ड्रोन हमले में 40 मारे गए

अमरीकी ड्रोन
इमेज कैप्शन, पाकिस्तान में पिछले एक हफ्ते में ये सांतवां ड्रोन हमला है

पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिम क्षेत्र में अमरीकी ड्रोन हमलों में करीब 40 लोग मारे गए हैं.

अफ़ग़ानिस्तान के तट से जुड़े इस इलाके को तालिबान और अल-क़ायदा का गढ़ माना जाता है.

हांलाकि हमले में मारे जाने वालों की पहचान के बारे में विरोधाभासी ख़बरें आ रही हैं.

पाकिस्तान के ख़ुफिया अधिकारियों के मुताबिक़ इस हमले का निशाना उत्तरी वज़ीरिस्तान के दत्ता खेल ज़िले में मौजूद चरमपंथियों पर था.

लेकिन अन्य ख़बरों के मुताबिक मारे जाने वालों में ज़्यादातर आम नागरिक थे.

स्थानीय अधिकारियों ने बीबीसी को बताया कि ड्रोन विमान ने मिसाइल एक इमारत पर गिराई जहां स्थानीय लोगों की एक बैठक चल रही थी.

‘सबसे घातक हमला’

पाकिस्तान में पिछले एक हफ़्ते में ये सातवां ड्रोन हमला है. बुधवार को एक मिसाइल हमले में दत्ता खेल इलाक़े में पांच संदिग्ध चरमपंथी मारे गए थे.

पाकिस्तान में मौजूद बीबीसी संवाददाता का कहना है कि पिछले कुछ महीनों में ये सबसे घातक ड्रोन हमला है.

अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा के शासन में अमरीकी ड्रोन हमलों में बढ़ोतरी हुई है. पिछले साल पाकिस्तान में 100 से ज़्यादा ड्रोन हमले हुए थे.

पाकिस्तान ड्रोन हमलों को लेकर अमरीका से शिकायत करता रहा है, हांलांकि माना जाता है कि पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसी ऐसे अधिकतर हमलों मे सहयोग देती है.