलिस ने एक युवती पर हमले के मामले में एक 19 वर्षीय युवक को गिरफ़्तार किया है. पुलिस ने इस मामले में अभियुक्त के ख़िलाफ़ बलात्कार समेत गंभीर धाराएं लगाई हैं.

    पुलिस ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि अभियुक्त को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया है और आगे की जांच की जा रही है.

    पुलिस के मुताबिक़, यह घटना सेक्टर 69 के एक पीजी में हुई है जहां युवक और युवती साथ रह रहे थे.

    गुरुग्राम पुलिस कमिश्नर के कार्यालय ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी को बताया है कि युवती की मां ने बेटी पर हमला होने की जानकारी पुलिस को दी थी, जिसके बाद 19 वर्षीय अभियुक्त को गिरफ़्तार किया गया है.

    गुरुग्राम पुलिस के प्रवक्ता के मुताबिक़, युवती को दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उसकी हालत स्थिर बनी हुई है.

    घायल युवती को पहले गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल ले जाया गया था, जहां चोटों की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली एम्स में रेफ़र किया गया. बाद में युवती को सफ़दरजंग अस्पताल में भर्ती किया गया.

    पुलिस जांच में पता चला है कि युवती एक निजी यूनिवर्सिटी में बायोटेक्नोलॉजी की स्टूडेंट है.

    जिस पीजी में युवक और युवती रह रहे थे वह को-लिविंग पीजी है, जहां लड़के-लड़कियां दोनों रहते हैं.

    पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि त्रिपुरा की रहने वाली युवती की पहचान दिल्ली के रहने वाले युवक से एक डेटिंग एप के ज़रिए हुई थी.

  20. यूपी के कासगंज में एक ही परिवार के पांच लोगों का शव घर से मिला

    अंकिता शर्मा

    इमेज स्रोत, ANI

    इमेज कैप्शन, एसपी अंकिता शर्मा ने बताया कि प्रथम दृष्टया यह मामला आत्महत्या से जुड़ा लग रहा है

    उत्तर प्रदेश के कासगंज में एक ही परिवार के पांच लोगों का शव उनके घर से बरामद हुआ है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच कर रही है.

    पुलिस के मुताबिक़, यह घटना थाना अमापुर क्षेत्र की है, जहां सत्यवीर और उनका परिवार घर में मृत पाया गया है.

    कासगंज की पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के मुताबिक़, पुलिस को शनिवार शाम 6.30 बजे सूचना मिली कि एक परिवार दो-तीन दिन से घर से बाहर नहीं निकला है. इसके बाद पुलिस ने मौक़े पर पहुंचकर जांच की और शवों को बरामद किया.

    एसपी अंकिता शर्मा ने बताया, "मौक़े पर पहुंचकर जब कमरे का ताला तोड़ा गया तो सत्यवीर, उनकी पत्नी और तीन बच्चे, जिसमें दो बेटी और एक बेटा हैं, उनके शव मिले थे."

    पुलिस अधिकारी ने बताया, "प्रथम दृष्टया यह लग रहा है कि सत्यवीर ने ही अपने परिवार की हत्या करके आत्महत्या की है. फिर भी मामले के सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है."

    उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल सकेगा.

    आत्महत्या एक गंभीर मनोवैज्ञानिक और सामाजिक समस्या है. अगर आप भी तनाव से गुज़र रहे हैं तो भारत सरकार की 'जीवन आस्था' हेल्पलाइन 18002333330 से मदद ले सकते हैं. आपको अपने दोस्तों और रिश्तेदारों से भी बात करनी चाहिए.

Trending Now