पनेटा ने ईरान को चेतावनी दी

इमेज स्रोत, Getty
अमरीकी रक्षा मंत्री लियोन पनेटा ने ईरान को चेतावनी दी है कि स्ट्रेट्स ऑफ़ हॉर्मुज़ बंद करने की कोशिश के गंभीर नतीजे होंगे.
वहीं उनके अलावा एक अन्य वरिष्ठ अमरीकी अधिकारी ने ये तो माना कि ईरानी सेना के पास ये अहम जल मार्ग बंद करने की क्षमता है मगर साथ ही ये भी कहा कि अमरीका उस कोशिश को विफल कर देगा.
अभी तक अमरीका की कोशिश ये रही है कि परमाणु हथियारों से जुड़ी ईरानी महत्वाकाँक्षा का विरोध असैनिक तरीक़े से ही किया जाए.
पर रक्षा मंत्री लियोन पनेटा ने एक अमरीकी टेलिविज़न चैनल को दिए इंटरव्यू में ज़ोर देकर कहा कि अगर ईरान ने दुनिया में तेल की आवाजाही के मार्ग को बाधित किया तो वह कड़ा रुख़ अपनाएगा.
पनेटा का कहना था, "हमने ये पूरी तरह स्पष्ट किया है कि अमरीका स्ट्रेट्स ऑफ़ हॉर्मुज़ बंद करने की कोई कोशिश बर्दाश्त नहीं करेगा. हमारे लिए वो सहनशीलता की अंतिम सीमा जैसा होगा और तब हम कार्रवाई भी करेंगे."
फ़ारस की खाड़ी से निकलकर दुनिया की ज़्यादातर तेल आपूर्ति हॉर्मुज़ की खाड़ी से ही होकर गुज़रती है.
'क्षमता है'
ऐसे में ईरान ने चेतावनी दी थी कि अगर अमरीका ने ईरानी तेल निर्यात को निशाना बनाते हुए लगाए गए प्रतिबंध नहीं हटाए तो वह स्ट्रेट्स ऑफ़ हॉर्मुज़ बंद कर देगा.
इस पर अमरीका के जॉइंट चीफ़्स ऑफ़ स्टाफ़ के चेयरमैन जनरल मार्टिन डिम्पसी ने माना कि ईरान के पास वो रास्ता बंद करने की क्षमता है.
जनरल डिम्पसी का कहना था, "उन्होंने ऐसी क्षमता बनाई है जिससे वो कुछ समय तक स्ट्रेट्स ऑफ़ हॉर्मुज़ बंद कर सकते हैं. मगर हमने ऐसी क्षमता विकसित की है कि अगर ऐसा होता है तो हम उस कोशिश को परास्त कर सकें."
उनके मुताबिक़, "इसलिए इसका सीधा जवाब ये होगा कि हाँ वे रास्ता बंद कर सकते हैं. मगर निश्चित ही वो हमारे लिए एक अस्वीकार्य क़दम होगा. और ये सिर्फ़ हमारे लिए ही नहीं बल्कि पूरी दुनिया के लिए अस्वीकार्य होगा."
अमरीका का कहना है कि इसके अलावा उनकी सहनशीलता की एक और सीमा ईरानी परमाणु कार्यक्रम से जुड़ी है.
पनेटा ने ज़ोर देकर अमरीकी आकलन दोहराया कि ईरान एक दिन परमाणु हथियार विकसित करने की दिशा में काम करते हुए तैयारियाँ कर रहा है मगर अभी बम नहीं बना रहा है.
उन्होंने कहा कि ईरानी परमाणु क्षमताओं को निशाना बनाते हुए सैनिक हमला करना एक विकल्प है मगर अभी प्रतिबंध और कूटनीतिक दबाव जैसे रास्ते ही ज़िम्मेदाराना क़दम होंगे.
































