पेशावर में बंधकों को छुड़ाया गया

पाकिस्तान के प्रांत ख़ैबर पख़तूनख़्वा की राजधानी पेशावर में फ़ौजी इमारत को चरमपंथियों से मुक्त करा लिया गया है.
यह इमारत पाकिस्तान के पेशावर में अमरीकी वाणिज्य दूतावास के पास स्थित है. हमला उस समय किया गया जब उनको एक अहाते से दूसरे अहाते में ले जाया जा रहा था.
ये लोग पहले से वहां हिरासत में रखे गए थे लेकिन ले जाते समय उन्होंने सैन्यकर्मियों की राइफलें छीनकर फ़ौजी इमारत में सुरक्षाकर्मियों को बंधक बना लिया.
इन चरमपंथियों के ख़िलाफ़ चल रही कार्रवाई में सेना और अर्धसैनिक बलों ने संयुक्त रूप से भाग लिया.
सेना के प्रवक्ता से मिली जानकारी के मुताबिक चरमपंथियों के ख़िलाफ़ चल रहा यह ऑपरेशन सफल रहा. इसमें 3 से 4 चरमपंथियों को पकड़ लिया गया. हालांकि अभी भी स्पष्ट नहीं किया जा सका है कि इनकी संख्या 3 या 4 थी.
इस ऑपरेशन में एक चरमपंथी के घायल होने की ख़बर है.
फ़ायरिंग
इससे पहले शनिवार सुबह छह बजे एक फ़ौजी इमारत में फ़ायरिंग के बाद सुरक्षाकर्मियों ने इलाक़े को घेर लिया था और हेलिकॉप्टरों की मदद से हवाई निगरानी शुरू कर दी थी.
घटना के बाद पेशावर छावनी और और सदर की तरफ़ जाने वाले सारे रास्ते ट्रेफ़िक के लिए बंद कर दिए गए.
ख़ैबर पख़तूनख़्वा प्रांत के सूचना मंत्री मियां इफ़्तिख़ार ने चरमपंथियों पर आरोप लगाया है कि जहां एक तरफ सरकार और सुरक्षा बल बाढ़ पीड़ितों के लिए चलाए जा रहे राहत कार्य में व्यस्त थे, वहीं इन लोगों ने इस व्यस्तता का फायदा उठाया.
































