'सीमा पर रिश्वत और यौन प्रलोभन'

सीमा जांच (फाइल फोटो)
इमेज कैप्शन, अमरीकी सीमा पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और कस्टम एजेंटो को रिश्वत और यौन प्रलोभन देने की घटनाऐं लगातार बढ़ती जा रहीं हैं.

अमरीका के सुरक्षा अधिकारियों का कहना है कि अमरीकी सीमा पर तैनात सुरक्षाकर्मियों और कस्टम एजेंटो को रिश्वत और यौन प्रलोभन देने की घटनाऐं लगातार बढ़ती जा रहीं हैं.

अमरीका के आंतरिक सुरक्षा मंत्रालय के अधिकारी चार्ल्स एड्वर्डस ने अमरीकी संसद की एक समिति को जानकारी दी है कि मैक्सिको का ड्रग्स माफ़िया गिरोह नशीले पदार्थों की तस्करी और अवैध तरीक़े से लोगों को प्रवेश कराने के लिए सुनियोजित ढंग से भ्रष्टाचार फैला रहा है.

अधिकारी ने ये भी बताया कि माफ़िया गिरोह, पुलिस जांच के बारे में भी जानकरी जुटाने की कोशिश करते है.

सुनियोजित भ्रष्टाचार

एक अन्य अधिकारी ने बताया कि 2004 से अब तक 127 अमरीकी एजेंटो के साथ संपर्क साधा गया है या ऐसी कोशिश की गई है.

अमरीकी कस्टम और सीमा सुरक्षा कमिश्नर ऐलेन बर्सिन का कहना है कि हाल के वर्षों में माफ़िया गिरोह के ख़िलाफ़ मैक्सिको के आक्रामक रवैये और सीमा ऐजेंटों को किराए पर लेने की बढ़ती पृवत्ति के चलते भ्रष्टाचार का ख़तरा कई गुना बढ़ गया है.

चार्ल्स एड्वर्डस ने बढ़ते सुनियोजित भ्रष्टाचार के पीछे ‘ज़ेटास’ गिरोह का नाम लिया.

उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के तरीक़ों में धूस देने के अलावा यौन प्रलोभन भी शामिल है.

साथ ही साथ माफ़िया कुछ दूसरे तरीक़ों का भी इस्तेमाल कर रहे हैं, ताकि अधिकारी तस्करों की मदद कर सकें और अगर मदद न भी कर सकें तो कम से कम उनकी गतिविधियों को अनदेखा कर दें.