हज़ारों हॉटमेल पासवर्ड चोरी

दुनिया की सबसे बड़ी ईमेल सेवा हॉटमेल के हज़ारों खातों के पासवर्ड चोरी करके एक वेबसाइट पर छाप दिए गए है.
हॉटमेल ईमेल प्रणाली के मालिक माइक्रोसॉफ़्ट ने बीबीसी को बताया कि इन दावों के बारे में उसे जानकारी है और वो ‘मामले की जांच’ कर रही है.
टेक्नॉलॉजी ब्लॉग नियोविन डॉट नेट की एक रिपोर्ट में कहा गया है कि 10,000 से अधिक खातों के पासवर्ड एक वेबसाइट पर छाप दिए गए हैं.
ब्लॉग का कहना है कि या तो इन खातों के पासवर्ड चोरी किए गए या फिर धांधली करके इन्हे इकट्ठा किया गया जिसे कम्प्यूटर
टेक्नॉलॉजी की भाषा में फ़िशिंग कहते हैं.
फ़िशिंग में फ़र्ज़ी वेबसाइटों का इस्तेमाल करके लोगों से उनकी व्यक्तिगत जानकारी जैसे बैंक खाते, लॉगिन नाम या पासवर्ड ले लिए जाते है.
त्वरित कार्रवाई
नियोविन का दावा है कि इन ईमेल खातों की जानकारी एक अक्टूबर को पेस्टबिन डॉट कॉम पर छापी गई. वेबसाइट तैयार करने वाले आमतौर पर तकनीकि जानकारी का आदान प्रदान करने के लिए इस वेबसाइट का प्रयोग करते हैं.
हालांकि अब ये जानकारी वेबसाइट से हटा दी गई है लेकिन बीबीसी न्यूज़ और नियोविन ने ए और बी अक्षरों से शुरु होने वाले 10,027 नामों की एक सूची देखी है.
बीबीसी ने इस बात की पुष्टि की है कि ये खाते असली हैं.
नियोविन ब्लॉगर टॉम वॉरन ने अपनी वेबसाइट पर लिखा,"ये अधिकतर यूरोप में रहने वालों के खाते हैं".
उन्होने कहा कि इस सूची में माइक्रोसॉफ़्ट के विंडोज़ लाइव हॉटमेल खाते ईमेल पतों के साथ दिए गए थे.
माइक्रोसॉफ़्ट का कहना है कि उन्हे इन दावों की जानकारी मिली है कि विंडोज़ लाइव आईडीज़ और पासवर्ड वेब पर उपलब्ध कराए गए.
माइक्रोसॉफ़्ट के प्रवक्ता ने कहा,"हम मामले की जांच कर रहे हैं और जल्दी से जल्दी उचित क़दम उठाएंगे".
उन्होने हॉटमेल का इस्तेमाल करने वालों को अपने पासवर्ड जल्दी से जल्दी बदलने की सलाह दी है. और ये भी कहा है कि अन्य वेबसाइटों पर भी अगर वो उस पासवर्ड का इस्तेमाल करते हैं तो उसे भी बदल लें.
लगभग 40 प्रतिशत लोग सभी वेबसाइटों पर एक ही पासवर्ड इस्तेमाल करते हैं.
































