शादी का शुभ दिन-09.09.09

चीन में 09.09.09 यानी नौ सितंबर 2009 को शादी करने के लिए होड़ मची हुई है. मान्यता है कि इस दिन शादी करने से विवाहित जीवन खुशहाली भरा रहेगा.
चीन में 09.09 का उच्चारण जीउ-जीउ की तरह होता है यानी लंबे समय तक चलने वाला. इस बार तो वर्ष भी 2009 है, इसलिए नौ सितंबर 2009 की तारीख को चीन के लोग बेहद लकी मान रहे हैं.
पिछले साल आठ अगस्त को भी चीन में शादी करने की होड़ मची थी क्योंकि आठ का उच्चारण धन शब्द के जैसे किया जाता है. आठ अगस्त 2008 को ओलंपिक की शुरुआत भी हुई थी. पारंपरिक तौर पर अंक आठ को भाग्यशाली माना जाता है. इस दिन शंघाई में सात हज़ार से ज़्यादा लोगों ने शादी की थी.
चीनी मीडिया के मुताबिक बीजिंग में नौ सितंबर को दस हज़ार से ज़्यादा दंपतियों ने शादी करने के लिए पंजीकरण करवाया है. जबकि शंघाई में छह हज़ार लोगों के शादी करने की उम्मीद है.
रिपोर्टों के मुताबिक अन्य शहरों से करीब दो हज़ार दंपतियों ने इस दिन शादी करने में रुचि दिखाई थी.
शंघई में माना जा रहा है कि एक दिन में सबसे ज़्यादा शादियों का रिकॉर्ड भी बन सकता है.
बीजिंग में एक अधिकारी ने बताया, "आमतौर पर शादी रचाने की पूरी प्रक्रिया में 10 मिनट का समय लगता है लेकिन अब हमने रिज़रवेशन काउंटर बना दिया है. अब केवल तीन मिनट का समय लग रहा है."
अधिकारियों का कहना है कि अगले साल दस अक्तूबर यानी 10.10.10 को भी उम्मीद है कि बड़ी संख्या में लोग शादी करेंगे.
































