ईरान करेगा परमाणु क्षेत्र में 'बड़ी सफलता' की घोषणा

अहमदीनेजाद

इमेज स्रोत, BBC World Service

इमेज कैप्शन, अहमदीनेजाद की रैली में भारी संख्या में लोग पंहुचे

ईरान के राष्ट्रपति महमूद अहमदीनेजाद ने कहा है कि ईरान अगले कुछ दिनों में परमाणु क्षेत्र में एक बड़ी सफलता की घोषणा करेगा.

अहमदीनेजाद ने इस बारे में विस्तार से नहीं बताया लेकिन उन्होंने कहा कि ईरान यूरेनियम संवर्धन का कार्यक्रम किसी भी हालत में नहीं रोकेगा.

अहमदीनेजाद इस्लामी क्रांति की 33वीं सालगिरह के मौके पर तेहरान में एक रैली को संबोधित कर रहे थे.

उनके भाषण का राष्ट्रीय टेलीविज़न ने सीधा प्रसारण किया. भाषण में उन्होंने ईरान पर पश्चिमी देशों की ऐसी आर्थिक प्रतिबंधों की निंदा की जो ईरान को अपना परमाणु कार्यक्रम छोड़ने के लिए लागू की गई है.

रैली में अहमदीनेजाद ने कहा कि ईरान की सभी ज़रूरतों को उनके परमाणु वैज्ञानिक जल्द ही पूरा करेंगे.

'सफलताओं का आगाज़'

उन्होंने कहा, "इंशाअल्लाह, अगले कुछ दिनों में दुनिया परमाणु क्षेत्र में हमारी बड़ी सफलताओं का आगाज़ देखेगी."

अहमदीनेजाद

इमेज स्रोत, AP

इमेज कैप्शन, ईरान का कहना है कि वो परमाणु संवर्धन नहीं रोकेगा

उन्होंने कहा कि पश्चिमी ताक़तें परमाणु मुद्दे की आड़ लेकर ईरान के विकास में बाधा पैदा कर रही हैं.

उन्होंने कहा, "वो कहते हैं कि हमसे बात करना चाहते हैं. हम भी वार्ता के लिए तैयार हैं लेकिन वो इंसाफ़ और इज़्ज़त के दायरे में होनी चाहिए."

रैली में प्रदर्शनकारियों ने ईरानी झंडे लहराए और "इसराइल मुर्दाबाद" और "अमरीका मुर्दाबाद" के नारे लगाए.

ईरान और छह देश- अमरीका, रूस चीन, फ्रांस, इंग्लैंड और जर्मनी के बीच परमाणु मुद्दे पर बातचीत पिछले साल टूट गई थी.ततत

ईरान परमाणु संवर्धन के मामले पर कोई भी समझौता करने से मना करता है जबकि पश्चिमी देशों का कहना है कि इस विषय के बिना बातचीत का कोई मतलब नहीं है.

अहमदीनेजाद ने कहा कि ईरान कभी भी ज़बर्दस्ती और अपमानजनक बर्ताव के आगे नहीं झुकेगा.