पाकिस्तान में ड्रोन हमला, छह मरे

- Author, हफ़ीज़ चाचड़
- पदनाम, बीबीसी हिंदी संवाददाता, इस्लामाबाद
पाकिस्तान के क़बाईली इलाक़े उत्तरी वज़ीरिस्तान में एक अमरीकी ड्रोन यानि मनवरहित विमान के हमले में 6 लोग मारे गए हैं और दो अन्य घायल हो गए हैं.
पिछले 6 दिनों में अमेरिकी ड्रोन विमानों का यह पाचवाँ हमला है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि मरने वालों में तालिबान के एक वरिष्ठ नेता ज़ाहिद ख़ान भी शामिल हैं.
एक अधिकारी ने बीबीसी को बताया कि अमरीकी ड्रोन विमान के हमले में मरने वालों में विदेशी और स्थानीय तालिबान शामिल हैं.
अधिकारी के अनुसार बुधवार की शाम करीब पाँच बजे उत्तरी वज़ीरिस्तान के इलाक़े मीरान शाह में अमेरिकी ड्रोन विमान ने एक संदिग्ध ठिकाने को निशाना बनाया.
उन्होंने कहा कि ड्रोन विमान ने उस ठिकाने पर दो मिसाइल दाग़े जिससे घर पूरा तरह क्षतिग्रस्त हो गया. इससे पहले इसी इलाक़े में एक बाज़ार को निशाना बनाया गया था जिस में तीन अरब नागरिक मारे गए थे.
अधिकारियों का कहना है कि ड्रोन विमान के ताज़ा हमले में हाफिज़ गुल बहादुर गुट के स्थानीय तालिबान और कुछ विदेशियों को निशाना बनाया गया है.
ड्रोन हमले
लेकिन स्थानीय लोगों का कहना है कि मरने वालों और घायलों के बारे में अभी तक कोई स्पष्ठ जानकारी नहीं है कि वह विदेशी तालिबान हैं या इस इलाक़े के हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि उत्तरी वज़ीरिस्तान के विभिन्न इलाक़ो में पिछले एक हफ्ते से 6 से 8 ड्रोन विमान निचली उड़ाने भर रहे हैं.
लोगों ने कुछ दिन पहले ड्रोन विमानों की उड़ानों के ख़िलाफ विरोध प्रदर्शन भी किया था.
ग़ौरतलब है कि उत्तरी वज़ीरिस्तान तालिबान के वरिष्ठ कमांड़र हाफिज़ गुल बहादुर का गढ़ समझा जाता है और इसी इलाक़े में पिछले कई दिनों से ड्रोन विमानों के हमलों में बढ़ोतरी हुई है.
माना जाता है कि उत्तरी वज़ीरिस्तान के कुछ इलाक़ों में अफग़ानिस्तान के तालिबान कमांडर जलालुद्दीन हक़्क़ानी का मज़बूत नेटवर्क मौजूद है जिस को ड्रोन विमानों के हमले ने काफी नुक़सान पहुँचाया है.
इन हमलों में अधिकतर पंजाबी तालिबान मारे जा चुके हैं.
































