भूल से बदल गया भ्रूण

अमरीका में कृत्रिम गर्भाधान के दौरान क्लीनिक की भूल से किसी दूसरे का भ्रूण दिए जाने के बाद गर्भ धारण करने वाली महिला ने एक लड़के को जन्म दिया है.
कृत्रिम गर्भाधान कराने वाली महिला कैरोलीन सैवेज और उनके पति शान सैवेज ने एक वक्तव्य जारी करके जानकारी दी कि बच्चे का जन्म ओहायो राज्य के तोलेदो शहर के एक अस्पताल में हुआ.
भ्रूण की अदला-बदली की इस ग़लती का पता कैरोलीन सैवेज को फ़रवरी में लगा था. उन्होंने कहा, कि इस जानकारी के बाद से उनका परिवार भावनात्मक रूप से बेहद आहत हुआ है.
उन्होंने अब इस बच्चे को उसके असली माँ बाप, शैनोन और पॉल मोरेल्स, को सौंप देने का फैसला किया है जो मिशिगन में रहते हैं.
कैरोलीन और पॉल सैवेज के तीन बच्चे पहले से ही हैं. इस लड़के के जन्म के बाद कैरोलीन और पॉल सैवेज ने उसके असली माँ बाप को हार्दिक बधाई दी.
उन्होंने अपने वक्तव्य में कहा, "दुनिया भर से लोगों ने हमें शुभकामनायें दीं हैं, और हमारे लिए प्रार्थनाएं की हैं. जिसके लिए हम आभारी है. हम अस्पताल के डॉक्टरों और कर्मचारियों के भी आभारी हैं, जिन्होंने इस गर्भ से लेकर बच्चे के जन्म तक उत्तम चिकित्सा सुविधायें दी हैं और देखभाल की है."
लेकिन उन्होंने उस क्लीनिक का नाम नहीं बताया जहाँ यह गर्भाधान हुआ था.




























