केरल में बाढ़ से हालात गंभीर, कम से कम छह लोगों की मौत
इमरान क़ुरैशी
बेंगलुरू से, बीबीसी के लिए

इमेज स्रोत, Imran Quereshi
केरल में भारी बारिश और बाढ़ के कारण गंभीर हालात पैदा हो गए हैं. शनिवार को राहत और बचाव कार्य के लिए वहां सेना को तैनात किया गया है.
बाढ़ के कारण अब तक कम से कम छह लोगों के मारे जाने की ख़बर है. कई जगहों पर भूस्खलन होने की भी ख़बर है. स्थिति से निपटने के लिए कम से कम दो जिलों में एनडीआरएफ़ की 11 टीमों को तैनात किया गया है और सेना की मदद ली जा रही है
राज्य के राजस्व मंत्री राजन के ने बीबीसी से कहा, "सेना और एनडीआरएफ़ की सभी टुकड़ियों को तिरुवनंतपुरम और कोट्टयम ज़िले में तैनात किया गया है."
दक्षिणी एयर कमांड के तहत सभी बेस को अलर्ट पर रखा गया है और बचाव और राहत कार्यों को संचालित करने के लिए मौसम के स्थिर होने का इंतज़ार किया जा रहा है, ताकि राहत और बचाव कार्य के लिए हेलीकॉप्टरों को भेजा जा सके.
रक्षा जनसंपर्क कार्यालय ने कहा कि एक अधिकारी, दो जूनियर कमीशंड अधिकारी और सेना के 30 अन्य रैंक के सैनिकों को पहले ही पैंगोड सैन्य स्टेशन से सभी ज़रुरी उपकरणों के साथ कोट्टयम जिले के कंजीरापल्ली भेज दिया गया है.
कांग्रेस नेता और तिरुवनंतपुरम से सांसद शशि थरूर ने लिखा है कि इडूकी, पथनमथिट्टा, त्रिसूर और कोट्टयम बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित इलाके हैं.
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 1
विदेश राज्य मंत्री वी मुरलीधरण ने भी कहा है कि हालात को देखते हुए एनडीआरएफ़ और सेना की मदद ली जा रही है.
मुरलीधरण ने शनिवार को एक ट्वीट में लिखा, “तेज़ बारिश के कारण आई बाढ़ और तबाही से केरल की हालत चिंताजनक बनी हुई है. दुख की इस घड़ी में लोगों के साथ खड़ा हूं. एनडीआरएफ़ और सेना केरल सरकार की हरसंभव मदद करेगी."
"ज़िला प्रशासन को लोगों को नीचे के इलाकों में ले जाना चाहिए. लोगों से गुज़ारिश है कि वो अधिकारियों के निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित रहें. हम स्थिति पर नज़र बनाए हुए हैं.”
इस लेख में X से मिली सामग्री शामिल है. कुछ भी लोड होने से पहले हम आपकी इजाज़त मांगते हैं क्योंकि उनमें कुकीज़ और दूसरी तकनीकों का इस्तेमाल किया गया हो सकता है. आप स्वीकार करने से पहले X cookie policy और को पढ़ना चाहेंगे. इस सामग्री को देखने के लिए 'अनुमति देंऔर जारी रखें' को चुनें.
पोस्ट X समाप्त, 2

इमेज स्रोत, Imran Quereshi
मौसम विभाग का कहना है कि केरल के नज़दीक दक्षिण पूर्वी अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बन गया है जिससे कारण शनिवार को राज्य में भारी बारिश हुई.
मौसम विभाग ने बयान जारी कर कहा है कि केरल, कर्नाटक, तमिलनाडू, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाक़ों में 17 अक्तूबर को भी भारी बारिश हो सकती है. विभाग ने मछुआरों को समंदर में न जाने की चेतावनी दी है.
अरब सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने के बाद पांच जिलों में रेड अलर्ट और सात जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
















