आपको बदलना होगा अपना नाम

फ़ेसबुक जैसी सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर लोग ढेर सारी निजी जानकारी डाल रहे हैं.
इमेज कैप्शन, फ़ेसबुक जैसी सोशल नेटवर्किंग साइट्स पर लोग ढेर सारी निजी जानकारी डाल रहे हैं.

इंटरनेट कंपनी गूगल के प्रमुख ने चेतावनी दी कि आनेवाले दिनों में नौजवानों को अपना ऑनलाइन अतीत छिपाने के लिए अपनी पहचान बदलनी पड़ सकती है.

गूगल के प्रमुख एरिक श्मिट ने कहा है कि लोगों को अंदाज़ा नहीं है कि वो इंटरनेट पर कितनी निजी जानकारी छोड़ दे रहे हैं.

क्या किसी को मेरे बैंक एकाउंट की जानकारी मिल गई है? क्या किसी को मेरे घर का पता चल गया है? क्या किसी ने मेरे फ़ेसबुक एकाउंट को हैक कर लिया है? क्या मेरी तस्वीरों को देख कर मेरा बॉस नाराज़ हो जाएगा? क्या मैं कभी काम कर सकूंगा? मुझे अपनी पहचान बदलनी होगी...

एरिक श्मिट कुछ ऐसी ही तस्वीर पेश कर रहे हैं इंटरनेट और फ़ेसबुक, ट्विटर जैसी सोशल नेटवर्किंग वेबसाइट का बहुत ज़्यादा इस्तेमाल करनेवाले लोगों के लिए.

उनका कहना है कि इंटरनेट मानव का पहला ऐसा आविष्कार है जिसे वो खुद भी नहीं समझ पा रहे.

एरिक श्मिट का कहना है कि इंटरनेट मानव का एक ऐसा आविष्कार है जिसे वो खुद भी नहीं समझ पा रहा है.
इमेज कैप्शन, एरिक श्मिट का कहना है कि इंटरनेट मानव का एक ऐसा आविष्कार है जिसे वो खुद भी नहीं समझ पा रहा है.

गूगल काफ़ी ज़ोर शोर से सोशल नेटवर्किंग के बाज़ार में अपने को स्थापित करने की कोशिश कर रहा है.

गूगल बज़ और ऑरकुट पहले से ही गूगल के पास हैं और अनुमान लगाया जा रहा है कि वो एक नई सोशल नेटवर्किंग साइट शुरू करनेवाले हैं.

एरिक श्मिट के इस बयान पर मिली-जुली प्रतिक्रिया हुई है.

कुछ लोगों का कहना है कि वो इंटरनेट पर मौजूद निजी जानकारी को बढ़ा चढ़ा कर पेश कर रहे हैं.

वहीं कुछ लोगों का कहना है कि गूगल के प्रमुख की ओर से इस तरह की बात हजम नहीं होती.

उनका कहना है कि गूगल खुद ही लोगों के बारे में निजी जानकारी इकठ्ठा करने के लिए आलोचना का शिकार बना है और कई बार गूगल के ख़िलाफ़ भी प्रदर्शन हुए हैं.