अमेरिकी विदेश मंत्री के सामने रूस से तेल ख़रीद पर ये बोले एस. जयशंकर
भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को अमेरिकी विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन के साथ मुलाक़ात की.
विदेश मंत्री एस जयशंकर ने इस दौरान अमेरिका को बताया कि किस तरह विकासशील देश अपनी ऊर्जा ज़रूरतों को पूरा करने के लिए चिंतित हैं. उन्होंने कहा कि ऊर्जा की कीमतें हद से ज्यादा बढ़ी हुई हैं.
कच्चा तेल बहुत महंगा है और इसकी कीमतों में कमी आना ज़रूरी है. विदेश मंत्री एस जयशंकर ने तेल की कीमतों का मुद्दा उठाया. यूक्रेन युद्ध को लेकर पीएम नरेंद्र मोदी ने रूस से कहा था कि ये युद्ध का युग नहीं है.
वहीं अब विदेश मंत्री एस जयशंकर ने अमेरिका से कहा है कि तेल की कीमतों ने हमारी कमर तोड़ दी है.
एस जयशंकर ने कहा, "हम प्रति व्यक्ति 2,000 अमेरिकी डॉलर की अर्थव्यवस्था हैं. हम तेल की कीमत को लेकर चिंतित हैं. तेल की कीमतें हमारी कमर तोड़ रही है और ये हमारे लिए एक बड़ी चिंता है."
दोनों ने इस बैठक के बाद संयुक्त प्रेस वार्ता की. पाकिस्तान के साथ एफ-16 लड़ाकू विमानों के लिए पैकेज के बारे में अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा, "ये नया नहीं है. हम जिस किसी को भी सैन्य हथियार बेचते हैं उसकी मरम्मत और रखरखाव की हमारी ज़िम्मेदारी होती है और हम उसे ही निभा रहे हैं."
इससे पहले जयशंकर ने अमेरिकी रक्षा मंत्री वॉशिंगटन में लॉयड ऑस्टिन से भी मुलाक़ात की.
(बीबीसी हिन्दी के एंड्रॉएड ऐप के लिए आप यहां क्लिक कर सकते हैं. आप हमें फ़ेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और यूट्यूब पर फ़ॉलो भी कर सकते हैं.)