शनिवार रात अचानक पूरा पाकिस्तान अंधेरे में डूब गया.कई घंटों तक पाकिस्तान में बिजली नहीं थी.
पाकिस्तान के ऊर्जा मंत्री उमर अयूब के मुताबिक़ बिजली चले जाने के कारण खोजने की कोशिश की जा रही है.
हालांकि देश के कई प्रमुख शहरों जैसे लाहौर, इस्लामाबाद, फ़ैसलाबाद, झंग, मुल्तान और कराची के कई इलाक़ों में बिजली आ गई है. अन्य स्थानों पर चरणबद्ध तरीक़े से बिजली बहाली की कोशिश चल रही है.
सूचना मंत्री शिबली फ़राज़ के साथ एक प्रेस कॉन्फ़्रेंस में ऊर्जा मंत्री उमर अयूब ने कहा हमने तरबेला पावर स्टेशन को दो बार शुरू किया जिससे बिजली आनी शुरू हुई.
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि पूरे देश के संयंत्रों में समस्या नहीं आई थी लेकिन किसी जगह पर बिजली की फ्रिक्वेंसी कम हो गई थी जिसके कारण पूरा सिस्टम ख़ुद बंद होने लगा.
उन्होंने कहा कि सिस्टम इस समय स्थिर है और कोहरा साफ़ होने के बाद ही वास्तविक कारण और समस्या की जगह का पता चलेगा और जांच के बाद ही तथ्य सामने आएंगे.
उमर अयूब के अनुसार, प्रधानमंत्री को स्थिति से अवगत कराया गया है और उन्होंने जल्द से जल्द बिजली बहाल करने का निर्देश दिया है.
प्रेस कॉन्फ़्रेंस में सूचना मंत्री शिबली फ़राज़ ने कहा कि बिजली संयंत्रों का निर्माण पिछली सरकारों में किया गया था लेकिन ट्रांसमिशन सिस्टम उनके अनुकूल नहीं था और अगर बिजली ट्रांसमिशन सिस्टम को अपडेट नहीं किया जाता है तो इससे समस्याएं पैदा हो सकती हैं.
पाकिस्तान में ब्लैकआउट के बाद लोग सोशल मीडिया पर भी प्रतिक्रिया देने लगे. इन प्रतिक्रियाओं में ज़्यादातर मीम शामिल थे.
एक यूज़र ने लिखा की आख़िरकार इमरान ख़ान पाकिस्तान में नाइट मोड ले आए.
लोगों ने इन मीम्स का भी मज़ाक मीम्स के ज़रिेए उड़ाया. एक मीम को लोग शेयर कर रहे हैं जिसमें लिखा है कि बिजली जाने के आधे घंटे के अंदर पांच करोड़ मीम बनाकर रिकॉर्ड बना दिया.