'ईरान में जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़'

इमेज स्रोत, BBC World Service
ईरान ने सीआईए के कथित जासूसी नेटवर्क का भंडाफोड़ करने का दावा किया है. इस संबंध में 30 से ज़्यादा लोगों को गिरफ़्तार किया गया है.
ईरान के सरकारी टेलीविज़न पर जारी एक बयान में कहा गया है कि इस जासूसी नेटवर्क के लिए स्थानीय ईरानी लोगों की भर्ती की गई थी और उनसे ईरान के परमाणु कार्यक्रम और अंतरिक्ष कार्यक्रम पर नज़र रखने के लिए कहा गया था.
आरोप लगाया गया है कि इन जासूसों से विश्वविद्यालयों और आर्थिक प्रतिष्ठानों के बारे में भी जानकारी जुटाने को कहा गया था.
हालांकि ईरानी ख़ुफ़िया मंत्रालय ने अपने इन दावों के बारे में ज़्यादा जानकारी नही दी है.
मंत्रालय ने अपने बयान में कहा है कि सीआईए का ये नेटवर्क कई देशों में कई महत्वपूर्ण अधिकारियों के आदेशों पर काम कर रहा था.
इसके लिए स्टुडेंट वीज़ा और वर्क परमिट का इस्तेमाल किया जा रहा था.
मंत्रालय का कहना है कि अमरीका ने मिशन के तहत तुर्की, मलेशिया और संयुक्त अरब अमीरात जैसे कई देशों में अपने जासूस भर्ती किए हैं.
बयान में गिरफ़्तार किए गए सभी लोगों का संबंध विदेशी गुप्तचर संस्थाओं से बताते हुए ईरानी गुप्तचरों की प्रशंसा की गई है कि उनके शानदार काम की वजह से ही सीआईए की साज़िश को नाकाम किया जा सका है.
































