आई वेईवेई ज़मानत पर रिहा हुए

इमेज स्रोत, Reuters
चीन के जाने माने कलाकार और कार्यकर्ता आई वेईवेई दो महीने तक हिरासत में रहने के बाद रिहा होकर घर लौट आए हैं.
समाचार एजेंसी जिनहुआ के मुताबिक़ करों की चोरी के कथित आरोपों को स्वीकार करने के बाद बुधवार रात आई को ज़मानत पर रिहा किया गया.
चीन में मानवाधिकारों के ख़राब इतिहास की आलोचना करने वाले आई को अप्रैल में हिरासत में लिए जाने के बाद से विश्व स्तर पर उन्हें रिहा करने की आवाजें उठी थीं.
54 वर्षीया आई वेईवेई ने बीबीसी को टेलिफो़न पर दिए गए एक इंटरव्यू में बताया कि वे घर आ गए हैं और उनका स्वास्थ्य अच्छा है.
उन्होंने कहा, "मैं ज़मानत पर रिहा होकर घर आ गया हूँ. हालांकि मैं मीडिया से बातचीत नहीं कर सकता लेकिन मैं अच्छा हूँ और मीडिया के समर्थन के लिए शुक्रिया अदा करता हूँ."
बीजिंग से हाँग कांग जा रही एक उड़ान में बैठने के तुरंत बाद ही आई को गिरफ़्तार कर लिया गया था.
बीजिंग में हुए 2008 के ओलंपिक खेलों के लिए बर्ड्स नेस्ट स्टेडियम का प्रारूप बनाने वाले आई को एक गुप्त स्थान पर रखा गया था और उन्हें वकील की सुविधाएं नहीं दी गई थीं.
चीन की सरकार के मुताबिक़ आई वेईवेई ने करों की चोरी को छिपाने के लिए सबूतों को मिटाया था.
जबकि आई के समर्थक कहते रहे हैं कि अपने खुले विचारों और सामाजिक कार्यकर्ता होने के नाते उनपर ये आरोप मढ़े गए थे.
'मैं आज़ाद हूँ'
समाचार एजेंसी जिनहुआ के मुताबिक़ एक ख़तरनाक बीमारी झेल रहे आई वेईवेई ने करों को अदा करने का प्रस्ताव दिया और उन्हें 'इमानदारी से अपना जुर्म क़बूलने' की वजह से रिहा किया गया.
इससे पहले चीन के विदेश मंत्रालय ने कहा था कि आई के खिलाफ 'आर्थिक जुर्म' के मामलों की जांच चल रही है.
हालांकि आई वेईवेई की रिहाई ऐसे समय पर हो रही है जब चीन के प्रधान मंत्री वेन जियाबाओ इसी हफ़्ते जर्मनी और ब्रिटेन की यात्रा पर जा रहे हैं.
इन दोनों ही देशों से आई के मज़बूत पेशेवर संबंध रहे हैं और उनके लिए जन समर्थन भी रहा है.
बीजिंग में बीबीसी संवाददाता डेमियन ग्रमाटिकास के मुताबिक़ चीन की सरकार पर इस कलाकार और कार्यकर्ता को रिहा करने का दबाव भी रहा है.
आई के रिहा होने के बाद से चीन में कई मानवाधिकार संस्थाओं और कार्यकर्ताओं ने इस क़दम का स्वागत किया है.
































